Logo
Lok Sabha Election Results Counting 2024 LIVE Update: देश में लोकसभा चुनाव कुल 7 चरणों में 19 अप्रैल से 1 जून के बीच हुए थे। गुजरात की सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध जीत चुके हैं। पल-पल की अपडेट और सटीक आंकड़े जानने के लिए जुड़े रहिए हरिभूमि से...

Lok Sabha Election Results Counting 2024 LIVE Update: लोकसभा की 543 में से 542 सीटों पर काउंटिंग आज, 4 जून की सुबह 8 बजे से जारी है। काउंटिंग की शुरुआत पोस्टल बैलट से हुई, इसके बाद EVM के वोट गिने गए। रुझानों में भाजपा बहुमत से काफी दूर है। रुझानों में NDA 292 और I.N.D.I.A. 233 सीटों पर आगे है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पश्चिम बंगाल में NDA को नुकसान दिख रहा है। उसे पिछले चुनाव से 60 से ज्यादा सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। 2019 में पार्टी को 303 सीटें मिली थीं। हालांकि, NDA की सरकार बनती दिख रही है।

पीएम मोदी बोले- आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत
एनडीए की जीत पर भाजपा मुख्यालय में जश्न मनाया गया। पीएम मोदी ने भारत माता की जय... जय जगन्नाथ... के उद्बोधन के साथ अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा कि आपका स्नेह और प्यार, इस आशीर्वाद के लिए मैं सभी देशवासियों की कर्जदार हूं। आज बड़ा मंगल है और इस पावन दिन एनडीए की लगातार तीसरा बार सरकार बननी तय है। हम सभी जनता के बहुत आभारी हैं। देशवासियों ने भाजपा पर, एनडीए पर, पूर्ण विश्वास जताया है। आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है, ये भारत के संविधान पर अटूट विश्वास की जीत है। ये सबका साथ सबका विकास की जीत है। 140 करोड़ भारतीयों की जीत है। देश के चुनाव आयोग का भी अभिनंदन करूंगा। आयोग ने 100 करोड़ मतदाताओं, 55 लाख वोटिंग मशीनें, डेढ़ करोड़ मतदान केंद्र , सभी कर्मियों ने इतन गर्मी में अपने कर्तव्य भाव का शानदार परिचय दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर

राहुल गांधी ने सरकार बनाने के दावों को नहीं किया खारिज
नतीजों को लेकर कांग्रेस ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम विनम्रता के साथ जनमत का समर्थन करते हैं। सत्ताधारी दल भाजपा ने धर्म के आधार पर वोट मांगा। ये जनमत मोदी जी के खिलाफ है। ये उनकी बहुत बड़ी हार है और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। 

उधर, राहुल गांधी ने कहा कि ये लड़ाई संविधान को बचाने की थी। मैं सच बताऊं तो मेरे माडंड में था कि जब हमारा अकाउंड सीज किया, सीएम को जेल में डाला तब मेरे माडंट में था, जनता संविधान बचाने लड़ेगी। उन्होंने कहा कि देश मोदी-शाह को नहीं चाहता। जनता से, इंडिया गठबंधन के पार्टनर को और अपने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करना चाहता हूं। आपने संविधान बचाने का सबसे बड़ा कदम ले लिया है। हमने हिंदुस्तान को नया विजन दिया। उन्होंने यूपी चुनाव के अप्रत्याशित नतीजों के लिए बहन प्रियंका गांधी को धन्यवाद दिया। इस दौरान राहुल गांधी ने सरकार बनाने के दावों को खारिज भी नहीं किया। यहां पढ़ें पूरी खबर

नतीजे/रूझान  N.D.A I.N.D.I.A अन्य
01/
543
292 233 18

Live Update...
  • जेपी नड्डा ने कहा कि ओडिशा में पहली बार बीजेपी सरकार बनी है। आंध्र प्रदेश में NDA सरकार बनी है। केरल में पहली बार कमल खिला है। मोदी 3.0 में भारत तीसरी अर्थव्यवस्था बनेगा। 
  • भाजपा मुख्यालय में जश्न शुरू हो गया है। पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पहुंचे हैं। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। 

  • पीएम मोदी ने बुधवार, 5 जून की सुबह साढ़े 11 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। बैठक के बाद पीएम मोदी राष्ट्रपति भवन जाएंगे। इस्तीफा देने के बाद नई सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। 
  • राष्ट्रपति भवन ने प्रेस रिलीज जारी किया है। नए मंत्रिमंडल की सेरेमनी के लिए 5 से 9 जून तक राष्ट्रपति भवन (सर्किट-1) आम लोगों के लिए बंद कर दिया है। 
  • पीएम मोदी ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में एनडीए की जीत पर गठबंधन के साथियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। 
  • लोकसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद पीएम मोदी की पहली प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने X पोस्ट में लिखा- देश की जनता-जनार्दन ने एनडीए पर लगातार तीसरी बार अपना विश्वास जताया है। भारत के इतिहास में ये एक अभूतपूर्व पल है। मैं इस स्नेह और आशीर्वाद के लिए अपने परिवारजनों को नमन करता हूं। मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम नई ऊर्जा, नई उमंग, नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे। सभी कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण भाव से अथक मेहनत की है, मैं इसके लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, अभिनंदन करता हूं।

  • भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा सांसद तेजस्वी सूर्या कर्नाटक बैंगलोर दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से विजयी हुए।
  • अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा 1.67 लाख वोटों से चुनाव जीत गए हैं। स्मृति ईरानी ने उन्हें जीत की बधाई दी है। 

  • हैदराबाद से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी जीत गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने मजलिस को पांचवीं बार सफलता दिलाई है।
  • बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा सीएम नीतीश कुमार के आवास पर पहुंचे।
  • तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा- ये अत्याचार की हार है। नरेंद्र मोदी की विश्वसनीयता घटी है। भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं से आजादी छीन रही थी। आज भी जीतने के बाद हमारे कई प्रत्याशियों को सर्टिफिकेट नहीं दिए गए। मोदी जी को अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं हुआ। मोदी का अहंकार चकनाचूर हुआ। हमें कई बार कम आंका जाता है।
  • केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार जी किशन रेड्डी सिकंदराबाद लोकसभा क्षेत्र से जीते।
  • कांग्रेस नेता शशि थरूर तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से जीते।

  • वाराणसी में पीएम मोदी जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को 1.50 लाख से ज्यादा वोटों से हराया है। मोदी यहां से लगातार तीसरी बार सांसद होंगे।
  • अयोध्या में बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह हारे। सपा के अवधेश प्रसाद 31800 से विजयी। 
  • मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 8 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल कर ली है। चौहान ने कहा कि लोग मेरे लिए भगवान हैं और उनकी सेवा करना 'पूजा' के समान है। मैं जब तक जीवित हूं लोगों की सेवा करता रहूंगा। यह पीएम मोदी के प्रति लोगों की प्रशंसा और विश्वास की अभिव्यक्ति है। बीजेपी एमपी की सभी 29 सीटें जीत रही है और तीसरी बार एनडीए 300 सीटों को पार कर रहा है। 

  • फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद आगे चल रहे हैं। यहां भाजपा उम्मीदवार लल्लू सिंह पीछे चल रहे हैं। 
  • बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के संस्थापक जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से जीत गए।

  • लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान ने कहा कि हमने 5 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जीत हासिल की। ​​केंद्रीय गृह मंत्री ने पार्टी के प्रदर्शन पर मुझे बधाई दी और कल एनडीए की बैठक के बारे में भी बताया। हम इस बैठक में हिस्सा लेंगे। इस प्रदर्शन का श्रेय हमारे प्रधानमंत्री को जाता है।
  • कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बसवराज बोम्मई हावेरी लोकसभा सीट से जीते।
  • अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा भाजपा नेता स्मृति ईरानी से आगे चल रहे हैं, उन्होंने कहा कि यह गांधी परिवार और अमेठी के लोगों की जीत है।

  • गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड‍्डा के आवास पर पहुंचे।
  • शरद पवार ने साफ किया है उनकी न तो चंद्रबाबू नायडू से बात हुई न ही नीतीश कुमार से बात हुई है। 
  • भाजपा के तीन कैंडिडेट जीत चुके हैं। 237 सीटों पर लीड बनाए हुए है। इस बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ एक्टिव हो गया है।

  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास पर भाजपा नेताओं की बैठक शुरू हो गई है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और पार्टी नेता आशीष शेलार, प्रवीण दारेककर और राहुल नार्वेकर बैठक के लिए पहुंच चुके हैं।
  • दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात में भाजपा क्लीन स्वीप कर रही है। भाजपा का वोट प्रतिशत 2014 और 2019 की तरह स्थिर है। 
  • कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अमेठी में कांग्रेस की बढ़त पर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था, मुझे शुरू से यकीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई। 

  • हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर के समर्थकों ने हमीरपुर में पार्टी कार्यालय के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया है। ठाकुर 1,73,461 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। 

  • जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने साफ किया है कि उनकी पार्टी एनडीए का ही हिस्सा रहेगा। उनकी किसी से भी बात नहीं हुई है। हालांकि खबर है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी नीतीश कुमार से मिलने के लिए उनके आवास पहुंचे थे। लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई है।  

  • जयपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मंजू शर्मा जीतीं। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह खाचरियावास को 3,31,767 मतों के अंतर से हराया।

  • जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है। शरद पवार ने बिहार के सीएम और जदयू चीफ नीतीश कुमार से फोन पर बात की है। उधर, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने चंद्रबाबू नायडू से बात की है। 
  • जम्मू-कश्मीर में बारामूला से उम्मीदवार उमर अब्दुल्ला ने हार स्वीकार कर ली है। यहां उनका मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार अब्दुल राशिद शेख से थी। शेख 1 लाख 34 हजार से अधिक वोटों से आगे हैं। 

  • एनडीए और INDIA गठबंधन में हलचल तेज हो गई है। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने चंद्रबाबू नायडू से बात की है। आंध्र प्रदेश में एनडीए गठबंधन की जीत हो रही है। चंद्रबाबू नायडू को एनडीए का संयोजक बनाया जा सकता है। 

  • दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल है। आधिकारिक चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, कांग्रेस 95 सीटों पर आगे चल रही है और इंडिया ब्लॉक 200 सीटों को पार कर गया है।

  • जालंधर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने जीत दर्ज कर ली है। 
  • बेरहरामपुर (पश्चिम बंगाल) से कांग्रेस सांसद और उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी 9199 वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां टीएमसी उम्मीदवार यूसुफ पठान आगे चल रहे हैं। मतगणना जारी है।
  • तमिलनाडु की कोयंबटूर लोकसभा सीट से डीएमके उम्मीदवार गणपति राजकुमार पी 7,400 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। भाजपा उम्मीदवार के अन्नामलाई पीछे चल रहे हैं।

  • अमेठी में स्मृति ईरानी 47424 वोटों से पीछे चल रही हैं। कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा को डेढ़ लाख से ज्यादा वोट मिले हैं।
  • त्रिपुरा पश्चिम में भाजपा उम्मीदवार और पूर्व सीएम बिपल्व कुमार देब ने जीत दर्ज की। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार आशीष कुमार साहा से था। भाजपा ने मौजूदा सांसद प्रतिमा भौमिक का टिकट काटकर बिप्लव कुमार को उतारा था। 
  • गांधीनगर सीट से गृह मंत्री अमित शाह 5 लाख वोटों से आगे चल रहे हैं। कसाब को फांसी की सजा दिलाने वाले वकील उज्जवल निकम मुंबई नॉर्थ सीट से 36 हजार वोटों से आगे हैं। 
  • चुनाव आयोग ने सभी 543 सीटों के शुरुआती रुझान जारी किए। बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए 293 सीटों पर आगे चल रही है। इंडिया गठबंधन 228 सीटों पर आगे चल रहा है। 

  • केरल में तिरुवनंतपुरम और त्रिशूर की सीट पर भाजपा आगे चल रही है। यदि ये आंकड़े जीत में बदले तो आजादी के बाद पहली बार भाजपा का यहां खाता खुलेगा।
  • शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि अगर कांग्रेस 100 लोकसभा सीटों का आंकड़ा पार कर जाती है, तो INDIA गठबंधन सत्ता में आएगा। कांग्रेस पार्टी 150 लोकसभा सीटों के आंकड़े तक भी पहुंच सकती है। अगर कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती है तो प्रधानमंत्री कांग्रेस पार्टी से होगा। यह देश की इच्छा है कि राहुल गांधी देश का नेतृत्व करें। 

  • यूपी में मोदी सरकार के 6 मंत्री पीछे चल रहे हैं। अमेठी से स्मृति ईरानी, मोहनलालगंज से कौशल किशोर, लखीमपुर खीरी से अजय मिश्रा टेनी, चंदौली से महेंद्र नाथ पांडेय, मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल, मुजफ्फरनगर से संजीव बालियान पीछे हैं। 
  • कन्नौज में अखिलेश यादव 41 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। रामपुर में सपा 30 हजार वोटों से आगे चल रही है। 
  • चुनाव आयोग ने 539 सीटों के शुरुआती रुझान जारी किए हैं। भाजपा 237 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 97 सीटों पर आगे चल रही है, समाजवादी पार्टी 34 सीटों पर आगे चल रही है। 

  • मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और विदिशा से भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान 1,88,350 वोटों से आगे चल रहे हैं।
  • असम के डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक अलगाववादी अमृतपाल सिंह खडूर साहिब सीट से 50,000 से अधिक वोटों से आगे चल रहे। 
  • कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली में खान मार्केट स्थित पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के आवास पर पहुंचे।

  • महाराष्ट्र की सभी 48 सीटों के रुझान आ गए हैं। भाजपा 13, कांग्रेस 9, शिवसेना (शिंदे गुट) 9, शिवसेना (यूबीटी) 7, एनपीपी (शरद पवार) 7 और अन्य 2 सीटों पर आगे हैं। अमरावती में नवनीत राणा पीछे चल रही हैं। 
  • अयोध्या में भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह को सपा उम्मीदवार अवधेश प्रसाद से कड़ी टक्कर मिल रही है। लल्लू सिंह 754 वोट से आगे चल रहे हैं। 
  • वाराणसी में पीएम मोदी 436 वोटों से आगे हो गए हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के अजय राय से है। शुरुआत में अजय राय आगे चल रहे थे।
  • कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ये रुझान बताते हैं कि वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी पूर्व प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। यह उनकी नैतिक और राजनीतिक हार है। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री अपने ही निर्वाचन क्षेत्र से पीछे चल रहे हों। वाराणसी के रुझान तो बस ट्रेलर हैं। 
  • चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, 406 सीटों के शुरुआती रुझानों के अनुसार भाजपा 194 सीटों पर आगे चल रही है, कांग्रेस 76 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी 30 सीटों पर आगे चल रही है। 

  • पीएम मोदी वाराणसी सीट से 6 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। मोदी को अब तक 5257 वोट हासिल हुए हैं। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय को 11 हजार से अधिक वोट मिल चुके हैं। 
  • शेयर बाजार में भारी गिरावट हुई है। शेयर बाजार -1300 पॉइंट गिर गया है। 

  • मेरठ से अरुण गोविल, मंडी सीट से कंगना रनौत, सिवान से शहाबुद्दीन की पत्नी हिना शहाब आगे चल रही हैं। 
  • तेलंगाना में कांग्रेस 9 और भाजपा 7 सीटों पर आगे चल रही है। कर्नाटक में एनडीए 17 सीटों पर और कांग्रेस 8 सीटों पर आगे चल रही है।

  • पटना साहिब से पूर्व मंत्री और भाजपा उम्मीदवार रविशंकर प्रसाद आगे चल रहे हैं। दिल्ली में सभी 7 सीटों पर भाजपा आगे चल रही है। 
  • उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटों में से 37 पर एनडीए तो 16 सीटों पर इंडिया गठबंधन आगे चल रहा है।
  • पीएम मोदी वाराणसी सीट से आगे चल रहे हैं। मध्य प्रदेश में पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा सीट से पीछे चल रहे हैं। विवेक साहू आगे चल रहे हैं। 
  • राजस्थान में 25 सीटों पर काउंटिंग हो रही है। यहां भाजपा 14 तो कांग्रेस 3 सीटों पर आगे चल रही है। 
  • कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि मुझे जनता से मिले समर्थन पर पूरा भरोसा है। अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी सरकारी अधिकारियों को एक पत्र लिखा है। बिना किसी दबाव या डर के अपना काम करना चाहिए। 

  • राहुल गांधी वायनाड और रायबरेली, दोनों सीटों से आगे चल रहे हैं। 
  • हरियाणा के कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा उम्मीदवार नवीन जिंदल पीछे चल रहे हैं। आप के सुशील गुप्ता आगे हैं।
  • छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और राजनांदगांव से कांग्रेस उम्मीदवार भूपेश बघेल ने चुनाव आयोग से ईवीएम बदलने की शिकायत की है। 

  • मतगणना शुरू हो चुकी है। 542 सीटों पर हुए चुनाव की गिनती जारी है। इन प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज होगा। 

  • दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में पूरी और मिठाइयां बनना शुरू हो गई हैं। 
  • मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और खजुराहो लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार वीडी शर्मा ने मतगणना से पहले पन्ना के जुगल किशोर मंदिर में पूजा-अर्चना की
  • उत्तर प्रदेश में गोरखपुर से भाजपा सांसद और उम्मीदवार रवि किशन ने पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक है, राम राज्य कायम रहेगा। दुनिया का सबसे बड़े नेता पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। 

16 मार्च को आयोग ने किया था चुनावों का ऐलान 
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को 543 लोकसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान किया था। 19 अप्रैल को पहले फेज की वोटिंग हुई, आखिरी फेज की वोटिंग पीएम मोदी की सीट वाराणसी समेत 57 सीटों पर खत्म हुई। 542 सीटों के लिए मतदान कुल 7 चरणों में हुए। 542 सीट इसलिए क्योंकि सूरत की सीट पर भाजपा कैंडिडेट निर्विरोध जीत गए थे। सूरत सीट पर मतदान नहीं हुआ। चुनाव आयोग ने मतगणना के लिए देश में 1224 सेंटर बनाए हैं। यहां काउंटिंग होगी। इस काम में 22 लाख अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।   

देश में पहला लोकसभा चुनाव 1952 में हुआ था, तब चुनावी प्रक्रिया 4 महीने चली थी। 2024 में लोकसभा चुनाव 44 दिन तक चले। पहले आम चुनाव के बाद 2024 का लोकसभा चुनाव सबसे लंबा चला। अन्यथा 30 से 40 दिनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाती थी। 

12 एग्जिट पोल में BJP सरकार
1 जून को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग खत्म होने के बाद टीवी चैनल्स और एजेंसियों ने एग्जिट पोल जारी किए थे। 12 प्रमुख एग्जिट पोल में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया गया है। हालांकि कांग्रेस की अगुवाई वाले INDIA गठबंधन ने एग्जिट पोल को खारिज किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने 295 सीट जीतने का दावा किया है।
 

न्यूज चैनल/एजेंसी NDA INDIA अन्य
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया 361-401 131-166 0-20
एबीपी-सी वोटर्स 353-383 152-182 4-12
न्यूज 24-टुडेज चाणक्य   400 107 36
जन की बात 362-392 141-161 10-20
इंडिया टीवी-सीएनएक्स 371-401 109-139 28-38
टाइम्स नाउ-ईटीजी 358 152 33
टीवी 9-पोलस्ट्रैट 346 162 35
रिपब्लिक भारत-मैट्रिज 353-368 118-133 43-48
रिपब्लिक टीवी- पी मार्क 359 154 30
इंडिया न्यूज-डी डायनामिक्स 371 125 47
न्यूज नेशन 342-378 153-169 21-23
न्यूज 18 355-370 125-140 42-52


पिछले 2 आम चुनाव के नतीजे क्या थे?

2019

पार्टी सीट (+/-)
NDA   353 (+19)
भाजपा 303 (+19) 
UPA 91 (+19) 
कांग्रेस 52 (+19)
अन्य 96 (-52) 


2014

पार्टी सीट (+/-)
NDA 336 (+177) 
भाजपा 282 (+166) 
UPA 59 (-203) 
कांग्रेस 44 (-162)
अन्य 148 (-9)


चुनाव आयोग को हिंसा की आशंका, 7 राज्यों में सुरक्षाबल अलर्ट
चुनाव आयोग ने आशंका जताई है कि मतगणना के दौरान या बाद में हिंसा हो सकती है। ऐसे में 7 राज्यों- उत्तर प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, आंध प्रदेश और बंगाल में सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में 19 जून तक सुरक्षाबलों की तैनाती रहेगी। जबकि यूपी, ओडिशा, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में मतगणना के दो दिनों बाद मुस्तैदी रहेगी। इसके बाद फेज वाइज गृह मंत्रालय के निर्देश पर CAPF को हटाया जाएगा। अकेले बंगाल में 400 केंद्रीय सशस्त्र बल की कंपनियां, करीब 40 हजार से अधिक जवान 19 जून तक मौजूद रहेंगे।


यहां देखिए LIVE

यह भी पढ़ें: कैसे होती है वोटों की काउंटिंग: क्या होता है जब दो कैंडिटेड को मिलते हैं समान वोट, जानें मतगणना प्रक्रिया के बारे में सबकुछ

5379487