Rahul Gandhi on PM Modi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर असम में हैं। सोमवार को राहुल गांधी असम में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान बताद्रवा थान पहुंचे। उनका आरोप है कि उन्हें मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हम मंदिर जाना चाहते हैं। मैंने ऐसा क्या अपराध किया है कि मैं मंदिर नहीं जा सकता? इसके बाद वे मंदिर के बाहर धरने पर बैठ गए। उनके साथ आए लोगों ने रघुपति राघव राजाराम भजन गाकर अपना विरोध जताया है। 

Watch Video...

पहले हमें मिला निमंत्रण, अब कहा कि नहीं आ सकते
राहुल गांधी ने कहा कि मैं मंदिर जाना चाहता हूं, इसमें गलत क्या है? पहले हमें आने की इजाजत दी गई थी, लेकिन अब प्रशासन कह रहा है कि हम नहीं जा सकते। रामलला प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम मोदी के अयोध्या दौरे पर तंज कसते हुए राहुल गांधी ने कहा कि शायद आज सिर्फ एक व्यक्ति ही मंदिर में जा सकता है।

इस संबंध में बत्रादावा थान की प्रबंधन समिति ने रविवार को बयान दिया था। समिति ने कहा कि राहुल गांधी को अयोध्या राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह के बाद बत्रादावा में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। थान प्रबंधन समिति ने कहा कि आज राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा है और थान में कई श्रद्धालु आएंगे। इसके अलावा थान परिसर के बाहर भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। इसी वजह से राहुल गांधी का दौरा कार्यक्रम दोपहर 3 बजे के बाद होगा। 

Watch Video...

असम सरकार का दबाव, इसलिए रोका गया
कांग्रेस महासचिव संचार प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि एकमात्र उद्देश्य राहुल गांधी को धार्मिक स्थल पर जाने से रोकना था। राहुल को बत्रादावा थान जाने की अनुमति दी गई थी। यह एक ऐतिहासिक स्थान है। यह महान धार्मिक व्यक्ति शंकर देव जी का जन्मस्थान है। गौरव गोगोई, जो यहां से सांसद हैं, को भी अनुमति दी गई थी। अचानक हमें बताया गया कि हम नहीं जा सकते। यह असम सरकार का दबाव है। इससे बड़ा अन्याय नहीं हो सकता। 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच वाकयुद्ध चल रहा है। रविवार को सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी से राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के समापन के बाद बताद्राव थान जाने की अपील की थी। 

गौरव गोगोई बोले- राहुल गांधी की भक्ति कम नहीं होगी
असम से कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा कि राज्य सरकार की कार्रवाई से राहुल गांधी की भक्ति कम नहीं होगी और न ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शक्ति पर कोई असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह असम के लिए बड़े दुर्भाग्य की बात है कि यात्रा के पहले दिन से ही राहुल जी बार-बार शंकर देव जी के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त कर रहे हैं और उन्हें आज रोक दिया गया है। वर्तमान भाजपा सरकार हमें हमारी भक्ति से रोक रही है।