Logo
Nitin Gadkari on Ideology: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि आज देश में विचारों के प्रति टिके रहने वाले नेताओं की संख्या कम हो रही है। यह देश के लोकतंत्र के लिए अच्छी बात नहीं है।

Nitin Gadkari on Ideology: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को राजनीति में घटते मूल्यों को लेकर चिंता जाहिर की। गडकरी ने कहा कि मौजूदा समय में राजनीति में अवसरवादी नेताओं की संख्या बढ़ रही हे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अक्सर मैं मजाक में यह कहा करता हूं कि चाहे किसी भी पार्टी की सरकार हो, एक चीज तय है कि जो लोग अच्छा काम करते हैं, उन्हें कभी सम्मान नहीं मिलता। वहीं, जो लोग बुरा काम करते हैं उन्हें कभी सजा नहीं मिलती।

'विचारों में मतभेद होना कोई समस्या नहीं'
भाजपा नेता ने कहा कि भाषणों और चर्चा के दौरान विचारों में मतभेद होना कोई समस्या नहीं है। समस्या यह है कि अब लोगों के पास आइडिया की कमी हो रही है। अभी भी कई लोग ऐसे हैं जो अपने विचारों के साथ डटकर खड़े रहते हैं। हालांकि, ऐसे लोगों की संख्या दिन ब दिन कम होती जा रही है। इस तक विचारों का पतन होता देश के लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। 

भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली दुनिया के लिए आदर्श
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग तो ऐसा लिखते हैं कि ना तो वे वामपंथी हैं और ना ही दक्षिणपंथी, वह तो सिर्फ अवसरवादी हैं। ऐसे सभी लोग सत्ता के साथ जुड़कर रहना चाहते हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों में कहें तो यह लोकतंत्र की जननी है। इसी खासियत की वजह से हमारी लोकतांत्रिक शासन प्रणाली पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श है। 

राजनेताओं को उनके काम से याद रखा जाता है
गडकरी ने कहा कि राजनेता आते-जाते रहते हैं लेकिन उन्हें उस काम से ही याद किया जाता है जो उन्होंने अपने क्षेत्र में किया है। भाजपा नेता ने कहा कि पब्लिसिटी और लोकप्रियता जरूरी है लेकिन यह ज्यादा अहम है कि किसी नेता ने अपने क्षेत्र में कैसा काम किया है। किसी नेता को सम्मान संसद में उसके दिए से नहीं बल्कि अपने काम की वजह से मिलता है। केंद्रीय मंत्री ने यह सारी बातें महाराष्ट्र में एक मीडिया समूह के कार्यक्रम के दौरान कही। 

5379487