PDP chief Mehbooba Mufti’s Car Accident: जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर है। राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की कार गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतनी भीषण थी गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हालांकि महबूबा मुफ्ती और उनके सुरक्षा अधिकारी हादसे में बाल-बाल बचे। यह दुर्घटना जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के संगम में हुई। 

अग्निकांड पीड़ितों से मिलने जा रही थीं महबूबा मुफ्ती
जानकारी के अनुसार, महबूबा मुफ्ती अनंतनाग जा रही थीं। तभी रास्ते में संगम के पास एक काले रंग की स्कॉपियो से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। इससे स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पीडीपी मीडिया सेल ने बताया कि महबूबा मुफ्ती अग्निकांड पीड़ितों से मिलने के लिए खानबल जा रही थीं। फिलहाल हादसे में महबूबा मुफ्ती बाल-बाल बचीं। उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि, उनकी निजी सुरक्षा में तैनात एक पुलिस अधिकारी को मामूली चोटें आईं।

बेटी इल्तिजा ने कहा- ईश्वर की कृपा से मां सुरक्षित
महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा ने सोशल मीडिया के एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महबूबा मुफ्ती की कार आज अनंतनाग के रास्ते में एक भयानक दुर्घटना का शिकार हो गई। ईश्वर की कृपा से वह और उनके सुरक्षा अधिकारी बिना किसी गंभीर चोट के सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद पीडीपी अध्यक्ष अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो गईं। 

खानबल में जलकर राख हुए थे 8 घर
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के खानबल इलाके में 8 जनवरी की रात अचानक आग भड़क उठी। आग लगने से 8 घर जलकर राख हो गए थे। बोट कॉलोनी खानबल के अग्निकांड में अब्दुल गनी वानी, अशरफ पुशु, सज्जाद वानी, मुश्ताक हांडू, निसार अहमद गद्दा, मुख्तार अहमद, जावेद अहमद शकसाज के घरों को नुकसान पहुंचा है। इन पीड़ितों से मिलने के लिए महबूबी मुफ्ती खानबल जा रही थीं।