Parliament security breach Case Updates: संसद की सुरक्षा में सेंध और घुसपैठ (Parliament security breach) करने के मामले में मुख्य आरोपी ललित झा ने गुरुवार की रात दिल्ली के कर्तव्यपथ थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि ललित महेश नाम के शख्स के साथ थाने पहुंचा था। पुलिस का भी यह कहना है कि ललित ने घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। कोलकाता के एक NGO को भी भेजा, ताकि मीडिया कवरेज मिल सके। भागने के वक्त वह सभी साथियों के मोबाइल भी अपने साथ ले गया। जिन्हें उसने जला दिया, ताकि सबूत पुलिस के हाथ न लग सके।

7वें आरोपी महेश के साथ ललित झा ने सरेंडर किया। लेकिन महेश भाग निकला।

ललित 48 घंटों तक पुलिस से भागता रहा। दिल्ली से फरार होने के बाद वह दो दोस्तों से मिलने के लिए राजस्थान के नागौर गया था। एक होटल में रात बिताई। जब उसे एहसास हो गया कि वह भाग नहीं सकता है तो महेश के साथ गुरुवार शाम दिल्ली लौट आया और सरेंडर कर दिया। ललित झा कोलकाता में टीचर है। दिल्ली की स्पेशल सेल पुलिस ने पुष्टि की है कि ललित ने मोबाइल जला दिए हैं। 

महेश को पता थी पूरी साजिश
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्थान से ललित झा के साथ आए महेश को भी 13 दिसंबर की घटना में शामिल होना था। फिलहाल महेश फरार है। उसे पूरी साजिश का पता था। उसकी तलाश की जा रही है। 

चारो आरोपी 7 दिन की पुलिस कस्टडी में
पटियाला हाउस कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तार चारो आरोपी सागर शर्मा और डी मनोरंजन, नीलम देवी और अमोल शिंदे को एक सप्ताह के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। 

संसद की सुरक्षा को मजबूत बनाया गया है।

सागर ने लखनऊ से बनवाए थे खास जूते
दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपियों ने स्मोक कनस्तर अपने जूते में छिपाए थे। उनके पास ऐसे पर्चे थे जिस पर पीएम मोदी के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी थीं। वे पीएम को पर्चे दिखाना चाहते थे। हालांकि, पीएम बुधवार को सदन में नहीं थे। चारों ने पुलिस को बताया कि वे बेरोजगारी और मणिपुर में जातीय हिंसा जैसे मुद्दों को सांसदों के ध्यान में लाना चाहते थे।

सागर शर्मा ने खास जूते लखनऊ से बनवाए थे। ताकि वे स्मोक कनस्तर जूते में छिपा सकें। पुलिस ने अदालत को बताया कि वे जूते बनाने वाली दुकान की पहचान करने के लिए उसे लखनऊ ले जाना चाहते हैं। पुलिस ने बताया कि जूतों में भरे गए स्मोक कनस्तर मुंबई से खरीदे गए थे।

नुकसान पहुंचा सकता था धुआं
पुलिस का कहना है कि जिन स्मोक कनस्तर का इस्तेमाल आरोपियों ने किया, उस पर मेड इन चाइना का लेबल लगा है। चेतावनी भी लिखी है कि भीड़भाड़ वाले या इनडोर क्षेत्रों में उपयोग न किया जाए। धुआं जहरीला न होते हुए भी सांसदों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। पुलिस ने यह भी दावा किया था कि जो कुछ आरोपियों ने बताया उसमें एक बड़ी साजिश थी। इसमें आतंकवादी एंगल भी था। 

हंगामा काट रहे 15 सांसद सस्पेंड
संसद की सुरक्षा को लेकर गुरुवार को संसद के दोनों सदनों में जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। हंगामा कर रहे लोकसभा के 14 सांसदों को पूरे सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया। इनमें 9 कांग्रेस के सांसद हैं। वहीं राज्यसभा से टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन को सस्पेंड कर दिया। बावजूद इसके वे देर शाम तक संसद में डटे रहे।