Logo
Karanataka Hubballi Babri Masjid Demoiltion Riots: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 16वीं सदी की मस्जिद बाबरी मस्जिद को 6 दिसंबर 1992 को दक्षिणपंथी हिंदू कार्यकर्ताओं द्वारा ध्वस्त कर दिया गया था। यह स्थान भगवान राम का जन्मस्थान है।

Karanataka Hubballi Babri Masjid Demoiltion Riots: अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान राम के भव्य मंदिर का उद्घाटन होगा। इससे पहले कर्नाटक में एक कारसेवक की गिरफ्तारी को लेकर विवाद शुरू हो गया है। 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद जब हुबली में दंगे हुए तो आरोपी कारसेवक पुजारी 20 साल का था। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस कार्रवाई के खिलाफ भाजपा ने कर्नाटक सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार कारसेवक को जानबूझकर परेशान कर रही है। भाजपा ने तीन जनवरी को बेंगलुरु में इस गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है। 

31 साल बाद गिरफ्तार कारसेवक
दरअसल, बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद कर्नाटक के हुबली में प्रदर्शन हुए थे। हिंसा फैल गई थी। इस हिंसा में 50 साल के कारसेवक श्रीकांत पुजारी को आरोपी बनाया गया था। अब उसे 31 साल बाद गिरफ्तार किया गया है। हुबली-धारवाड़ की पुलिस कमिश्नर रेणुका सुकुमार ने कहा कि कई मामलों में, आरोपी फरार हो जाते हैं। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। 1992 में हुए दंगे के एक मामले में श्रीकांत को पकड़ा गया है। 

16वीं सदी में बनी थी बाबरी मस्जिद
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 16वीं सदी की मस्जिद बाबरी मस्जिद को 6 दिसंबर 1992 को दक्षिणपंथी हिंदू कार्यकर्ताओं द्वारा ध्वस्त कर दिया गया था। यह स्थान हिंदू धर्म के एक प्रमुख देवता भगवान राम का जन्मस्थान है। इस केस में लालकृष्ण आडवाणी समेत 31 नेता आरोपी बनाए गए थे। हालांकि बाद में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सभी आरोपियों को बरी कर दिया था। 

वहीं, बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद विवादित स्थल के स्वामित्व को लेकर लंबी कानूनी लड़ाई चली। नवंबर 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विवाद खत्म हो गया। राम मंदिर के निर्माण के लिए भूमि आवंटित की गई। साथ ही मस्जिद निर्माण के लिए एक वैकल्पिक भूखंड भी प्रदान किया गया। 

प्रह्लाद जोशी बोले- कांग्रेस नहीं चाहती थी कि राम मंदिर हो
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी का कहना है कि कांग्रेस पार्टी देश और राज्य में भ्रमित है। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि राम मंदिर हो। वे अब परेशान और चिंतित हैं। उन्होंने राम मंदिर का विरोध किया। वहीं, कारसेवक की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि जब लोग किसी बात से सहमत नहीं होते हैं, तो वे पुराने मामले खोलते हैं। अब वे पुराने मामले खोल रहे हैं और लोगों को गिरफ्तार कर रहे हैं। उस व्यक्ति को नफरत के कारण गिरफ्तार किया गया था। हम हुबली मुद्दे पर कानूनी, राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले- हिंदू विरोधी सिद्धारमैया सरकार
कर्नाटक भाजपा प्रमुख बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि कर्नाटक सरकार बार-बार साबित कर रही है कि वह एक हिंदू विरोधी सरकार है। कल हुबली में, उन्होंने 31 साल पुराने मामले को फिर से खोला और हिंदू कार्यकर्ता श्रीकांत पुजारी को गिरफ्तार कर लिया गया, हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं। हम हिंदू विरोधी सरकार, हिंदू विरोधी सिद्धारमैया के खिलाफ कल पूरे राज्य में मुख्य रूप से फ्रीडम पार्क में एक विशाल विरोध प्रदर्शन का आह्वान कर रहे हैं। 

5379487