Logo
Lok Sabha Polls 2024 Final Phase Heavyweights: लोकसभा चुनाव के सातवें यानी अंतिम चरण में कई बड़े दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। दिग्गजों में सबसे बड़ा चेहरा पीएम मोदी खुद हैं, जो तीसरी बार उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से मैदान में हैं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू यादव की बेटी मीसा भारती, अभिनेत्री से सियासत में उतरीं कंगना रनौत शामिल हैं। 

Lok Sabha Polls 2024 Final Phase Heavyweights: 19 अप्रैल को शुरू हुए लोकसभा चुनाव के लिए आज अंतिम दिन है। 7वें यानी अंतिम चरण के लिए आज, 1 जून का दिन मतदान का है। इस चरण में कुल 904 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। 7 राज्य और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इस चरण में कई बड़े दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। दिग्गजों में सबसे बड़ा चेहरा पीएम मोदी खुद हैं, जो तीसरी बार उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट से मैदान में हैं। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू यादव की बेटी मीसा भारती, अभिनेत्री से सियासत में उतरीं कंगना रनौत शामिल हैं। 

आइए जानते हैं 7वें चरण के दिग्गजों के बारें में...

नरेंद्र मोदी: जीत के अंतर को लेकर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता की हैट्रिक लगाने की उम्मीद कर रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश के वाराणसी से भाजपा के उम्मीदवार हैं। यह सीट उन्होंने 2014 और 2019 के चुनावों में जीती थी। पूर्वी यूपी की सीट देश की सबसे हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है, क्योंकि अब इसका प्रतिनिधित्व प्रधानमंत्री कर रहे हैं। 

PM Narendra Modi
PM Narendra Modi

1990 के दशक से भाजपा ने वाराणसी में केवल एक बार- 2004 के चुनावों में हार का सामना किया है। पिछली बार प्रधानमंत्री मोदी ने 4.79 लाख वोटों के अंतर से सीट जीती थी। इस बार, INDI गठबंधन ने भाजपा के सबसे प्रमुख उम्मीदवार के खिलाफ यूपी कांग्रेस प्रमुख अजय राय को मैदान में उतारा है। राय ने 2019 में भी वाराणसी से चुनाव लड़ा था, लेकिन तीसरे स्थान पर रहे थे। इस बार यहां पीएम मोदी की जीत के अंतर को लेकर चर्चा है। 

Anurag Thakur
Anurag Thakur

अनुराग ठाकुर: कांग्रेस ने बनाया मुकाबला दिलचस्प
देश के सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर खेल विभाग भी संभालते हैं। वे हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने यह सीट लगातार चार बार जीती है। 50 साल के अनुराग ठाकुर पूर्व कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा के खिलाफ मैदान में हैं। हमीरपुर संसदीय सीट के अंतर्गत 17 विधानसभा क्षेत्र हैं। जिनमें से छह कांग्रेस के पास हैं। 

दरअसल, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू और उनके डिप्टी मुकेश अग्निहोत्री इनमें से दो क्षेत्रों से विधायक हैं। इसलिए, कांग्रेस ठाकुर के लिए मुकाबला कठिन बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। अनुराग ठाकुर ने 2019 में लगभग 4 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।

Kangana Ranaut
Kangana Ranaut

कंगना रनौत: चुनावी आगाज
बॉलीवुड क्वीन अभिनेत्री कंगना रनौत हिमाचल के मंडी से अपना चुनावी आगाज कर रही हैं। यह सीट वर्तमान में राज्य कांग्रेस प्रमुख और छह बार के मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के पास है। हिमाचल से ताल्लुक रखने वाली 37 वर्षीय अभिनेत्री चुनाव से कुछ समय पहले भाजपा में शामिल हुई थीं। 

मंडी वीरभद्र सिंह के परिवार का गढ़ रहा है, लेकिन भाजपा के राम स्वरूप शर्मा ने 2014 और 2019 में इसे जीता था। 2021 में उनके निधन के कारण उपचुनाव हुआ, जिसमें प्रतिभा सिंह चुनी गईं। इस बार प्रतिभा सिंह के बेटे और राज्य मंत्री विक्रमादित्य सिंह हाई-प्रोफाइल मुकाबले में कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

Abhishek Banerjee
Abhishek Banerjee

 

अभिषेक बनर्जी: टीएमसी में दूसरा बड़ा चेहरा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल कांग्रेस में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले अभिषेक बनर्जी डायमंड हार्बर से चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट उन्होंने दो बार जीती है। तृणमूल महासचिव पार्टी के दूसरे सबसे प्रमुख चेहरे के रूप में उभरे हैं। इस लोकसभा चुनाव में अभिषेक बनर्जी सीपीएम के प्रतीकुर रहमान और भाजपा के अभिजीत दास के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बनर्जी ने 2019 के चुनावों में 3.21 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी।

Misa Bharti
Misa Bharti

मीसा भारती: क्या जीत का स्वाद चख पाएंगी?
राज्यसभा सांसद और राजद के संरक्षक लालू प्रसाद यादव की सबसे बड़ी बेटी मीसा भारती इस बार बिहार की पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से विपक्षी दल की उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही हैं। भारती को 2014 और 2019 में इस सीट से हार मिली थी। भाजपा के राम कृपाल यादव, जो कभी लालू प्रसाद यादव के करीबी विश्वासपात्र थे, जीत गए थे। इस बार भी भारती राम कृपाल यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

Ravi Kishan
Ravi Kishan

रवि किशन: यहां तो ब्रांड योगी
अभिनेता-राजनेता रवि किशन को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भाजपा ने फिर से अपना उम्मीदवार बनाया है, जहां से उन्होंने 2019 के चुनाव में जीत हासिल की थी। गोरखपुर सीट भाजपा का गढ़ है और पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से पार्टी के पास है।

भाजपा के फायरब्रांड नेता और वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार पांच बार इस सीट पर जीत दर्ज की है। समाजवादी पार्टी के प्रवीण कुमार निषाद ने 2018 के उपचुनावों में आश्चर्यजनक जीत हासिल की थी, लेकिन अगले साल रवि किशन से हार गए थे। प्रवीण कुमार निषाद अब भाजपा के साथ हैं। इस बार समाजवादी पार्टी ने रवि किशन के खिलाफ बड़ी लड़ाई के लिए अभिनेत्री काजल निषाद को चुना है।
 

5379487