PM Narendra Modi Remark: देश में लोकसभा चुनाव जिस गति से आगे बढ़ रहा है, नेताओं के बीच जुबानी जंग भी बढ़ती जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार, 21 अप्रैल को राजस्थान की एक रैली में कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो देश की संपत्ति उन लोगों को बांट देगी जिनके ज्यादा बच्चे हैं। इसके बाद पीएम कांग्रेस नेताओं के निशाने पर हैं। 

1% लोग आज देश का 40% धन खा गए: ओवैसी
पीएम मोदी के बयान पर असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने मुसलमानों को घुसपैठिए बताया और कहा कि उनके ज़्यादा बच्चे होते हैं। 2002 से लेकर अब तक मोदी की बस एक ही गारंटी रही है। भारत के मुसलमानों को गालियां दो और वोट बटोरो। अगर बात मुल्क की संपत्ति की हो रही है तो मोदी सरकार में देश के धन पर पहला हक उनके अरबपति दोस्तों का रहा है। भारत के 1% लोग आज देश का 40% धन खा गए। आम हिंदुओं को मुसलमानों का डर दिखाया जा रहा है, पर सच तो यही है कि आपके पैसों से कोई और अमीर हो रहा है।

एक तरफ राम मंदिर का उद्घाटन, दूसरी तरफ नफरत
उधर, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी राम मंदिर का उद्घाटन करते हैं तो दूसरी तरफ नफरत फैलाते हैं। ऐसा लग रहा है कि पहले चरण का चुनाव उनके पक्ष में नहीं रहा। नफरत के घोड़े का दूल्हा बन कर आप कभी हिंदुस्तान को बरकारर नहीं रख सकते। हम प्रधानमंत्री पद और उस पद पर आसीन व्यक्ति का सम्मान करते हैं। लेकिन जब प्रधानमंत्री सम्मान के लायक नहीं है तो देश को आवाज उठानी चाहिए। मोहन भागवत चुप क्यों हैं?

भाजपा ने मनमोहन सिंह की क्लिप के साथ किया पलटवार
कांग्रेस ने दावा किया कि प्रधानमंत्री झूठ बोल रहे हैं और हिंदुओं और मुसलमानों के बीच विभाजन पैदा कर रहे हैं। वहीं भाजपा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की 2006 की एक क्लिप के साथ पलटवार किया। जिसमें मनमोहन सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि देश के संसाधनों पर पहला दावा मुसलमानों का है। इस रैली से पहले हुई एक अन्य सभा में पीएम मोदी ने कांग्रेस को 'अर्बन नक्सली' पार्टी कहा था। 

जानिए पीएम मोदी ने क्या कहा था?
पीएम मोदी ने बांसवाड़ा की रैली में कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र में कहा गया है कि वे माताओं और बहनों के साथ सोने का हिसाब करेंगे। हरेक की प्रॉपर्टी का सर्वे किया जाएगा। हमारी बहनों के पास कितना सोना है, इसकी जांच की जाएगी। चांदी का हिसाब लगाया जाएगा। सोना सिर्फ दिखाने के लिए नहीं है, यह एक महिला का स्वाभिमान है। मंगलसूत्र का मूल्य सिर्फ सोने की कीमत तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके सपनों से जुड़ा है। 

इससे पहले, जब उनकी (कांग्रेस) सरकार सत्ता में थी, उन्होंने कहा था कि देश की संपत्ति पर पहला अधिकार मुसलमानों का है। इसका मतलब है कि यह संपत्ति किसे वितरित की जाएगी? यह उन लोगों के बीच वितरित की जाएगी जिनके अधिक बच्चे हैं। यह घुसपैठियों को वितरित किया जाएगा। क्या आपकी मेहनत की कमाई घुसपैठियों के पास जानी चाहिए? क्या आपको यह मंजूर है? प्रधान मंत्री ने यह भी कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो सोना और मेहनत की कमाई छीनकर अवैध अप्रवासियों में बांट देगी और लोगों से पूछा कि क्या यह उन्हें स्वीकार्य है।

राहुल गांधी बोले- रुझान मिलने लगे
हालांकि, कांग्रेस ने पीएम मोदी के दावों को खारिज कर दिया और कहा कि उनके घोषणापत्र में ऐसा कोई वादा नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर उनके बयान को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पहले चरण के मतदान में मिली निराशा के बाद प्रधानमंत्री के झूठ का स्तर इतना गिर गया है कि वह अब डर के मारे मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं।

राहुल गांधी ने कांग्रेस के 'क्रांतिकारी घोषणापत्र' पर मिल रहे अपार समर्थन को लेकर रुझान आने शुरू हो गए हैं। देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा, अपने रोजगार, अपने परिवार और अपने भविष्य के लिए वोट करेगा।

भाजपा ने पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह की एक क्लिप साझा की और सवाल किया कि क्या कांग्रेस को अपने ही प्रधान मंत्री पर भरोसा नहीं है।