Nagpur violence: महाराष्ट्र की राजधानी नागपुर हिंसा मामले में बड़ा अपडेट है। गुरुवार (20 मार्च) को हिंसा में बांग्लादेशी कनेक्शन होने का खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पोस्ट पर एक यूजर ने धमकी दी है। यूजर ने लिखा-सोमवार (17 मार्च) के दंगे तो सिर्फ एक छोटी घटना थी। भविष्य में और बड़े दंगे होंगे। साइबर सेल ने अफवाह फैलाने और हिंसा भड़काने के मामले में 34 सोशल मीडिया अकाउंट पर कार्रवाई की है। पुलिस ने अब तक मास्टरमाइंड फहीम शमीम खान सहित 84 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जांच में खुला राज
साइबर सेल की जांच में पता चला है कि अकाउंट संचालित करने वाला व्यक्ति बांग्लादेश का निवासी है। उसने यह संदेश बांग्लादेश से पोस्ट किया है। साइबर सेल ने फेसबुक से संपर्क कर उस अकाउंट को ब्लॉक करने का अनुरोध किया है। साइबर सेल ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी असत्यापित जानकारी पर विश्वास न करें और अफवाहों को फैलाने से बचें।
#WATCH नागपुर, महाराष्ट्र: 17 मार्च को भड़की हिंसा के बाद नागपुर के 10 पुलिस थाना क्षेत्रों में तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2025
वीडियो शहर के महल इलाके से है। pic.twitter.com/4ghKpbcZEd
हिंसा के बाद कर्फ्यू
नागपुर में हिंसा वाली जगह पर कर्फ्यू लगा है। हिंसाग्रस्त इलाके में सभी दुकानें बंद हैं। रोड ब्लॉक हैं। इलाके में कर्फ्यू से सड़कें सुनसान हैं। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#WATCH महाराष्ट्र: हिंसा के बाद नागपुर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर कलेक्टर डॉ. विपिन इटनकर ने कहा, "सामान्य स्थिति बहाल हो गई है, लेकिन कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा हुआ है। हम इस मामले में पुलिस के संपर्क में हैं। सरकार इस घटना में नागरिकों की संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कर… pic.twitter.com/FMAdGv5jxm
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 20, 2025
सरकार लोगों को देगी मुआवजा
कलेक्टर डॉ. विपिन इटनकर ने कहा कि सामान्य स्थिति बहाल हो गई है। कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा हुआ है। हम मामले में पुलिस के संपर्क में हैं। सरकार इस घटना में नागरिकों की संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा जारी करेगी। शुरुआती आकलन के अनुसार, 50-60 दोपहिया वाहन, 10-15 चार पहिया वाहन, क्रेन और 5-10 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। पंचमना की एक टीम काम पर लगी हुई है।
जानिए कौन है फहीम
मास्टरमाइंड फहीम पर 500 से ज्यादा दंगाइयों को इकट्ठा करने और हिंसा को बढ़ावा देने का आरोप है। फहीम सहित 19 आरोपियों को 21 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेजा दिया है। फ़हीम शमीम ख़ान ने 2024 के लोकसभा चुनावों में नागपुर से अल्पसंख्यक लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था। फहीम ने 10वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की है। उसके पास मात्र 75,000 रुपए की संपत्ति घोषित की थी। कोई देनदारी या वार्षिक आय दर्ज नहीं की थी। चुनावों में फहीम को मात्र 1,073 वोट मिले थे।
इसे भी पढ़ें: औरंगजेब मकबरा विवाद: नागपुर में पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी, 55 से ज्यादा गिरफ्तार; अनिश्चितकालीन कर्फ्यू
जानिए कैसे भड़की हिंसा?
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सोमवार(17 मार्च) को औरंगजेब की कब्र हटाने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने औरंगजेब का पुतला जलाया। पुतले में आपत्तिजनक सामग्री का इस्तेमाल किया। इसमें एक चादर को भी रखा गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एक समुदाय विशेष के लोग चौराहे पर जमा हो गए और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाने लगे।
हिंसा में 33 पुलिसकर्मी
देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद, कुछ युवा दूसरे चौक पर पहुंचे। दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंचे। दोनों पक्षों में पथराव और तोड़-फोड़ शुरू हो गई। घरों और दर्जनों वाहनों में आग लगा दी। पुलिस पर भी हमला किया। DCP निकेतन कदम पर कुल्हाड़ी के हमले से घायल हो गए। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। हिंसा में 33 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। तीन DCP रैंक के अधिकारी भी शामिल हैं।
यहां से शुरू हुआ विवाद
महाराष्ट्र के सपा विधायक अबू आजमी के बयान से विवाद शुरू हुआ। अबू ने 3 मार्च को कहा था कि हमें गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए हैं। मैं उसे क्रूर शासक नहीं मानता। अगर कोई कहता है कि यह लड़ाई हिंदू-मुसलमान को लेकर थी, तो मैं इस पर विश्वास नहीं करता। बयान से शुरू हुआ बवाल बढ़ता जा रहा है। महाराष्ट्र सहित कई राज्यों तक सियासी आहट पहुंच गई है।