Logo
Monsoon 2024: भारतीय मौसम, विभाग (IMD) ने बताया है कि मानसून अगले 4 दिन में महाराष्ट्र, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। देश के चार राज्यों में बारिश का अलर्ट, वहीं 9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट...

Monsoon 2024: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि मानसून अगले 4 दिन में महाराष्ट्र, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ हिस्सों में पहुंच सकता है। मानसून 11 जून को गुजरात पहुंचा था और अब यह मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। देश के चार राज्यों में जहां बारिश का अलर्ट जारी किया गया है वहीं, 9 राज्यों में हीटवेव के कारण मुश्किलें बढ़ सकती है। जानिए देश भर के मौसम का हाल।

4 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD ने पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, और अरुणाचल प्रदेश में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी आज बारिश की संभावना है। एमपी के कुछ जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।

9 राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, बिहार और झारखंड में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज में लगातार दूसरे दिन तापमान 47 डिग्री के पार रहा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश में सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिसे रिकॉर्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ में छुट्टियां बढ़ीं, ओडिशा में फैसला बाकी
छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी के चलते गर्मी की छुट्टियां 25 जून तक बढ़ा दी गई हैं। ओडिशा के मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्कूल कब खुलेंगे, इसका निर्णय कलेक्टर करेंगे। राज्य में 19 जून तक मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा। इस बीच मध्य प्रदेश में मंगलवार से स्कूलें खुल गईं। एमपी के सभी सरकारी स्कूलों में बच्चे मंगलवार को लौट आए। 

दिल्ली और पंजाब में गर्मी
दिल्ली में सोमवार को तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के बठिंडा में तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर, पटियाला और गुरदासपुर में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।

बारिश के बावजूद राहत नहीं
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश के बावजूद अगले दो दिनों तक तापमान में गिरावट नहीं होगी। गुजरात के द्वारका में सबसे ज्यादा 23 सेमी बारिश दर्ज की गई। नॉर्थ-ईस्ट राज्यों में भी भारी बारिश जारी है और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। गुजरात में 11 जून को मानसून पहुंचा लेकिन आगे नहीं बढ़ पाया है। अगले 4 दिन में गुजरात के कई जिलों में आंधी चल सकती है और भारी बारिश हो सकती है।

अन्य राज्यों में मौसम

  • मध्य प्रदेश: प्री-मानसून की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी, जबलपुर-छिंदवाड़ा समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट।
  • हरियाणा: 28 दिन से लू जारी, 12 जिलों में अलर्ट।
  • पंजाब: सभी 23 जिलों में लू का अलर्ट, 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
  • बिहार: लू से 15 मौतें, 17 जिलों में अलर्ट, 13 जिलों में हल्की बारिश की संभावना।

क्या कहता है मौसम पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 18 से 21 जून तक भारी बारिश हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

5379487