Bengaluru Road Stunts: बेंगलुरु की सड़कों पर स्टंटबाजों के करनामों से आम राहगीर बेहद परेशान हैं। आए दिन सकड़ों पर बाइक और स्कूटर सवारों के स्टंट करते वीडियो वायरल होते हैं। इन्हें रोकने में बेंगलुरु पुलिस की नाकामी के बाद अब आम जनता स्टंटबाजों को सबक सिखाने के लिए सामने आ रही है।

ऐसे ही एक घटना में स्टंट की घटनाओं से परेशान लोगों ने दो स्कूटर फ्लाईओवर से नीचे फेंक दिए। यह घटना बेंगलुरु के पास नेलामंगला फ्लाईओवर पर 15 अगस्त को हुई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

लोगों की नाराजगी से भाग खड़े हुए स्टंटबाज
बेंगलुरु में कुछ लोग अपने दोपहिया वाहनों पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। इस दौरान, फ्लाईओवर पर चल रहे अन्य वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गुस्साए लोगों ने इन स्टंटबाजों को सबक सिखाने के लिए उनके दो स्कूटरों को फ्लाईओवर से नीचे फेंक दिया, जबकि स्टंट कर रहे लोग मौके से भागने में सफल रहे।

वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने केस दर्ज किए
इस चौंकाने वाली घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने संज्ञान लिया और मामले में कई केस दर्ज किए। पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में 36 लोगों के खिलाफ 34 मामले दर्ज किए हैं, जिनमें स्टंट करने वाले और स्कूटर फेंकने वाले दोनों शामिल हैं।