Mann ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में दूसरी बार रविवार (28 जुलाई) को देशवासियों से मन की बात की। यह उनके रेडियो कार्यक्रम का 112वां एपिसोड है। पीएम मोदी ने कहा- पूरी दुनिया में इस वक्त ओलिंपिक छाया हुआ है, आप भी भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। उधर, मैथ्य ओलिंपियाड में भी युवा छात्रों ने 4 गोल्ड मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। सभी विजेताओं को बधाई देता हूं। मैंने इन सभी को विशेष तौर पर आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री ने बताया कि एक पेड़ मां के नाम मुहिम के बेहतर परिणाम मिले हैं, इस दौरान 2 करोड़ पेड़ लगाए गए। 

असम वर्ल्ड हेरिटेज साइट:
प्रधानमंत्री मोदी ने ओलिंपियाड विनर अर्जुन और प्रणब समेत सभी विजेताओं से बात की। उन्होंने सभी की चुनौतियों और प्रेरणा को लेकर बात की। मोदी ने कहा कि असम के चराई गेऊ मैदान को वर्ल्ड हेरिटेज में शामिल किया जा रहा है। यह अहोम साम्राज्य की देन है, वे यहां अपने परिवारों के शवों को रखते थे। यह साम्राज्य 13वीं शताब्दी से 16वीं शताब्दी तक चला। मुझे अहोम योद्धा सम्मान मिलने पर गर्व महसूस करता हूं। कोई देश अपनी संस्कृति पर गर्व करके ही आगे बढ़ सकता है।

हैंडलूम और रंगाई:
हरियाणा के रोहतक की महिलाओं ने हैंडलूम और रंगाई के क्षेत्र में शानदार काम करके दिखाया है। देश के कोने-कोने में हैंडलूम कारीगरी छाई हुई है। अगले 7 अगस्त को हम नेशनल हैंडलूम डे मनाएंगे। बहुत से लोग लोकल प्रोडक्ट्स को पॉपूलर बनाने में जुटे हैं। आप भी इन्हें सोशल मीडिया में #MyProducts के साथ शेयर करें। आपका प्रयास किसी की जिंदगी बदल सकता है। देश में आज खादी का टर्नओवर 1.5 लाख करोड़ के पास पहुंच गया है। आपके पास कई तरह के कपड़े होंगे, मेरी अपील है कि आप खादी के कपड़े खरीदना शुरू कर दें। ये आजादी का महीना है।

नशा मुक्ति मानस केंद्र:
ड्रग्स की लत से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार ने विशेष मानस केंद्र खोले हैं। सरकार ने एक हेल्पलाइन नंबर 1933 जारी किया है। अगर आपके पास ड्रग्स से जुड़ी कोई जानकारी है तो आप इस पर शेयर करें। मानस से जुड़ी सभी जानकारियां गुप्त रखी जाती हैं। देश को ड्रग्स के नशे से मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है। 

टाइगर डे:
हम सभी बाघों की कहानियां सुनते बड़े हुए हैं। इनकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। राजस्थान के रणथंबौर में कुल्हाड़ी मुक्त पंचायत की शुरुआत हुई है। गांवों में लोग जानते हैं कि बाघ के साथ कैसे तालमेल बैठाना है। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बाघ मित्र कार्यक्रम चल रहा है। यहां लोगों को बाघों के साथ व्यवहार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जनभागीदारी बाघों के संरक्षण में काम आ रही है। दुनिया के 70 फीसदी बाघ हमारे देश में हैं। इनकी संख्या तेजी से बढ़ रही है।

15 अगस्त अब दूर नहीं: 
साथियों अब 15 अगस्त दूर नहीं है। इसके साथ हर घर तिरंगा अभियान भी जुड़ गया है। हर कोई इस दिन तिरंगा लहराकर सेल्फी लेता है। जब एक घर पर तिरंगा लहराता है तो दूसरे घर पर भी यह दिखाई देने लगता है। आप तिरंगे के साथ हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट पर सेल्फी अपलोड करें। आप इस बार भी अपने सुझाव मुझे भेजिए। मैं ज्यादा से ज्यादा सुझावों को अपने 15 अगस्त के भाषण में शामिल करने की कोशिश करूंगा। आपको सभी पर्व/त्योहारों की ढेर सारी शुभकामनाएं।