Weather Update:  मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव हो गया है।यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मुंबई की नगरपालिका (BMC) ने गुरुवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। भारी बारिश के कारण सड़कों पर गाड़ियां धीमी रफ्तार से चल रही हैं। शहर के कई हिस्सों में जाम की स्थिति पैदा हो गई है। मुंबई बारिश की वजह से अब तक चार लोगों की मौत हो गई है। IMD ने मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

स्कूल-कॉलेज बंद, लोगों से घर पर रहने की अपील
BMC और पुलिस ने मुंबई के नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित रहें और जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें। बारिश से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई जगहों पर जलभराव होने के बाद इस बीएमसी ने स्कूल और कॉलेज बंद करने का फैसला लिया। मौसम विभाग की ओर से अगले 24 घंटे में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जाहिर की गई है। ऐसे में एहतियात बरतते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का फैसला किया गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

अंधेरी में मैनहोल में गिरने से महिला की मौत
अंधेरी में भारी बारिश के बीच एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव हो गया था।अंधेरी की सड़कों पर रोशनी बेहद कम थी। रोड पर भारी बारिश के बाद एक मैनहोल का ढ़क्कन टूट गया था। पैर फिसलने की वजह से महिला इस मैनहोल में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन महिला की जान नहीं बचाई जा सकी।

विमानों के रूट डायवर्ट, उड़ानों में देरी
भारी बारिश के चलते मुंबई एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट कर दिया गया है। एयरलाइंस ने यात्रियों को आगाह किया है कि वह अपनी उड़ान की स्टेटस चेक करते रहें। Vistara और SpiceJet जैसी कंपनियों ने कहा कि कुछ उड़ानों को हैदराबाद डायवर्ट कर दिया गया है। इस बीच, कई अन्य उड़ानों में भी देरी की उम्मीद है। 

Mumbai Rain Update

मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के जिलों जैसे ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। IMD ने अगले 24 घंटों तक भारी से बेहद भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति गुरुवार सुबह तक बनी रह सकती है। इसके चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव बढ़ सकता है, जिससे यातायात और जनजीवन पर और अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना है। 

Mumbai Rain Update

मुलुंड और बांद्रा में भारी जलभराव
मुंबई के मुलुंड, बांद्रा और आसपास के इलाकों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। मुलुंड में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक 276 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन सेवाओं पर भी इसका असर पड़ा और कई ट्रेनें लेट हो गई। हालांकि, गुरुवार की सुबह तक कुछ ट्रेनों की सेवाएं बहाल कर दी गई।

Mumbai Rain Update

रेल ट्रैक पर जलभराव, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
मुलुंड, बांद्रा, और मुंबई के अन्य उपनगरों में भारी बारिश के कारण सड़कों और रेल ट्रैक पर जलभराव हो गया है। BMC के आंकड़ों के अनुसार, मुलुंड में शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक 276 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इससे कई जगहों पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोकल ट्रेनों की सेवाएं धीमी कर दी गई हैं। कई स्थानों पर ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

Mumbai Rain Update

मुम्ब्रा बायपास पर भूस्खलन, यातायात प्रभावित
भारी बारिश के कारण ठाणे के मुम्ब्रा बायपास पर बुधवार रात को भूस्खलन हो गया। लैंडस्लाइड की वजह से तीन घंटे से ज्यादा समय तक यातायात जाम रहा। इस भूस्खलन से कई गाड़ियों की आवाजाही बाधित हुई। स्थिति को काबू करने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया। मौके पर पहुंचे अफसरों ने जेसीबी की मदद  से सड़क से मलबा हटवाया। इसके बाद देर रात इस रोड पर गाड़ियों की आवाजाही शुरू हो पाई।