नितिन गडकरी का बड़ा ऐलान: हादसे में घायल लोगों की मदद करने वालों को मिलेगा ₹25,000 इनाम, जानें क्या है योजना

good samaritan Reward ₹25,000 For Helping accident victims Nitin Gadkari announcement For Road Safety
X
केंद्र सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद करने वालों को अब ₹25,000 तक इनाम देने का ऐलान किया है।
Good Samaritan Reward: केंद्र सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वालों को अब 'गुड समैरिटन' मानते हुए अब ₹25,000 तक इनाम देने का ऐलान किया है। जानें सरकार ने क्यों किया है ऐसा, क्या है ये याेजना।

Good Samaritan Reward: केंद्र सरकार ने सड़क दुर्घटनाओं में मदद करने वालों के लिए बड़ी घोषणा की है। ऐसे लोगों अब ₹25,000 तक का 'गुड समैरिटन इनाम' मिलेगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के दौरान इस योजना का ऐलान किया। पहले यह इनाम केवल ₹5,000 था। सड़क हादसाें में घायल लोगों को मदद के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। योजना का लाभ राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों, जिला, शहर, और यहां तक कि गांवों की सड़कों पर भी हादसे होने के शिकार लोगों की मदद करने वालों को मिलेगा।

घायलों को मिलेगा ₹1.5 लाख तक का कैशलेस इलाज
दुर्घटना पीड़ितों के लिए सरकार ₹1.5 लाख तक की कैशलेस इलाज सुविधा भी प्रदान करेगी। यह सुविधा दुर्घटना के बाद पहले सात दिनों तक उपलब्ध होगी। गडकरी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और कंप्यूटरीकृत होगी ताकि मदद तुरंत मिल सके। यह कदम सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए उठाया गया है।

देश में क्या है गुड समैरिटन कानून?
'गुड समैरिटन' उन लोगों को कहा जाता है, जो बिना किसी इनाम की चाह किए हादसों में घायल हुए लोगों की मदद करते हैं।ऐसे लोगों के लिए देश में पहले से कानून माैजूद हैं। इस कानून के तहत मददगार साबित हुए लोगों को कानूनी परेशानियों से बचाने की गारंटी दी जाती है। यह सुनिश्चित करता है कि लोग कानूनी पचड़ों में फंसने से डरने के बजाय हादसे में शिकार हुए लोगों की मदद करें।

भारत में सड़क दुर्घटनाओं की चिंताजनक स्थिति
भारत में सड़क दुर्घटनाएं एक बड़ी समस्या बनी हुई हैं। 2022 में दिल्ली में सबसे ज्यादा 1,412 मौतें हुईं। आम तौर पर ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाने, रोड रेज और खराब सड़कें की वजह से दुर्घटनाएं होती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 'पीछे से टक्कर', 'हिट-एंड-रन' और 'हेड-ऑन कोलिजन' जैसे हादसों में सबसे ज्यादा मौतें होती हैं। यही वजह है कि सरकार सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए गंभीर है। इस बात को ध्यान में रखते हुए कई घोषणाएं की जा रही हैं।

गडकरी ने की घायलों की मदद की अपील
कार्यक्रम में केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हादसे में लोगों को बचाने वालों के लिए ₹5,000 की इनाम राशि पर्याप्त नहीं थी, इसलिए इसे बढ़ाकर ₹25,000 किया गया है। गडकरी जनता से अपील की कि वह सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को तुरंत अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने में मदद करें। अभिनेता अनुपम खेर ने भी इस पहल का समर्थन किया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story