Kolkata Rape Murder CCTV: कोलकाता के जूनियर डॉक्टर रेप और मर्डर केस में जांचकर्ताओं ने आरोपी संजय रॉय की सीसीटीवी तस्वीर जारी की है। फुटेज में संजय रॉय को आधी रात के बाद अस्पताल में प्रवेश करते हुए देखा गया है। उसके गले में ब्लूटूथ इयरफोन लिपटा हुआ है। पुलिस ने घटना स्थल से ब्लूटूथ इयरफोन भी बरामद किया था, जो अब इस फुटेज से मेल खाता है।

संजय रॉय ने सीसीटीवी दिखाए जाने के बाद कबूला अपराध
संजय रॉय को सीसीटीवी फुटेज दिखाए जाने के बाद उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है। 1.03 बजे रात को अस्पताल में प्रवेश करते हुए उन्हें सीसीटीवी में कैद किया गया था। पुलिस के अनुसार, इस रात संजय रॉय ने कोलकाता के दो कोठों का भी दौरा किया था और शराब पी थी। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचा, जहां उसे सेमिनार हॉल में प्रवेश करते और निकलते हुए देखा गया।

आरोपी की पहचान से देशभर में नाराजगी बढ़ी
कोलकाता में जूनियर डॉक्टर का रेप और मर्डर के मामले से देशभर में नाराजगी है। कोलकाता में विरोध प्रदर्शन और भी तेज हो गए हैं। खासतौर पर जूनियर डॉक्टरों ने इस घटना के खिलाफ जोरदार विरोध किया है। लोग न्याय की मांग कर रहे हैं और आरोपी को कड़ी सजा देने की बात कह रहे हैं। इस बीच आरजी कर मेडिकल कॉलेज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सीआईएसएफ को तैनात किया गया है। सुरक्षा बढ़ने के बाद कुछ छात्राएं वापस लौट आई हैं। वहीं, कुछ छात्राएं अब भी नहीं आई हैं। 

कोर्ट ने संजय रॉय पर पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति दी
कोलकाता की एक विशेष अदालत ने आरोपी संजय रॉय पर पॉलीग्राफ टेस्ट की अनुमति दे दी है। अदालत ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष और चार अन्य डॉक्टरों पर भी लाई-डिटेक्शन टेस्ट की मंजूरी दी है। शनिवार सुबह सीबीआई ने संजय रॉय समेत सात आरोपियों की पॉलीग्राफ टेस्ट शुरू कर दी है। इस टेस्ट में मशीन के जरिएअलग अलग पैरामीटर्स के आधार पर आरोपियों के सच या झूठ बोलने की जांच की जाती है।