Aaj ka Mausam: जम्मू काश्मीर, हिमाचल सहित 20 से ज्यादा राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए अपने प्रदेश का मौसम

Aaj ka Mausam
X
Aaj ka Mausam
देश (India) में आज का मौसम (सोमवार, 21 अप्रैल) को कैसा रहेगा? मौसम विभाग ने जम्मू काश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बंगाल, ओडिशा सहित 20 से ज्यादा प्रदेशों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Aaj ka Mausam: देश (India) में आज का मौसम (सोमवार, 21 अप्रैल) को कैसा रहेगा? मौसम विभाग ने जम्मू काश्मीर, हिमाचल प्रदेश, बंगाल, ओडिशा सहित 20 से ज्यादा प्रदेशों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में तेज हवा चल सकती है। जम्मू में बादल फटने की वजह से कश्मीर घाटी के स्कूल एक दिन के लिए बंद रहेंगे। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान में भीषण गर्मी है। कई जिलों में लू चलेगी। उत्तर प्रदेश में गर्मी-बारिश का मिलाजुला असर है। दिल्ली में गर्मी से थोड़ी राहत रहेगी। आइए जानते हैं कि देशभर के मौसम को लेकर IMD की रिपोर्ट क्या कहती है?

जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से तबाही
जम्मू-कश्मीर में बादल फटने, ओलावृष्टि, तूफान और बाढ़ से भारी तबाही मची है। प्राकृतिक आपदा से सबसे ज्यादा नुकसान रामबन में हुआ है। खराब मौसम की वजह से रविवार को राहत एवं बचाव कार्य रोकना पड़ा था। सोमवार को राहत एवं बचाव कार्य फिर शुरू किया जा रहा है। सेना जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग खोलने के प्रयास कर रही है। लोगों का कहना है कि भूस्खलन और बाढ़ से उनकी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

इन राज्यों में ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने सोमवार (21 अप्रैल) को लद्दाख, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा, सिक्किम, महाराष्ट्र, गोवा, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तलंगाना, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आंधी-बारिश का अलर्ट है। महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान में भीषण गर्मी है। सोमवार को लू चलेगी।

दिल्ली में आज गर्मी से राहत, बारिश का अनुमान
दिल्ली में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने मौसम पूर्वानुमान में बताया है कि दिल्ली में आसमान में बादल कड़केंगे और धूल भरी आंधी आएगी। इसके साथ ही बिजली कड़कने और अच्छी-खासी बारिश की भी संभावना है। आईएमडी ने सोमवार, 21 अप्रैल को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट
राजस्थान में गर्मी का कहर है। चूरू में अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा में अधिकतम तापमान 42.1, टोंक में 41.9, श्रीगंगानगर में 41.2, अलवर में 40.6, पिलानी, धौलपुर में 41.7, बीकानेर में 40.4, फलोदी में 40.6 और बाड़मेर में 40.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, 21, 22 अप्रैल को भी तेज गर्मी से थोड़ी राहत रहने की उम्मीद है। 23-24 अप्रैल को कुछ जिलों में हीटवेव चलने की आशंका है।

महाराष्ट्र में भीषण गर्मी से जलसंकट
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी है। तापतान में बढ़ोतरी हो रही है। जलस्तर नीचे चला गया है। लोग पानी के संकट से जूझ रहे हैं। नासिक के बोरीचिवारी गांव में महिलाएं जान पर खेलकर कुएं में उतरकर पीने का पानी भरने को मजबूर हैं। देखिए वीडियो।

एमपी में भीषण गर्मी, 10 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट
मध्यप्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर-चंबल सहित सभी शहरों में गर्मी बढ़ गई है। सीधी में पारा 44 डिग्री के पार पहुंच गया। 40 शहरों में तापमान 40 डिग्री या इससे अधिक रहा। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में आसमान साफ होने का अनुमान जताया है। इससे पूरे प्रदेश में गर्मी का असर बढ़ा रहेगा। राजस्थान से जुड़े जिलों में गर्म हवाएं भी चल सकती है। हालांकि, मंगलवार से 10 से ज्यादा जिलों में लू का अलर्ट भी है।

यूपी में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में गर्मी और बारिश का मिलाजुला असर है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में तेज हवा के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। 10 से अधिक जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।

बिहार के छह जिलों में बारिश की संभावना
बिहार के किशनगंज, पूर्णिया समेत 6 जिलों में सोमवार को बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 21 अप्रैल के बाद अगले चार दिनों तक प्रदेश में अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में गर्म हवा भी चलेगी। उत्तर-पूर्वी बिहार के कुछ जिलों में अभी गर्मी से राहत मिलेगी।

झारखंड और हरियाणा में ऐसा रहेगा मौसम
झारखंड में सोमवार से मौसम में परिवर्तन फिर से शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश का दौर फिलहाल रुक गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से आसमान मुख्यत साफ और मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम ऐसा ही हाल 24 अप्रैल तक रहेगा। हरियाणा में सोमवार को मौसम साफ रहेगा। 22 अप्रैल से मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी होगी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहा।

पंजाब में बढ़ेगा पारा
पंजाब में पश्चिम विक्षोभ का असर अब खत्म हो गया है। तापमान दोबारा से बढ़ना शुरू हो गया है। 48 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

हिमाचल प्रदेश में बारिश

हिमाचल प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने भारी बारिश, ओलावृष्टि और तूफान चलने का रेड अलर्ट जारी किया। यह चेतावनी चंबा, कांगड़ा, शिमला, सोलन, हमीरपुर और बिलासपुर जिला को दी गई है। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी तूफान चल सकता है। इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।

WhatsApp Button व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ें WhatsApp Logo
Next Story