Haryana CM Oath: कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा के नए सीएम के तौर पर शपथ ली। नायब सिंह पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के करीबी माने जाते हैं। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय के पैर छूए।

पांच मंत्रियों ने ली शपथ
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ ही पांच मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें कुंवरपाल सिंह, मूलचंद शर्मा, रणजीत चौटाला, जेपी दलाल और डॉ बनवारी लाल शामिल रहे हैं। यह सभी मनोहरलाल की अगुवाई वाली सरकार के कैबिनेट में भी शामिल रहे हैं। नायब सिंह सैनी के साथ किसी भी उप मुख्यमंत्री ने शपथ नहीं ली।

दुष्यंत चौटाला की पार्टी के चार विधायक रहे मौजूद
नायब सिंह सैनी के शपथ ग्रहण समारोह में JJP के चार विधायक मौजूद रहे। यह पार्टी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बता दें कि हरियाणा विधानसभा में जेजेपी के 10 विधायक हैं। इस बीच यह खबर आ रही है नायब सिंह सैनी काे राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाने से बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनिल विज नाराज हैं। विज शपथ ग्रहण समारोह में भी नजर नहीं आए। 

नायब सिंह सैनी के नए मंत्री: 

  • कंवरपाल गुर्जर:  कंवरपाल हरियाणा के यमुनानगर जिले के रहने वाले है। वह इससे पहले भी शिक्षा मंत्री, वन मंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा वह हरियाणा विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं।

  • मूल चंद शर्मा: हरियाणा के बल्लभगढ़ से बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा खट्टर सरकार में परिवहन और खनन मंत्री रहे हैं। वह लगातार अपनी सीट से दूसरी बार विधायक बने।

  • रणजीत चौटाला: रणजीत सिंह पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के पुत्र और इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के भाई हैं। रणजीत सिंह खट्टर सरकार में ऊर्जा और बिजली मंत्री रहे हैं। रनिया सीट से वह निर्दलीय विधायक हैं। 2019 में उन्होंने अपने पोते दुष्यंत चौटाला के साथ खट्टर सरकार में शामिल हुए थे।

  • जे पी दलाल: हरियाणा के भिवानी से बीजेपी विधायक जय प्रकाश दलाल खट्टर सरकार में 4 मंत्रालय संभाल चुके है। वह लोहारू सीट से विधायक हैं। वह हरियाणा सरकार में कृषि और किसान कल्याण, पशुपालन और डेयरी मत्स्य पालन, कानून और विधायी कैबिनेट मंत्री रहे हैं।

  • डॉ बनवारी लाल: डॉ. बनवारी लाल हरियाणा के बावल से विधायक है। उन्होंने एक बार फिर मंत्री पद की शपथ ली है। हरियाणा सरकार मे अनुसूचित वर्ग के मुख्य चेहरा है। खट्टर सरकार में जन स्वास्थ्य और सहकारिता मंत्री रहे चुके हैं।

JJP से गठबंधन टूटने का असर
इससे पहले मनोहर लाल खट्टर ने अपने पद के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में सैनी के नाम पर सहमति बनी। नायब सिंह पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर के करीबी हैं। कुछ दिनों पहले ही नायब सिंह सैनी को हरियाणा बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। सैनी ने मंगलवार दोपहर सरकार बनाने का दावा पेश किया है। बता दें कि हरियाणा में JJP (जननायक जनता पार्टी) बीजेपी गठबंधन से अलग हो गई है। इसकी वजह से राज्य में नई सरकार और मुख्यमंत्री बनाने की नौबत बनी है।