Logo
Parliament Session Live: लोकसभा चुनाव के बाद संसद का विशेष सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक बुलाया गया था। लोकसभा की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। बुधवार को राज्यसभा में को कार्यवाही का अंतिम दिन रहा।

Parliament Session: संसद के विशेष सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार दूसरे दिन विपक्ष पर जमकर हमला बोला। मोदी बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल रहे थे। प्रधानमंत्री के भाषण के दौरान विपक्ष ने उच्च सदन में जमकर हंगामा करते हुए वॉकआउट किया। इस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आरोप लगाने वाले सच नहीं सुन पाए, इसलिए मैदान छोड़कर भाग गए। इसके बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि आज विपक्ष ने जो किया, उससे देश के 140 करोड़ लोग आहत हुए हैं। मैं विपक्ष के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं। मैं इस कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं। भारत के संविधान का अपमान हुआ। मोदी ने कहा कि विपक्ष को जनादेश समझ नहीं आ रहा है, वे इसे पचा नहीं पा रहे हैं।

कांग्रेस हार से क्यों खुश है?
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा कि कांग्रेस के साथी खुश हैं। क्या ये खुशी हार की हैट्रिक पर है, क्या ये खुशी नर्वस 90 की है या ये एक और असफल लॉन्च की है। मैं देख रहा था कि खड़गे जी भी खुश नजर आ रहे थे। इस हार का ठीकरा जिन पर फूटना था, वो बच निकले और खड़गे जी दीवार बनकर सामने आ गए। ऐसी परिस्थितियों में कांग्रेस हमेशा दलितों को आगे करती रही है। दलित मरे उनका कुछ नहीं जाता है। कांग्रेस ने हार का ठीकरा हमेशा दलितों पर फोड़ा, उनकी मानसिकता एसटी-एसटी और ओबीसी विरोधी है। बता दें कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 2 जुलाई (मंगलवार) को खत्म हुआ। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान करीब 2 घंटे लंबा संबोधन दिया था। उन्होंने इस दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से लगाए गए आरोपों का जबाव दिया। इशारों में राहुल गांधी को बालक बुद्धि तक कह डाला।

संसद का विशेष सत्र खत्म हुआ
संसद का विशेष सत्र 24 जून से 3 जुलाई तक बुलाया गया। लोकसभा की कार्यवाही 2 जुलाई और राज्यसभा की 3 जुलाई को पूरी हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र के कामकाज को लेकर बताया कि पहले सत्र में 7 बैठकें हुईं और करीब 34 घंटे तक चली। लोकसभा ने इस सत्र के दौरान 103% प्रोडक्टिविटी दर्ज की। स्पीकर ने सदन को बताया कि 27 जून को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा 18 घंटे से ज्यादा समय तक चली और 68 सदस्यों ने इसमें हिस्सा लिया। इसके अलावा, 50 सदस्यों ने अपने भाषण दिए। 2 जुलाई को प्रधानमंत्री के जवाब के साथ चर्चा समाप्त हुई।

PM Modi Speech Live Updates:

  • विश्व में सबसे युवा आबादी वाले देश
    पीएम मोदी बोले- भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकारें भी आगे आएं। इस सदन से राज्यों को एक संदेश जाए कि वे एक सहयोगी और प्रतियोगी माहौल में काम करें। ये सदी भारत की सदी है। हम विश्व में सबसे युवा आबादी वाले हैं। हमें देश के विकास के लिए अवसरों की खोज करनी है। मैं दुनिया के नेताओं से मिलता हूं। पूरा विश्व भारत में निवेश के लिए तैयार हैं और इसकी शुरुआत राज्यों से होगी।

  • मणिपुर की स्थिति सामान्य करने के लिए प्रयासरत
    पीएम मोदी बोले- पूर्वोत्तर में स्थाई समाधान को लेकर काम कर रहे हैं, जो संगठन हथियार लेकर अंदरखाने लड़ाई लड़ते थे, वो आज सरेंडर कर रहे हैं। मणिपुर की स्थिति सामान्य करने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत हैं। वहां जो घटनाएं हुईं, 11 हजार एफआईआर की गईं और 500 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए गए। मणिपुर में हिंसक घटनाएं कम होती जा रही हैं। आज मणिपुर में आम दिनों की तरह स्कूल चल रहे हैं, दफ्तर और बाजार खुल रहे हैं। मणिपुर में भी छात्रों ने पेपर दिए। केंद्र सरकार सभी से वार्ता कर शांति के लिए कोशिश कर रही है। पहले की सरकारों में ऐसा नहीं हुआ। हमारे गृहमंत्री और गृह राज्य मंत्री कई दिनों तक वहां रहे। आज केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं। जो भी तत्व मणिपुर की आग में घी डालने की कोशिश कर रहे हैं, वो ऐसा करना बंद करें। एक वक्त ऐसा आएगा कि मणिपुर ही उनको रिजेक्ट करेगा। कांग्रेस के लोग ये न भूलें, इतने छोटे राज्य में 10 बार राष्ट्रपति शासन लगाया। हमारी सरकार में ऐसा नहीं हुआ। 1993 में ऐसी ही घटनाओं का क्रम चला था, जो 5 साल तक जारी रहा। हमें शांति स्थापित करना है।

  • जम्मू कश्मीर में आतंक और अलगाव खत्म
    जम्मू-कश्मीर में चुनाव में रिकॉर्ड मतदान संविधान पर भरोसा है। मैं वहां के मतदाताओं को बधाई देता हूं। जम्मू-कश्मीर में आकंत के खिलाफ हमारी लड़ाई अंतिम दौर में है। अब वहां आतंक और अलगाव खत्म हो रहा है। वहां टूरिज्म और निवेश बढ़ रहा है। जो लोग नॉर्थ ईस्ट पर सवाल उठाते हैं, उन्हें इलाके को अपने हाल पर छोड़ दिया था। आज नॉर्थ ईस्ट पूर्वी एशिया के साथ व्यापार और सांस्कृतिक गेटवे बन रहा है। पूर्वोत्तर में पिछले 10 साल में कनेक्टिविटी बढ़ी है।

  • नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को छोड़ेंगे नहीं
    पीएम मोदी ने NEET पेपर लीक पर कहा कि  राष्ट्रपति जी ने पेपर लीक पर चिंता व्यक्त की थी। लेकिन विपक्ष ने नौजवानों की हकों पर चर्चा को राजनीति की भेंट चढ़ा दिया। देश के युवाओं को आश्वस्त करता हूं कि पेपर लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। छात्रों को धोखा देने वालों को छोड़ेंगे नहीं। 

  • चुनाव लड़ना मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं
    पीएम मोदी ने कहा- भ्रष्टाचार एक ऐसी दीमक है, जिसने देश को खोखला कर दिया है। चुनाव लड़ना मेरे लिए राजनीति का विषय नहीं है, ये मेरा मिशन है। 2014 में मैंने कहा था कि मेरी सरकार गरीबों के कल्याण और भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार करेगी। दुनिया की सबसे बड़ी गरीब कल्याण योजना हमने शुरू की है। भ्रष्टाचार से जुड़े कानूनों को सशक्त किया है। डीबीटी शुरू की ताकि कोई लीकेज न हो। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम लेकर आए हैं। मैंने देश में एजेंसियों को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की खुली छूट देकर रखी है। लेकिन वो ईमानदारी से काम करें। सरकार कहीं भी टांग नहीं अड़ाएगी।

  • कांग्रेस सरकार में सीबीआई को सरकारी तोता कहा गया
    पीएम मोदी ने कहा कि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कैसे होता था- कुछ उदाहरण बताता हूं। स्वर्गीय मुलायम सिंह जी ने कहा था कि कांग्रेस से लड़ना आसान नहीं है। वो ईडी, सीबीआई पीछे लगा देगी। मैं रामगोपाल यादव जी से पूछना चाहता हूं कि क्या नेताजी झूठ बोलते थे। थोड़ी बातें भतीजे को भी बता दीजिए। कांग्रेस सरकार में किसने उनके गले में सीबीआई का फंसा डाला था। कांग्रेस सरकार में तो सीबीआई को सरकारी तोता कहा गया था।

  • नाम लिए बिना आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
    पीएम मोदी ने कहा कि शराब घोटाला करें आप, पानी घोटाला करे आप, कांग्रेस की शिकायतें करें आप और अब कांग्रेस आप का साथ दे रही है। कार्रवाई होती है तो मोदी को गाली देते हैं। कांग्रेस ने कभी आप पर गंभीर आरोप लगाए थे। ये लोग दिल्ली में एक साथ बैठकर भ्रष्टाचारियों को बचाने की कोशिश करते हैं और शहजादे उन्हीं के सहयोगी केरल में कहते हैं कि उनके मुख्यमंत्री को जेल भेज दें।

  • कांग्रेस का परजीवी युग शुरू
    पीएम मोदी ने कहा- इमरजेंसी के दौरान मुजफ्फरनगर और तुर्कमान गेट पर अल्पसंख्यकों के साथ क्या हुआ था? ऐसी तानाशाही को संविधान की आड़ लेकर ये लोग अपने काले कारनामों को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। उस समय जो छोटे दल बने थे, वो आज कांग्रेस के साथ हैं। अब कांग्रेस का परजीवी युग शुरू हुआ है। आज भी कांग्रेस को किसी ने स्वीकार नहीं किया है। वो दूसरों के कंधों पर बैठकर यहां आई है। फेक नेरेटिव के जरिए देश को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। उच्च सदन में विकास की चर्चा होना स्वभाविक है। लेकिन भ्रष्टाचार में घिरे ये लोग सरकार की कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। ऐसा आरोप लगाया गया है कि सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

  • कांग्रेस ने इंडिया इज इंदिरा का दिया नारा
    पीएम मोदी ने कहा- एक परिवार ने सरकार पर कब्जा कर लिया था। आपने तो इंडिया इज इंदिरा, इंदिरा इज इंडिया का नारा लगाते थे। आपको इमरजेंसी पर करना अच्छा नहीं लगता। कांग्रेस के लोग पाप करके बैठ गए। इनके साथ जो लोग बैठे हैं, उन्होंने भी इमरजेंसी का संकट झेला है, लेकिन कुछ मजबूरियां रही होंगी, जो आज उनके साथ बैठे हैं। अगर आपके मन में संविधान के प्रति भावना होती तो वहां नहीं बैठते।

  • इमरजेंसी के दौरान संविधान पर बुलडोजर चलाया
    मोदी ने कहा- संविधान की रक्षा के लिए 1977 में चुनाव हुआ था। संविधान की रक्षा सिर्फ हम करते हैं। कांग्रेस ने इमरजेंसी के दौरान संविधान पर बुलडोजर चलाया था। इन चुनावों में देश ने संविधान की रक्षा के लिए वोट किया है। प्रधानमंत्री एक संवैधानिक पद है, आपने प्रधानमंत्री के संसद के निर्णय को फाड़ दिया, ये हक किसने आपको दिया। प्रधानमंत्री के ऊपर एनएसई बैठाकर रिमोट से सरकार चलाई।

  • कांग्रेस की एक और असफल लॉन्च
    पीएम मोदी ने कहा जो लोग वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में सुतंलन चाहते हैं, उनके लिए भारत बहुत ही श्रेष्ठ भूमि के रूप में उभरा है। स्टॉक मार्केट में तो उछाल आज भी नजर आ रहा है। हमारे कांग्रेस के लोग भी बहुत खुश हैं। क्या ये खुशी हार पर है, क्या ये खुशी नर्वस 90 की है या ये एक और असफल लॉन्च की है। मैं देख रहा था कि खड़गे जी भी खुश नजर आ रहे थे। इस हार का ठीकरा जिनपर फूटना था, वो बच निकले और खड़गे जी दीवार बनकर सामने आ गए। कांग्रेस हमेशा दलितों को करती रही है। दलित मरे उनका कुछ जाता नहीं है। उपराष्ट्रपति चुनाव में सुशील कुमार शिंदे का लड़ा दिया। राष्ट्रपति चुनाव में मीरा कुमार को लड़ा दिया। वे देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जी का अपमान करते रहे। देश की पहले आदिवासी राष्ट्रपति का अनादर करने में भी उन्होंने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी।

  • महिला अत्याचार पर विपक्ष का सिलेक्टिव रवैया
    PM बोले कि देश का दुर्भाग्य है कि महिलाओं के साथ सिलेक्टिव रवैया रखा जाता है। मैं किसी राज्य के खिलाफ नहीं बोलता, लेकिन कुछ समय पहले बंगाल (दिनाजपुर की घटना का जिक्र) से आई कुछ तस्वीरों में देखा कि एक महिला को लाठियों से सरेआम पीटा जा रहा था। लेकिन जब पीड़ा संदेशखाली से आई। इस पर बड़े-बड़े दिग्गज चुप्पी साधे बैठे हैं। क्योंकि उनके संबंध वहां से आने वाले एक राजनीतिक दल से हैं। इससे देश को तो पीड़ा होती ही है, महिलाओं को ज्यादा होती है। लेकिन जब राजनीति सिलेक्टिव नहीं होती है तो उनको सांप सूंघ जाता है।

  • गांवों में नमो ड्रोन दीदी बनाई गई
    पीएम ने कहा- देश में विश्वकर्मा समाज को आधुनिक बनाने पर काम हो रहा है। मैं सुधा मूर्ति जी का आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने महिलाओं के आरोग्य की चर्चा की थी और कहा कि मां अगर चली गई तो उसका कोई विकल्प नहीं होता है। देश की महिलाओं को सेनेटरी पैड और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई हैं। हमने 4 करोड़ से ज्यादा घर महिलाओं के नाम कराए हैं। महिला शक्तिकरण की दिशा में स्वसहायता समहू अच्छा काम कर रही हैं। अभी तक 1 करोड़ बहने इन समूहों से जुड़कर लखपति दीदी बनेंगी। आने वाले सालों में इस आंकड़े को 3 करोड़ तक लेकर जाने का लक्ष्य है। सरकार चाहती है कि हर नई टेक्नोलॉजी महिलाओं को मिले। इसी क्रम में गांवों में नमो ड्रोन दीदी बनाई गई हैं। ये उनके जीवन में आगे बढ़ने का ड्राइविंग फोर्स है।

  • ट्रांसजेंडर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का किया प्रयास
    मोदी ने कहा- विपक्ष इस जनादेश को पचा नहीं पा रहा है। जनता ने उन्हें हर स्तर पर पराजित किया है। हमने 10 सालों में किसानों पर खाद का बोझ नहीं पड़ने दिया। आजादी के बाद जिनको कभी पूछा नहीं गया, आज मेरी सरकार उनको पूछती भी है और पूजती भी है। हमने दिव्यांग भाइयों के लिए माइक्रो लेवर पर कार्य किया है। हमारे समाज में किसी न किसी कारण एक उपेक्षित वर्ग ट्रांसजेंडर के लिए कानून बनाने का काम किया है। उनको मुख्यधारा में लाने का प्रयास किया है। हमारे विमुक्त और बंजारा परिवार के लिए बेहतर जीवन की दिशा में कार्य कर रहे हैं। PVGT आदिवासी समुदाय के लिए कार्य कर रहे हैं।

  • सभापति बोले- कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं
    विपक्ष के वाकउट पर सभापति ने कहा- देश के 140 करोड़ लोग इस घटना से आहत हुए हैं। मैं विपक्ष के इस कृत्य की भर्त्सना करता हूं। मैं इस कुर्सी पर बैठकर दुखी हूं। भारत के संविधान का अपमान हुआ है। मुझे उम्मीद है कि वे लौटकर आएंगे।

  • झूठ फैलाने वाले मैदान छोड़कर भाग गए
    पीएम मोदी ने कहा कि देश देख रहा है, झूठ फैलाने वालों की सत्य सुनने की ताकत नहीं होती है। जिनके हौंसले नहीं है, इतनी चर्चा के बाद इन्होंने जो मुद्दे उठाए, उनके जवाब सुनने की शक्ति भी नहीं है। ये देश के अपर हाउस को अपमानित कर रहे हैं। अब इनके पास गली मोहल्लों में चीखना चिल्लाना ही बचा है। ये लोग मैदान छोड़कर भाग गए।

  • 10 करोड़ किसानों को मिला सम्मान निधि का लाभ
    पीएम मोदी ने कहा कि पहले देश में छोटे किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड और लोन लेना बहुत मुश्किल काम था। किसान सम्मान निधि का लाभ देश के 10 करोड़ किसानों को मिला है। किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लेकर आए हैं। 

  • किसान, गरीब, युवा और नारी शक्ति पर ध्यान केंद्रित
    पीएम मोदी ने कहा कि अगले 5 साल में पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इस दिशा में हम काम कर रहे हैं। आने वाले समय में छोटे शहरों में विकास नजर आएगा। भारत की विकास यात्रा में किसान, गरीब, युवा और नारी शक्ति पर ध्यान केंद्रित किया है। यहां भी कई साथियों ने खेती और किसानों को लेकर विचार रखे हैं। कई सकारात्मक बातें रखी हैं। मैं उनके विचारों का आदर करता हूं।

  • भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ा इकोनॉमी बनेगा
    पीएम मोदी ने कहा कि देश गरीबी के खिलाफ लड़ाई में विजयी होकर रहेगा। ये मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं। जब भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ा इकोनॉमी बनेगा। तब भारत के हर स्तर पर सकारात्मक प्रभाव होगा, वैश्विक परिवेश में भी अभूतपूर्व प्रभाव नजर आएगा। आने वाले कालखंड में हम नए स्टार्टअप और कंपनियों का विकास देख रहे हैं। हमारे टियर 2 और टियर 3 सिटी ग्रोथ देख रही हैं।

  • विकास की गति भी बढ़ाएगें
    पीएम मोदी ने कहा कि यहां कई ऐसे विद्वान हैं कि इसमें कोई नई बात नहीं है। ये तो होना ही है। कुछ लोगों को ऑटो मोड और रिमोट मोड पर सरकार चलाने में भरोसा था, लेकिन हम इसमें भरोसा नहीं करते हैं। हम आने वाले सालों में गति भी बढ़ाएं, विस्तार भी बढ़ाएं और उसमें गहराई भी होगी। चुनाव के दौरान मैंने कहा था कि 10 साल के कामकाज तो एक ऐपेटाइजर थे, मेनकोर्स तो अब शुरू हुआ है।

  • देश की अर्थव्यवस्था को टॉप 3 में लेना लक्ष्य
    पीएम मोदी ने कहा कि ये चुनाव 10 साल की सिद्धियों और भविष्य के संकल्पों पर मुहर है। देश की जनता का एकमात्र भरोसा हम पर है और इसीलिए ये अवसर दिया है। जनता जानती है कि कैसे देश की अर्थव्यवस्था 10 साल में 5वें स्थान पर पहुंची है। कोरोना के कठिन कालखंड, तनाव के वातावरण के बावजूद आज हम इकोनॉमी को 10वें स्थान से 5 नंबर पर लेकर जाने में कामयाब हुए हैं। अब देशवासियों ने हमें इकोनॉमी को दुनिया की टॉप 3 में पहुंचाने का काम सौंपा है।

  • संविधान दिवस जनव्यापी अभियान; विपक्ष ने किया विरोध
    पीएम मोदी ने कहा कि हमारे लिए संविधान कोई आर्टिकल्स का कंपाइलेशन मात्र नहीं है। हमारे लिए उसके शब्द मायने रखते हैं। हमारा संविधान सरकारों के कामकाज में दिशा निर्देशक की तरह काम करता है। मुझे याद है कि जब सरकार ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाएंगे। मैं हैरान हूं कि आज जो लोग संविधान की प्रति लहराते फिरते हैं, उन लोगों ने विरोध करते हुए कहा था कि इसकी क्या जरूरत है, 26 जनवरी तो है। देश के महापुरुषों ने संविधान में कौन सी चीजों को छोड़ा, किसे जोड़ा। इस पर देशभर के स्कूलों में चर्चा हो। संविधान दिवस देश हित में एक जन व्यापी अभियान है।
  • धर्म की राजनीति को देश ने ठुकराया
    पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक सहयोगी दल के एक नेता कह रहे थे कि हमारा एक तिहाई समय निकला है, दो तिहाई अभी बाकी है। उनकी इस भविष्यवाणी के लिए उनके मुंह में घी शक्कर। धर्म की राजनीति को देश की जनता ने ठुकराया है। हम संविधान के 75वें साल में प्रवेश कर रहे हैं। एक सुखद संयोग है। मेरे संज्ञान में कुछ लोग हैं, जिनके परिवार से कोई सरपंच तक नहीं रहा और वे आज देश के अहम पदों पर सेवा कर रहे हैं। क्योंकि बाबा साहेब ने हमें संविधान दिया और इसी कारण आज हम लोग यहां हैं।
  • जनता ने लगातार तीसरी बार काम करने का मौका दिया
    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- दशकों के बाद जनता ने लगातार तीसरी बार काम करने का मौका दिया है। 6 दशक में आई ये घटना असामान्य है और कुछ लोग जानबूझकर उससे अपना मुंह फेरकर बैठे रहे। कुछ लोगों को समझ ही नहीं आया और जिन्हें कुछ समझ आया, उन्होंने देश की जनता के फैसले को ब्लैक आउट करने की कोशिश की। लेकिन मैं पिछले दो दिन से देख रहा हूं कि विजय और पराजय दोनों स्वीकर हो रही है।
5379487