Mizoram Stone Quarry Collapse: मिजोरम में बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पत्थर की खदान ढहने से 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। कई मजदूर मलबे में अभी भी फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाने के लिए सर्च ऑपरेशन चल रहा है। 

यह हादसा मिजोरम की राजधानी आइजोल में हुआ। मंगलवार की सुबह करीब 6 बजे के आसपास आइजोल की मेल्थम और ह्लिमेन सीमा पर एक पत्थर की खदान ढह गई। खदान ढहने से आसपास के कई घर भी तबाह हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, जिन 10 लोगों के शव बाहर निकाले गए हैं। उनमें 6 बाहरी हैं। जबकि बाकी शवों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उधर, जिन 2 लोगों का रेस्क्यू किया गया है, उनमें एक मिजोरम और दूसरा बाहरी है। 

आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कटा
पुलिस अफसरों का कहना है कि इलाके में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण तलाशी अभियान में बाधा आ रही है। राज्य में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग 6 पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से कट गया है। 

बारिश के कारण सभी स्कूल बंद हैं। सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है।

डीजीपी ने सात मौतों की पुष्टि की
मिजोरम के डीजीपी ने हादसे में 7 मौतों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण आइजोल के बाहरी इलाके में एक पत्थर की खदान ढहने से सात लोगों की मौत हो गई है। पुलिस कर्मी बचाव अभियान में लगे हुए हैं। नदियों का जल स्तर भी बढ़ रहा है और नदी के किनारे के इलाकों में रहने वाले कई लोगों को निकाला गया है।