NEET 2024 controversy:  नीट 2024 के परिणामों को लेकर मेडिकल क्षेत्र में बवाल मचा हुआ है। ग्रेस मार्क्स, टॉपर्स की सूची और समय की कमी की दलीलों ने छात्रों का नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर विश्वास डगमगा दिया है। इस विवाद के बीच, NTA ने छात्रों के सभी सवालों के जवाब देने के लिए विस्तृत जानकारी साझा की है।
NTA ने विवादों को लेकर स्थिति स्पष्ट की
नीट परीक्षा परिणाम के बाद मेडिकल क्षेत्र में उठे विवाद को लेकर NTA ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी सवालों के जवाब साझा किए हैं। इसमें नीट परीक्षा का महत्व, 5 मई को हुई परीक्षा से जुड़ी जानकारियां, एनटीए का मेनडेट, परीक्षा की मुख्य बातें, नीट में टॉप स्कोर करने वाले राज्य और आंसर शीट से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं।

ग्रेस मार्क्स और टॉपर्स को लेकर उठे सवाल
नीट परीक्षा में ग्रेस मार्क्स, एक ही सेंटर से 8 टॉपर्स और 67 कैंडिडेट्स के 720 अंक प्राप्त करने को लेकर छात्रों ने NTA पर सवाल उठाए हैं। कई याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई हैं, जिन पर कोर्ट ने कहा है कि नीट काउंसलिंग नहीं टाली जाएगी और री-एग्जाम भी नहीं होगा। कोर्ट ने एनटीए का पक्ष भी सुनने की बात कही है।

718 और 719 अंक देने पर NTA का जवाब
मेडिकल छात्रों का आरोप था कि नीट परीक्षा में किसी भी स्टूडेंट के 719 या 718 अंक कैसे आ सकते हैं। NTA ने स्पष्ट किया कि प्रतिपूरक अंकों (Grace Marks) के कारण, दो स्टूडेंट्स को 718 और 719 अंक प्राप्त हुए हैं। ग्रेस मार्क्स को लेकर NTA ने कहा कि सिर्फ 1563 उम्मीदवारों को ही ग्रेस मार्क्स दिए गए हैं, क्योंकि परीक्षा शुरू होने में देरी हो गई थी। लॉस ऑफ टाइम की वजह से इन कैंडिडेट्स को ग्रेस मार्क्स दिए गए थे।

फुल मार्क्स पाने वाले 67 में से 44 छात्रों की स्थिति
फुल मार्क्स पाने वाले 67 में से 44 छात्र ऐसे थे जिनका जवाब आंसर की चैलेंज होने के बाद सही किया गया था। नीट परीक्षा में आए प्रश्न के उत्तर में दो ऑप्शन सही थे। ऐसे कैंडिडेट्स को ग्रेस मार्क्स नहीं दिए गए हैं।

जांच कमेटी पर NTA का बयान
NTA ने बताया कि NEET (UG) - 2024 परीक्षा के दौरान लॉस ऑफ टाइम के मामलों पर फिर से विचार करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है, जिन्हें ग्रेस मार्क्स दिए गए हैं। NTA ने छात्रों के सभी सवालों के जवाब देकर स्थिति को स्पष्ट करने की कोशिश की है और विवाद को सुलझाने की दिशा में कदम उठाए हैं।

OMR शीट वायरल वीडियो पर दिया जवाब
वायरल वीडियो को लेकर NTA ने स्पष्ट किया कि कोई भी फटी हुई OMR उत्तर पत्रक आधिकारिक NTA ID के माध्यम से नहीं भेजी गई थी। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, OMR आंसर शीट सही है और स्कोर भी सही हैं। उम्मीदवारों को स्कोरकार्ड केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करना चाहिए।