Logo
PM Modi In Russia: नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री तीसरे कार्यकाल में पहले द्विपक्षीय दौरे पर रूस पहुंचे हैं। दूसरे दिन मंगलवार को उन्होंने मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया।

PM Modi In Russia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को रूस के मॉस्को में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं पूरी ऊर्जा के साथ तीसरे कार्यकाल में तीन गुना ज्यादा ताकत से काम करूंगा। दुनिया भारत का विकास और प्रगति देखकर हैरान है। उन्होंने भारतीय युवाओं की जमकर तारीफ की। T20 वर्ल्ड कप 2024 में मिली टीम इंडिया की जीत का जिक्र भी किया और कहा कि युवा भारत आखिरी बॉल तक हार मानने वाला नहीं है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने बड़े ही रोचक अंदाज में भारत और रूस के रिश्तों की गहराई समझाने के लिए राजकपूर की फिल्म श्री 420 का मशहूर सॉन्ग फिर भी दिल है हिंदुस्तानी... भी गाया। यह फिल्म 1955 में आई थी। 

T20WC में टीम इंडिया की जीत का जिक्र

  • भारतीय टीम के क्रिकेट विश्व कप जीतने पर पीएम मोदी ने तुरंत बारबाडोस में मौजूद कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और अन्य खिलाड़ियों से बात की थी। इसके बाद खिलाड़ियों के भारत लौटने पर प्रधानमंत्री आवास पर गर्मजोशी के साथ टीम से मुलाकात भी की। प्रधानमंत्री ने मॉस्को के संबोधन में कहा- "140 करोड़ से अधिक भारतीय भारत के इस पुनरुत्थान को संभव बना रहे हैं- वे बड़े सपने देखते हैं, प्रतिज्ञा लेते हैं और फिर उसे पूरा करते हैं। यह बात उन्होंने मेन्स टी20 क्रिकेट विश्व कप में भारत की जीत पर कही। टीम इंडिया ने 13 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म किया है।
  • पीएम मोदी ने आगे कहा- आपने यहां भारत की T20 वर्ल्ड कप में जीत का जश्न मनाया होगा। इस जीत की असली कहानी उस जीत की यात्रा है। आज का युवा भारत आखिरी गेंद और आखिरी क्षण तक हार स्वीकार नहीं करता है। और विजय उन्हीं के चरण चूमती है जो हार मानने के लिए तैयार नहीं होते हैं, ये भावना सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं, बल्कि दूसरे खेलों में भी है। इस बार पेरिस ओलिंपिक के लिए भारत की ओर से शानदार टीम भेजी जा रहा है। आप देखना यह टीम कैसे अपना दम दिखाएगी। यही युवा पूंजी भारत को 21वीं सदी की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामर्थ भी दिखाती है।

राजकपूर और मिथुन दा के योगदान को सराहा
पीएम मोदी ने 'सर पर लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी' गाने के जरिए भारतीय समुदाय को भारत-रूस के रिश्तों की गहराई बताई। उन्होंने कहा कि भारत और रूस दुनिया को नई दिशा देंगे। रूस के साथ रिश्तों का कायल रहा हूं। रूस शब्द सुनते ही एक भाव आता है। भारत का सुख-दुख का साथी, भारत का भरोसेमंद देश। हमारे रशियन साथी इसे दुधवा कहते हैं और हम इसे दोस्ती। रूस में टेम्परेचर कितना भी माइनस में चला जाए, लेकिन भारत-रूस की दोस्ती हमेशा पॉजिटिव में रही है। ये रिश्ता म्युचुअल ट्रस्ट से बना है। वो एक गाना है ना, सर पर लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिन्दुस्तानी। श्रीमान राजकपूर और मिथुन दा ने भारत-रूस की दोस्ती को फिल्मों से आगे बढ़ाया है।

10 साल में 17 बार प्रेसिडेंट पुतिन से मिला हूं: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा- मैं इसी दोस्ती के लिए मेरे प्रिय मित्र प्रेसिडेंट पुतिन की सराहना करता हूं। बीते 10 साल में में छठी बार रूस आया हूं। इन सालों में हम दोनों 17 बार मिले हैं। जब हमारे स्टूडेंट संघर्ष के बीच फंसे थे तो प्रेसिडेंट पुतिन ने उन्हें भारत लौटने में मदद की थी। मैं इसके लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं। आज हमारे कई युवा रशिया में पढ़ाई के लिए आते हैं। आप लोग यहां पर हर त्योहार बड़ी धूम-धाम से बनाते हैं। मैं आशा करूंगा कि इस बार 15 अगस्त तो और उत्साह से मनाएं। रूस के हमारे दोस्त भी आपके साथ इन आयोजनों में शामिल होते हैं।

5379487