Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बुधवार, 24 जनवरी को 11वां दिन है। कांग्रेस सांसद भाजपा शासित असम में यात्रा निकाल रहे हैं। बुधवार देर रात मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के आदेश पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है। सभी पर हिंसा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, भीड़ को उकसाने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने का आरोप है। राहुल गांधी ने सीएम हिमंता पर कटाक्ष किया कि वे केस इसलिए दर्ज कर रहे हैं, क्योंकि उनके मन में डर है। 

कांग्रेस समर्थकों ने तोड़ दी थी बैरिकेडिंग
दरअसल, यात्रा के 10वें दिन बुधवार को राहुल गांधी गुवाहाटी पहुंचे। लेकिन पुलिस ने उन्हें शहर के अंदर जाने से रोक दिया। पुलिस ने गुवाहाटी शहर की तरफ जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग लगा दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए। बैरिकेड तोड़ दिया। घटना को लेकर राहुल गांधी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि जिस रास्ते पर हमारी यात्रा को रोका गया, उसी रास्ते से बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैली निकली थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटाए हैं, लेकिन हमने कानून नहीं तोड़ा है। 

असम पुलिस ने ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा होने का हवाला देकर शहर के अंदर यात्रा ले जाने से मना किया था। पुलिस ने कहा था कि वर्किंग डे है। अगर यात्रा शहर के अंदर गई तो ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाएगी। रैली को नेशनल हाइवे पर जाने का निर्देश दिया था। 

वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि डीजीपी राहुल गांधी पर केस दर्ज कराएं। उनके पोस्ट किए गए वीडियो को बतौर सबूत इस्तेमाल करिए। ऐसा बर्ताव असमिया कल्चर का हिस्सा नहीं है। ये नक्सली गतिविधियां हमारी संस्कृति से अलग हैं। 

सच्चाई के लिए लड़ता हूं, भले ही पूरी दुनिया दूसरी तरफ खड़ी हो
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि भाजपा यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रही है, क्योंकि उसे पहले की यात्रा (भारत जोड़ो यात्रा) का अनुभव है, जो कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। भाजपा ने कहा था कि इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। लेकिन धीरे-धीरे इसका प्रभाव महसूस किया जाने लगा है। जम्मू-कश्मीर में माहौल बना। अब भाजपा की सोच यात्रा को बाधित करने की है। लेकिन मैं इन चीजों से डरता नहीं हूं। मुझे गाली दो, मुझे परेशान करो, मुझे निशाना बनाओ, मैं डरता नहीं हूं। मैं अपनी सच्चाई के लिए लड़ता हूं, भले ही पूरी दुनिया दूसरी तरफ खड़ी हो। 

Rahul Gandhi Bharat Jodo Nyay Yatra

राहुल बोले- डर रही है भाजपा
राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देश पर उन्हें मेघालय में एक निजी विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ बातचीत करने की अनुमति नहीं दी गई। राहुल को असम की सीमा से लगे री भोई जिले में विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेघालय में छात्रों को देखा गया। राहुल गांधी ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री जो कर रहे हैं उससे कांग्रेस को फायदा हो रहा है क्योंकि यात्रा असम में मुख्य मुद्दा बन गई है।

मुंबई में समाप्त होगी न्याय यात्रा
राहुल गांधी ने 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू की थी। 6,713 किलोमीटर लंबी यात्रा 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।