Logo
Mahua Moitra controversial statement: TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को रेखा शर्मा पर विवादित टिप्पणी की। इसके बाद NCW ने महुआ पर FIR की मांग की है। जानिए पूरा मामला।

Mahua Moitra controversial statement: तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने शुक्रवार को एक विवादित बयान दिया। महुआ मोइत्रा ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) की अध्यक्ष रेखा शर्मा (Rekha Sharma) पर कुछ इस तरह तंज कसा कि विवाद शुरू हो गया। 4 जुलाई को रेखा शर्मा उत्तर प्रदेश के हाथरस हादसे की जगह पहुंची थीं। रेखा शर्मा की वहां की एक तस्वीर सामने आई जिसमें वह एक छाता पकड़े नजर आ रहीं थी। इस पर महुआ ने X पर लिखा, 'वे अपने बॉस का पायजामा पकड़ने में व्यस्त हैं।' हालांकि, विवाद बढ़ने पर महुआ ने बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी।  

NCW की प्रतिक्रिया और FIR की मांग
NCW ने महुआ मोइत्रा के बयान पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है। आयोग ने कहा कि महुआ का बयान किसी महिला के सम्मान का उल्लंघन है। NCW ने अपने पोस्ट में लिखा कि TMC सांसद पर तीन दिन के अंदर FIR दर्ज होनी चाहिए। इस बारे में उन्होंने लोकसभा स्पीकर को भी पत्र लिखा है। 

महुआ ने दी गिरफ्तार करने की चुनौती
NCW की मांग पर महुआ मोइत्रा ने X पर प्रतिक्रिया दी और दिल्ली पुलिस से जल्दी कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने लिखा, "मैं नादिया (पश्चिम बंगाल) में हूं। अगर जरूरत हो तो तीन दिन में गिरफ्तार कर लीजिए।" महुआ ने रेखा शर्मा पर तंज कसा कि वे अपना छाता संभाल सकती हैं और दिल्ली पुलिस (Delhi Police) को अन्य आरोपियों पर भी केस दर्ज करने की सलाह दी।

महिला आयोग ने बयान को बताया अपमानजनक
NCW ने महुआ के बयान को अपमानजनक बताया और इसे महिला के सम्मान के अधिकार का उल्लंघन कहा। आयोग ने कहा कि महुआ मोइत्रा पर तुरंत FIR दर्ज होनी चाहिए और तीन दिनों के भीतर विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट भेजी जानी चाहिए। NCW ने महुआ की टिप्पणी को महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया और सख्त कार्रवाई की मांग की।

बीजेपी ने तृणमूल कांग्रेस पर बोला हमला
महुआ मोइत्रा की टिप्पणी की वजह से तृणमूल कांग्रेस (TMC) को भी आलोचना का सामना करना पड़ा। पार्टी ने अभी तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। महुआ के बयान ने सोशल मीडिया पर भी बवाल मचा दिया है और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनकी आलोचना की है। बीजेपी समेत कई पार्टियों ने तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला है।

शाजिया इल्मी ने किया पलटवार
भाजपा नेता शाजिया इल्मी (Shazia Ilmi) ने महुआ मोइत्रा पर पलटवार करते हुए उनकी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें एक अन्य व्यक्ति तृणमूल कांग्रेस नेता के सिर पर छाता पकड़े हुए दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसके बाद तंज कसते हुए पोस्ट किया "और वैसे, इस बार आप किसका पजामा पकड़े हुए हैं?" महुआ की टिप्पणी के जवाब में शाजिया ने यह पोस्ट किया।

सोशल मीडिया पर आई तरह तरह प्रतिक्रिया
महुआ मोइत्रा की टिप्पणी और NCW की मांग के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग अलग तरही की प्रतिक्रियाएं (Social Media Reactions) दे रहे हैं। कुछ लोग महुआ के समर्थन में हैं, जबकि अन्य उनके बयान की निंदा कर रहे हैं। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है, जहां लोग अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।

5379487