अरविंद केजरीवाल के परिवार से मिलेंगे राहुल गांधी!: फोन पर सुनीता केजरीवाली से की बात, ED केस में दे सकते हैं कानूनी मदद
Rahul Gandhi Support to Arvind Kejriwal: आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल की गिरफ्तारी को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है और तत्काल सुनवाई की मांग की है।;

Rahul Gandhi Support to Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तारी के बाद गुरुवार रात कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल के परिवार से फोन पर बात की। उन्होंने केजरीवाल की पत्नी सुनीता को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। आज शुक्रवार को राहुल परिवार से मिलने भी जा सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ईडी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी सहायता दे सकते हैं।
2 घंटे की पूछताछ के बाद केजरीवाल हुए गिरफ्तार
शराब नीति मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम गुरुवार शाम सात बजे केजरीवाल के आवास पर पहुंची। करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चला। इसके बाद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया। ईडी दफ्तर में अरविंद केजरीवाल का मेडिकल चेकअप किया गया। रात उन्होंने ईडी के लॉकअप में बिताई। घर से दवाएं और कंबल मंगवाया था।
INDIA ब्लॉक ने दिया समर्थन
केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप कार्यकर्ता और नेता उनके पीछे लामबंद हो गए। जबकि इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने भी आप नेता को अपना समर्थन दिया। वहीं, भाजपा नेताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को अपना समर्थन दिया और इस बात पर जोर दिया कि सच्चाई की जीत होनी चाहिए।
दो विपक्षी मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी और कांग्रेस पार्टी के एक बैंक खाते को जब्त करने की ओर इशारा करते हुए, दिल्ली की मंत्री और आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने गुरुवार को भाजपा से प्रवर्तन निदेशालय के पीछे राजनीति करना बंद करने को कहा।
डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 21, 2024
मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज़ करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है।
INDIA इसका…
आतिशी ने कहा- चुनावी मैदान में लड़े भाजपा
आतिशी मार्लेना ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने दो विपक्षी मुख्यमंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया है (झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केजरीवाल) और एक पार्टी के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया है। क्या इस तरह भाजपा चुनाव जीतना चाहती है। मैं बीजेपी से कहना चाहती हूं कि अगर आप लड़ना चाहते हैं तो आगे आएं और राजनीतिक क्षेत्र में चुनाव मैदान में लड़ें। ईडी के पीछे छिपकर राजनीति करना बंद करें, ईडी को अपने हथियार के रूप में इस्तेमाल करना बंद करें।
इससे पहले, आप नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल की गिरफ्तारी को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है और तत्काल सुनवाई की मांग की है।