Gupta Brothers: उत्तराखंड में 'गुप्ता ब्रदर्स' गिरफ्तार, तीनों भाई कर चुके हैं अरबों का गबन, एक्टिव हुईं दक्षिण अफ्रीकी एजेंसियां, जानें क्यों

Gupta Brothers
X
Gupta Brothers: गुप्ता ब्रदर्स की उत्तराखंड में गिरफ्तारी के बाद दक्षिण अफ्रीका में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मियां।
Gupta Brothers:उत्तराखंड में गुप्ता बंधुओं की गिरफ्तारी के बाद दक्षिण अफ्रीका की एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। तीनों भाई दक्षिण अफ्रीका में अरबों के गबन के आरोपी हैं। जानें इनकी पूरी कुंडली।

Gupta Brothers: उत्तराखंड में गुप्ता बंधुओं की गिरफ्तारी के बाद दक्षिण अफ्रीका की एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। अनिल गुप्ता और अजय गुप्ता को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनकी गिरफ्तारी तब हुई जब राज्य के एक प्रमुख बिल्डर ने अपने सुसाइड नोट में उनका नाम लिया था। इस घटना के बाद दक्षिण अफ्रीका ने भारत सरकार के साथ बातचीत करने की योजना बनाई है। आइए जानते हैं, कौन हैं गुप्ता बंधु, इन पर क्या हैं आरोप और इनकी हेराफेरी की पूरी कुंडली।

कौन हैं गुप्ता बंधु ?, क्या है गुप्ता बंधुओं का दक्षिण अफ्रीका कनेक्शन?
गुप्ता बंधु तीन भाइयों की एक तिगड़ी है। इन तीनों भाइयों में अतुल, अजय और राजेश गुप्ता शामिल हैं। भाइयों की इस तिगड़ी पर दक्षिण अफ्रीका के सरकारी उद्यमों से अरबों की लूट करने का आरोप है। यह तीनों भाई पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी सहयोगी थे और उनके संबंधों के माध्यम से इन पर अरबों रैंड की हेराफेरी करने के आरोप लगे हैं। जैकब जूमा के 2018 में राष्ट्रपति पद से हटने के बाद, ये गुप्ता बंधु अपने परिवार के साथ रातों रात दक्षिण अफ्रीका से दुबई भाग गए थे।

गुप्ता बंधुओं को सरगर्मी से तलाश रही दक्षिण अफ्रीका सरकार
2023 में संयुक्त अरब अमीरात ने राजेश और अतुल के प्रत्यर्पण के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था, जिसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया। दक्षिण अफ्रीका में गुप्ता बंधुओं की संपत्तियों को जब्त कर लिया गया है और वे अपनी संपत्तियों को छुड़ाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका लगातार इन तीनों भाइयों को अपने देश में लाने की कोशिशों में जुटी है। इन तीनों भाइयों काे दक्षिण अफ्रीका वापस लेकर आना, दक्षिण अफ्रीका की सरकार के लिए साख का विषय है।

क्यों हुई है गुप्ता बंधुओं की गिरफ्तारी?
हाल ही में गुप्ता बंधुओं में से दो भाइयों को उत्तराखंड में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, उत्तराखंड के प्रमुख बिल्डर सतिंदर सिंह उर्फ बाबा साहनी ने अपने सुसाइड नोट में अनिल गुप्ता और अजय गुप्ता का नाम लिया था। पुलिस ने दोनों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून की एक अदालत ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जैसे ही यह खबर सामने आई है, दक्षिण अफ्रीका की जांच एजेंसिया एक्टिव हो गई हैं। अचानक इन भाइयों को लेकर दक्षिण अफ्रीका में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई है।

क्या ये वही गुप्ता बंधु हैं जो दक्षिण अफ्रीका से फरार हुए थे?
इस मामले में एक अहम सवाल ये उठ रहा है कि क्या यह वही अजय गुप्ता हैं, जो दक्षिण अफ्रीका से भागे थे। दक्षिण अफ्रीका न्याय विभाग के प्रवक्ता क्रिसपिन फिरी ने बताया कि उनका गिरफ्तारी वारंट राजेश और अतुल गुप्ता के लिए था, लेकिन सत्यापन और संभावित जुड़ाव के लिए औपचारिक प्रक्रियाएं चल रही हैं। अभी तक ना तो भारत सरकार ने और ना ही दक्षिण अफ्रीका सरकार ने इस बात की पुष्टि की है कि जिन दो गुप्ता बंधुओं की उत्तराखंड में गिरफ्तारी हुई है, ये वाकई में वही है जिन्हें दक्षिण अफ्रीका सरकार वॉन्टेड घोषित कर चुकी है।

दक्षिण अफ्रीका की कानून मंत्री भी कर चुकी हैं टिप्पणी
अधिकारियों के अनुसार, अनिल गुप्ता संभवतः उनके जीजा हैं, जिन्होंने उनकी बहन अचला से शादी की है। दक्षिण अफ्रीका में अगले सप्ताह होने वाले आम चुनावों से पहले जोहान्सबर्ग में अफ्रीकी राष्ट्रीय कांग्रेस की एक रैली में न्याय मंत्री रोनाल्ड लामोला ने पुष्टि की कि सरकार को गुप्ता परिवार के सदस्यों की भारत में गिरफ्तारी की जानकारी है, लेकिन यह अभी भी अनिश्चित है कि इनमें से कोई वह सदस्य है, जिसके लिए दक्षिण अफ्रीका ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। ऐसे में जब तक भारत सरकार के बीच सब कुछ क्लियर नहीं होता, गुप्ता बंधुओं को दक्षिण अफ्रीका में प्रत्यर्पित करने को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story