Aaj ka Mausam: UP, छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानिए अपने प्रदेश का मौसम

Aaj ka Mausam
X
Aaj ka Mausam
Aaj ka Mausam: देश में आज का मौसम (रविवार, 23 मार्च) को कैसा रहेगा? उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बंगाल, गुजरात सहित 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट है।

Aaj ka Mausam: देश में आज का मौसम (रविवार, 23 मार्च) को कैसा रहेगा? उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बंगाल, गुजरात सहित 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। मध्यप्रदेश, राजस्थान में अगले 3 दिन गर्मी के पारे में बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में सूरज के तेवर तीखे हैं। पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी है। हरियाणा में तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। आइए जानते हैं कि देशभर के मौसम को लेकर IMD की रिपोर्ट क्या कहती है?

उत्तर प्रदेश: 13 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में रविवार(23 मार्च) को बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, बदायूं, मैनपुरी, फिरोजबाद, कन्नौज, फर्रूखाबाद, इटावा, औरैया और हरदोई में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में यूपी का प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान कानपुर का रहा। जिसका न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

MP में कल से बढ़ेगा गर्मी का पारा
मध्यप्रदेश में रविवार (23 मार्च) को ओले-बारिश और आंधी का दौर थम जाएगा। 23 मार्च को मौसम साफ रहेगा। कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25-26 मार्च से प्रदेश में नए सिस्टम का असर देखने को मिलेगा। 27 से 31 मार्च के बीच प्रदेश में फिर से गर्मी का असर देखने को मिलेगा। कुछ इलाकों में लू भी चल सकती है। कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

इसे भी पढ़ें: MP Weather: मध्यप्रदेश में नया सिस्टम एक्टिव, बढ़ेगा तापमान; लू चलने के आसार

ओडिशा में बिजली और ओले की संभावना
ओडिशा में बीते 24 घंटे में कई जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरी। गाज गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। 67 अन्य घायल हो गए और 600 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए। मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटों में जगतसिंहपुर, कटक, ढेंकनाल, अंगुल, देवगढ़ और सुंदरगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ बिजली और ओले गिरने की संभावना है।

इन राज्यों में IMD का अलर्ट
IMD ने रविवार (23 मार्च) को कई राज्यों में बारिश का अलर्ट (Rain Alert) जारी किया है। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक और केरल में भारी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में आंधी तूफान के साथ मेघ गर्जन की भी संभावना है। दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे में भारी बारिश हो सकती है। कुछ राज्यों में ओले भी गिर सकते हैं। बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

बिहार के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट
बिहार में कई दिनों से मौसम बदलाव है। मौसम विभाग ने रविवार को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। सोमवार से प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तेज धूप देखने को मिलेगी। जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का असर बढ़ेगा।

झारखंड के इन जिलों में बारिश की संभावना
झारखंड में ओलावृष्टि और बारिश का मौसम है। मौसम विभाग ने रविवार को संथाल परगना के 6 जिले और कोल्हान प्रमंडल के 4 जिलों में वज्रपात और 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने संभावना जताई है। राज्य के अन्य हिस्से में हल्की बारिश होगी। दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कोल्हान और संथाल परगना को छोड़ कर अन्य जिलों में हल्की बारिश के बाद आसमान साफ हो जाएगा। अगले दो दिनों में फिर से गर्मी बढ़ेगी। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है।

हरियाणा में मौसम साफ
हरियाणा में फिर मौसम बदला। तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 मार्च तक मौसम साफ रहेगा। कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 22 मार्च को हरियाणा में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। जहां अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में गर्मी
पंजाब के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान बढ़ रहा है। दिन में धूप है। गर्मी का एहसास हो रहा है। ज्यादातर शहरों में तापमान 29 डिग्री से 33 डिग्री के बीच बना हुआ है। 24 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर पश्चिमी हिमाचल क्षेत्र पर पड़ेगा। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है, जबकि सामान्य तापमान 2.4 डिग्री रहा है। सबसे अधिक तापमान 33.1 डिग्री बठिंडा में दर्ज किया गया है।

हिमाचल में 26 और 27 को बारिश और बर्फबारी की संभावना
हिमाचल प्रदेश में गर्मी बढ़ने वाली है। अगले तीन दिन मौसम साफ रहेगा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 26 और 27 मार्च को मौसम में बदलाव आ सकता है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

छत्तीसगढ़ में बारिश
छत्तीसगढ़ के बस्तर और रायपुर संभाग में रविवार को गरज चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले 24 घंटे में रायगढ़ के कापू में सबसे ज्यादा 51.5 मिली मीटर बारिश हुई, जबकि पिछले 3 दिन में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हुई। मौसम विभाग के मुताबिक अब वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर कम होने लगा है। अगले 24 घंटे प्रदेश का अधिकतम तापमान स्थिर रहेगा। अगले 4 दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में दिन के तापमान में 5-6 डिग्री की बढ़ोतरी होगी।

इसे भी पढ़ें: Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का टॉर्चर शुरू, IMD ने किया अलर्ट

दिल्ली में गर्मी का प्रकोप
दिल्ली में गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दोपहर के समय तेज धूप होगी, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग की तरफ से जानकारी दी गई है कि दिल्ली के लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को पीक ऑवर्स में धूप में निकलने से बचना चाहिए।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story