Manipur violence: मणिपुर के सीमावर्ती जिले जिरीबाम में शनिवार(19 अक्टूबर) की सुबह फिर से गोलीबारी शुरू हो गई। यह घटना तब हुई जब हाल ही में दिल्ली में मैतई, कुकी-जो-ह्मार और नागा समुदायों के विधायकों के बीच शांति वार्ता का प्रयास किया गया था। पुलिस के अनुसार, कुकी उग्रवादियों ने बोरबेकेरा पुलिस स्टेशन पर हमला किया। यह स्थान जिरीबाम के मुख्यालय से लगभग 30 किमी की दूरी पर स्थित है। गोलीबारी के दौरान भारी हथियारों और बमों का इस्तेमाल किया गया।

कुकी उग्रवादियों का हमला
सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुए इस हमले में कुकी उग्रवादियों ने बोरबेकेरा पुलिस स्टेशन को निशाना बनाया। पुलिस ने बताया कि इस दौरान उग्रवादियों ने मैतेई समुदाय के तीन घरों को भी जला दिया। इन घरों पर बम भी फेंके गए। कई घंटों तक दोनों ओर से गोलियां चलती रहीं। सुरक्षा बल स्थिति पर काबू पाने की कोशिश में जुटी है। फिलहाल इलाके की निगरानी की जा रही है।

ताजा झड़प के बाद सुरक्षा बल तैनात
जिरीबाम में हुई इस ताजा झड़प के बाद सुरक्षा बलों को और तैनात किया गया है। मणिपुर पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव सिंह ने कहा कि अभी भी कुछ क्षेत्रों में छिटपुट गोलीबारी हो रही है, लेकिन सुरक्षा बलों के प्रयास से स्थिति काबू में है। घटना की जांच जारी है और हमलावरों की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है। 

शांति बहाल करने की कोशिशों को झटका
यह गोलीबारी उस समय हुई है जब मणिपुर में शांति बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। हाल ही में दिल्ली में मैतेई, कुकी-जो-ह्मार और नागा समुदायों के नेताओं के बीच शांति वार्ता का प्रयास किया गया था। मणिपुर की वर्तमान स्थिति को देखते हुए शांति संवाद को ही समाधान का सबसे बेहतर तरीका माना जा रहा है। लेकिन ताजा गोलीबारी से इन प्रयासों को झटका लगा है।

शांति बहाल करने की कोशिशें जारी
DGP राजीव सिंह ने कहा कि मणिपुर पुलिस और अन्य सुरक्षा बल स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं। DGP ने सभी समुदायों से अपील की है कि शांति बहाल करने के लिए बातचीत का रास्ता अपनाएं। राज्य में सुरक्षा बलों को और भी तैनात किया गया है ताकि हिंसा और ना फैले। सिंह ने कहा कि किसी भी तरह की अतिरिक्त हिंसा को रोकने के लिए सुरक्षा बल सख्ती से काम कर रहे हैं।

DGP ने पुलिस पर लगे आरोपों को किया खारिज
राजीव सिंह ने पुलिस पर लगे बल प्रयोग के आरोपों को खारिज कर दिया। DGP राजीव सिंह कहा कि पुलिस ने स्थिति के अनुसार ही कार्रवाई की और किसी भी निर्दोष नागरिक को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था। DGP ने यह भी कहा कि मणिपुर पुलिस नागरिकों के अनुकूल काम कर रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।