PM Modi Ayodhya Speech Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अयोध्या के एक दिवसीय दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने के बाद महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण किया। इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा में पहुंचे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रधानमंत्री मोदी को रामलला की प्रतिमा भेंट की। इस दौरान पीएम मोदी ने 15,700 करोड़ की 46 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज यहां विकास दिख रहा है तो आने वाले दिनों यहां विरासत की भव्यता दिखेगी। 

पीएम मोदी के संबोधन की 11 बड़ी बातें

'सियावर राम चंद्र की जय' से शुरुआत: 'आप सभी को मेरा प्रणाम, आज पूरी दुनिया उत्सुकता के साथ 22 जनवरी के ऐतिहासिक क्षण का इंतजार कर रही है। ऐसे में अयोध्या वासियों में उत्साह बहुत है। भारत के जन-जन का मैं पुजारी हूं। मैं भी आपकी तरह उत्सुक हूं। हम सभी का उत्साह थोड़ी देर पहले अयोध्या की सड़कों पर नजर आ रहा था। ऐसा लगता था कि पूरी अयोध्या नगरी सड़क पर उतर आई है। इस प्यार के लिए आप सभी का आभार। सियावर राम चंद्र की जय...सियावर राम चंद्र की जय...सियावर राम चंद्र की जय। 

नेताजी सुभाष चंद्र बोस को किया याद: देश के इतिहास में 30 दिसंबर की तारीख बहुत ऐतिहासिक रही है। 1943 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में तिरंगा फहराकर भारत की आजादी का जयघोष किया था। ऐसे दिन हम आजादी के अमृतकाल को आगे बढ़ा रहे हैं। आज विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिल रही है। आज यहां 15 हजार 700 करोड़ के विकासकार्यों की शुरुआत  हुई है। ये कार्य अयोध्यावासियों के अथक परिश्रम का परिणाम हैं। सभी अयोध्यावासियों को अनेक बधाई देता हूं।

हम चंद्रमा और समुद्र की गहराई माप रहे: कोई भी देश हो, उसे आगे बढ़ने के लिए अपनी विरासत को संभालना होगा। एक समय था, जब यहीं अयोध्या में रामलला टेंट में विराजमान थे। आज पक्का घर सिर्फ रामलला को ही नहीं देश के 4 करोड़ गरीबों को भी मिला है। डिजिटल टेक्नोलॉजी की दुनिया में भारत आगे बढ़ रहा है। आज देश में सिर्फ केदारधाम का ही विकास नहीं हुआ, बल्कि 300 मेडिकल कॉलेज भी बने हैं। 2 लाख से ज्यादा पानी की टंकियां भी बनी हैं। हम चांद और समुद्र की गहराईयों को माप रहे हैं, तो पुरखों की विरासत को वापस भी ला रहे हैं। आज यहां विकास की, तो कुछ दिन बाद विरासत की भव्यता दिखेगी। यही ताकत देश को 21वीं सदी में सबसे आगे लेकर जाएगी। 

अयोध्या के वैभव को आधुनिकता से जोड़ना है: प्राचीन काल में अयोध्या नगरी कैसी थी? वाल्मीकि जी ने लिखा है कि महान अयोध्यापुरी धन धान्य से समृद्ध और आनंद से भरी थी। उसका वैभव शिखर पर था। अयोध्या के उसी वैभव को हमें आधुनिकता से जोड़कर वापस लाना है। इससे पूरा अवध क्षेत्र विकसित होगा।

एयरपोर्ट हमें दिव्य भव्य राम मंदिर से जोड़ेगा: हमारी सरकार अयोध्या को विकास कराकर स्मार्ट बना रही है। यहां नए पुल, फ्लाईओवर बन रहे हैं और कनेक्टिविटी में सुधार किया जा रहा है। मुझे खुशी है कि अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा है। आधुनिक भारत में यह एयरपोर्ट हमें दिव्य भव्य राम मंदिर से जोड़ेगा। इस एयरपोर्ट पर हर साल 5 लाख यात्री आ जा सकेंगे। स्टेशन की क्षमता अभी 10 से 15 हजार है, जो बढ़कर 60 हजार यात्रियों तक हो जाएगी। अयोध्या में आवाजाही सुगम होगी।

नए घाटों का विकास हो रहा: सरयू जी की निर्मलता बनी रहे, इसके लिए भी डबल इंजन सरकार संकल्पित है। यहां नए घाटों का विकास हो रहा है। लता मंगेशकर जैसे चौक यहां का वैभव बढ़ा रहे हैं। यहां रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बनेंगे। रिक्शावाले, फूलवाले, ठेले वाले और छोटे मोटे काम करने वाले सभी की आय बढ़ेगी। आज एक नई ट्रेन सीरीज देश को मिली है। अमृत भारत, वंदे भारत और नमो भारत... यह तीनों रेल ऊंचाई पर लेकर जाएंगी। अमृत भारत ट्रेन हमारे गरीब परिवारों को मदद करेगी।

वंदे भारत में आधुनिकता तो आत्मनिर्भर का गर्व: जो लोग काम के कारण लंबा सफर करते हैं। उन गरीबों को भी आधुनिक सुविधा से युक्त रेल गाड़ियों में सफर करने का हक है। आज देश के 34 रूट पर वंदे भारत ट्रेन चल रही है। इसी कड़ी में आज अयोध्या को भी वंदेभारत क उपहार मिला है। यहां से आनंद विहार, दिल्ली के लिए ट्रेन शुरू की गई है। इसमें गति भी है और आधुनिकता भी है और आत्मनिर्भर भारत का गर्व भी है।

22 जनवरी को जलाएं श्रीराम ज्योति: अयोध्या में हो रहे निर्माण कार्य रामभक्तों के लिए यात्रा को आसान बनाएंगे। हमें देश के लिए संकल्प लेना है। नई ऊर्जा से भरना है। इसके लिए आप सभी को 22 जनवरी के लिए आप सभी देशवासियों से प्रार्थना कर रहा हूं कि अपने घरों में राम ज्योति जलाएं।

23 जनवरी को अयोध्या में आइए: एक प्रार्थना है, सबका अयोध्या पहुंचना मुश्किल है। इसलिए मेरी उत्तर प्रदेश के राम भक्तों से प्रार्थना है कि एक बार विधि पूर्वक प्राण प्रतिष्ठा पूरी होने के बाद 23 तारीख से यहां आएं। प्रभुराम को कोई परेशानी न हो। इसलिए थोड़ा इंतजार करें। 500 साल इंजतार किया है। आपके लिए प्रभु राम का दिव्य भव्य मंदिर हमेशा मौजूद है। आप लोग 22 जनवरी के दिए भीड़ करने से बचिए। मंदिर ट्रस्ट को हमसे कोई परेशानी न हो। जिन्हें निमंत्रण गया है वो ही लोग प्राण प्रतिष्ठा के दिए यहां आएंगे। देश-दुनिया से लाखों लोग अयोध्या आएंगे और यह सिलसिला अनंत काल तक चलेगा।

अयोध्यावासियों से की सफाई अभियान की अपील: अयोध्यावासियों को भारत का सबसे स्वच्छ शहर बनाना है। देशभर के लोगों से प्रार्थना है, मकर संक्रांति के दिन से हर छोटे-बड़े मंदिर का सफल अभियान चलाना है। प्रभुराम पूरे देश में हैं। वे आ रहे हैं तो देश का एक भी मंदिर गंदगी से पटा नहीं होना चाहिए।

मोदी जो ठानता है, उसे पूरा करता है: आज मुझे उज्जवला योजना की 10 करोड़ वीं लाभार्थी से मिलने का अवसर मिला। 5 दशक में 2014 तक सिर्फ 5 करोड़ गैस कनेक्शन ही दिए थे। हमने 18 करोड़ कनेक्शन दिए हैं और इनमें से 10 करोड़ गरीबों को मुफ्त दिए गए हैं। लोग कहते हैं कि मोदी की गारंटी में इतनी ताकत क्यों हैं। क्योंकि मोदी जो ठान लेता है, उसे पूरा करता है। 

योगी बोले- प्रभु 22 जनवरी को आ रहे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज मोदी जी ने अयोध्या आकर नई अयोध्या नगरी का लोकार्पण किया है। देश के तमाम रामभक्तों की ओर से मैं उनका हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। प्रभु 22 जनवरी को आ रहे हैं। हमारा 500 सालों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। अयोध्या में नए रोड, रेल और हवाई यातायात को सुगम बनाया गया है। अयोध्या में पहले पुष्पक विमान उतरा था। आज नए एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड करेगी।

योगी ने कहा कि सबसे ज्यादा अयोध्या आने वाले पीएम में मोदी जी का नाम शामिल हो गया है। अयोध्या को बेहतरीन सुविधाओं से युक्त करने के लिए प्रधानमंत्री संकल्पित हैं। एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर प्रधानमंत्री ने किया है। क्योंकि उन्होंने ही हम सब तक श्रीराम की कहानी पहुंचाई है। 22 जनवरी को देश-दुनिया को अतिथि देवो भव का अनुभव कराना है।

सिंधिया ने कहा- पीएम ने विकास की गारंटी दी 
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आज ऐतिहासिक दिन है। इसका इंतजार हजारों सालों से था। 22 जनवरी को श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है। हमें अयोध्या को भारत ही नहीं, विश्व के मंच पर लाना है। आज रेल और हवाई मार्ग से अयोध्या की कनेक्टिविटी बढ़ी है। भारत आज विश्व पटल पर एक आध्यात्मिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। पीएम का निर्देश था कि यहां भव्य एयरपोर्ट बनना चाहिए, जहां श्रीराम की जीवन शैली को कोने-कोने में दिखाया जाए। हर दीवार पर श्रीराम से जुड़ी कला और संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। अभी 6500 वर्ग फीट का एयरपोर्ट बना है। इसे 5 लाख फीट तक लेकर जाएंगे। एयर इंडिया के दो विमान देश की राजनीतिक राजधानी से धार्मिक राजधानी अयोध्या को जोड़ने जा रहे हैं। सिंधिया ने कहा कि जो सनातन को नष्ट करने की बात कहते थे। प्रधानमंत्री ने हर काम और विकास के लिए गारंटी दी है।

अश्विनी वैष्णव बोले- अब यूपी का रेलवे बजट 17 हजार करोड़ हुआ
रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के रेल विकास का बजट सिर्फ एक हजार करोड़ रुपए था। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बजट 17 हजार करोड़ कर दिया है। 

पीएम मोदी ने महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे। इस एयरपोर्ट का निर्माण 2022 में शुरू हुआ था। 20 महीने में इसे तैयार किया गया है। आज पहली कॉमर्शियल फ्लाइट दिल्ली से अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। पहले फेज में 1450 करोड़ रुपए में एयरपोर्ट का विस्तार किया गया है। 6500 वर्गमीटर क्षेत्र में एयरपोर्ट का टर्मिनल है। सालाना यहां 10 लाख यात्रियों को सुविधाएं देने की क्षमता है। 

अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन और 8 ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
पीएम मोदी ने अयोध्या में सबसे पहले एयरपोर्ट से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन तक 8 किमी लंबा रोड शो किया। फिर अयोध्या धाम स्टेशन का लोकार्पण कर यहां 2 अमृत भारत और 6 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई। रेलवे स्टेशन से दोबारा एयरपोर्ट जाते वक्त पीएम मोदी ने दलित मीरा मांझी से मुलाकात की। मीरा के दो बच्चों से बात की। इसके बाद उन्हें राम मंदिर उद्घाटन कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।