Logo
Election Results: 2024 के चुनाव में उतरे कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला हो चुका है। कई बड़े नेताओं को रिकॉर्ड जीत मिली तो कई दिग्गज अब घर बैठेंगे। मोदी सरकार के भी 13 मंत्री चुनाव हार गए।

Election Results 2024: लोकसभा चुनाव परिणामों में मोदी सरकार जाते-जाते बची। जबकि कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. ब्लॉक का प्रदर्शन मजबूत हुआ। सारे एग्जिट पोल फेल साबित हुए। हालांकि, अब देश में तीसरी बार लगातार गठबंधन सरकार बननी तय है। बीजेपी की अगुआई वाले एनडीए को 292 सीटें मिली हैं, तो वहीं कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन 234 सीट जीत पाया। लोकसभा की 543 में सीटों में बहुमत का आंकड़ा 272 है और एनडीए सरकार ने यह हासिल कर लिया है। नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। दूसरी ओर, इंडिया ब्लॉक भी आज सरकार गठन पर चर्चा करेगा।

2024 के चुनाव में उतरे कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला जनता ने कर दिया है। कई बड़े नेताओं को रिकॉर्ड जीत मिली तो कई दिग्गज अब घर बैठेंगे। मोदी सरकार के 50 में से 13 मंत्री चुनाव हार गए। आइए जानते हैं, देश की हॉट सीटों पर कौन जीता, कौन हारा?

जो दिग्गज जीते: 

  • नरेंद्र मोदी (वाराणसी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से तीसरी बार लोकसभा चुनाव जीते हैं। उन्होंने कांग्रेस के अजय राय को करीब 1.5 लाख मतों से हराया। हालांकि, पिछले चुनाव से हार-जीत का अंतर घटा है।
  • राहुल गांधी (वायनाड और रायबरेली): कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दूसरी बार केरल की वायनाड और पहली बार यूपी की रायबरेली सीट पर जीत मिली है। दोनों जगहों पर राहुल को रिकॉर्ड वोट मिले। अब उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी।
  • अमित शाह (गांधीनगर): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दूसरी बार गुजरात के गांधीनगर से भारी मतों से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की सोनम पटेल को करीब 8 लाख वोटों से हराया। 
  • राजनाथ सिंह (लखनऊ): केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट से 1 लाख से ज्यादा मतों से जीत गए। पिछले चुनाव में भी यहीं से जीतकर लोकसभा पहुंचे थे।
  • नितिन गडकरी (नागपुर): केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस उम्मीदवार विकास ठाकरे को भारी मतों से हराया।
  • अखिलेश यादव (कन्नौज): यह सीट समाजवादी पार्टी का गढ़ रही है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने निकट प्रतिद्वंदी को 1 लाख से ज्यादा वोट से हराया।
  • शिवराज सिंह चौहान (विदिशा): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह रिकॉर्ड 8 लाख मतों से जीते हैं। शिवराज पहले भी इसी सीट से सांसद चुने गए। 
  • ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना): केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने गढ़ में रिकॉर्ड 4 लाख वोटों से जीत हासिल की। पिछला चुनाव कांग्रेस से लड़ा था, लेकिन हार गए थे। 
  • हेमा मालिनी (मथुरा): बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी उम्मीदवार हेमा मालिनी मथुरा सीट पर 1 लाख से ज्यादा वोट से जीत दर्ज की। वे पिछले चुनाव में भी यहां से विजयी हुई थीं।  
  • कंगना रनौत (मंडी): बॉलीवुड एक्सट्रेस कंगना रनौत बीजेपी के भरोसे पर खरी उतरी हैं। उन्होंने मंडी में पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे बेटे विक्रमादित्य को भारी मतों से हराया। 
  • संबित पात्रा (पुरी): भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ओडिशा की पुरी सीट पर 1 लाख से ज्यादा मतों से जीते हैं। पिछली बार संबित को लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
  • सुप्रिया सुले (बारामती): महाराष्ट्र की इस सीट पर शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने एनसीपी (अजीत पवार) की सुनेत्रा पवार के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। यहां नदद-भौजाई में मुकाबला था।
  • बांसुरी स्वराज (नई दिल्ली): बीजेपी ने दिवंगत नेत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी को नई दिल्ली सीट से उतारा था। बांसुरी ने यहां बड़ी जीत हासिल की। वे पहली बार सांसद चुनी गई हैं।
  • असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद): एआईएडीएमके प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी प्रत्याशी माधवी लता के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की। वे हैदराबाद से कई चुनाव जीत चुके हैं। 
  • अरुण गोविल (मेरठ): बीजेपी ने इस सीट पर रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल को मैदान में उतारा। उन्हें सपा उम्मीदवार सुनीता वर्मा से कड़ी टक्कर मिली। हालांकि, गोविल 10 हजार वोट से जीत गए। 

जो दिग्गज हारे:

  • स्मृति ईरानी (अमेठी): पिछले चुनाव में राहुल गांधी को अमेठी में धूल चटाने वाली केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इस बार खुद उलटफेर का शिकार हो गईं। कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने उन्हें 1 लाख से ज्यादा मतों से हराया।
  • नकुलनाथ (छिंदवाड़ा): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हाथ से छिंदवाड़ा सीट फिसल गई। नकुलनाथ बीजेपी प्रत्याशी बंटी साहू से पिछड़ गए। यहां की सभी विधानसभाओं में भाजपा आगे बनी रही। 
  • मेनका गांधी (सुल्तानपुर): गांधी परिवार की बहू और बीजेपी नेत्री मेनका गांधी सुल्तानपुर से 9 बार सांसद रह चुकी हैं। लेकिन इस बार उन्हें करारी हार मिली। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी ने उन्हें 43 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी।
  • दिग्विजय सिंह (राजगढ़): मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ से करीब 1.5 लाख वोटों से चुनाव हार गए। यह उनका आखिरी चुनाव था, उन्हें मौजूदा बीजेपी सांसद रोडमल नागर से कड़ी टक्कर मिली।  
  • उमर अब्दुल्ला (बारामूला): जम्मू-कश्मीर में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। पूर्व सीएम और नेशनल कांग्रेस नेता उमर अब्दुल्ला चुनाव हार गए। उनके खिलाफ निर्दलीय अब्दुल राशिद शेख ने 2 लाख मतों से जीत दर्ज की।
  • राजीव चंद्रशेखर (तिरुवनंतपुरम): केरल की इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के दिग्गजों के बीच कांटे की टक्कर रही। मोदी सरकार में राज्यमंत्री चंद्रशेखर भार्गव हार गए। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने करीब 16 हजार मतों से जीत दर्ज की।
  • अधीर रंजन चौधरी (बहरामपुर): पश्चिम बंगाल की इस सीट पर टीएमसी प्रत्याशी और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ने बाजी मारी। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को 40 हजार से ज्यादा वोट हराया।    
  • भूपेश बघेल (राजनांदगांव): छत्तीसगढ़ की यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए प्रतिष्ठा का सवाल थी, लेकिन बीजेपी प्रत्याशी संतोष साहू से उन्हें 1 लाख से ज्यादा वोटों से हरा दिया।
  • प्रज्जवल रेवन्ना (हासन): कर्नाटक की इस सीट पर जेडीएस ने पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते प्रज्जवल रेवन्ना को उतारा था। वे हाल में सेक्स स्कैंडल में फंसे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार ने 45 हजार वोटों से हराया। 
  • अजुर्न मुंडा (खूंटी): मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा झारखंड की खूटीं सीट से चुनाव हार गए। उन्हें कांग्रेस के काली चरण मुंडा ने करीब 2 लाख वोटों से शिकस्त दी है।
5379487