Ratan Tata: महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को टाटा समूह के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा का नाम भारत रत्न पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करने का फैसला किया है। साथ ही एक दिन का शोक घोषित किया। यह जानकारी महाराष्ट्र के सीएमओ ने एक्स पर दी। इस दौरान सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और सरकार का कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

महाराष्ट्र कैबिनेट ने उद्योगपति रतन टाटा का नाम भारत रत्न पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करने का फैसला किया है। महाराष्ट्र कैबिनेट ने आज एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया।

एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा "मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणा की है कि दिग्गज उद्योगपति पद्म विभूषण रतन टाटा के सम्मान में आज (गुरुवार 10) राज्य में एक दिन का शोक मनाया जाएगा। रतन टाटा को श्रद्धांजलि के रूप में राजकीय अंतिम संस्कार किया जाएगा।"

पोस्ट में कहा गया कि इस दौरान राज्य के सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे और सरकार का कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी रतन टाटा का राजकीय समारोह में अंतिम संस्कार करने के निर्देश दिए हैं। 

टाटा ट्रस्ट ने लिखा भावुक पोस्ट
टाटा ट्रस्ट ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह हमेशा उनके दिलों और दिमाग में रहेंगे। ट्रस्ट ने लिखा कि बहुत दुख और भारी मन से हम आपको हमारे प्रिय चेयरमैन रतन एन टाटा के निधन की सूचना दे रहे हैं, जो हमारे समय के दिग्गज थे और जिनका 9 अक्टूबर 2024 को निधन हो गया। हालांकि हमें उनकी शारीरिक उपस्थिति की कमी खलेगी, लेकिन वह हमेशा हमारे दिलों और दिमाग में रहेंगे। हम उनकी और संस्थापकों की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए खुद को फिर से समर्पित करते हैं, जो भारत के सभ्यतागत मूल्यों में निहित है और सभी के कल्याण के लिए प्रयास करती है। 

एनसीपीए में रखा गया पार्थिव शरीर
इससे पहले, एकनाथ शिंदे ने बुधवार रात कहा कि उद्योगपति रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सीएम शिंदे ने कहा कि टाटा के पार्थिव शरीर को गुरुवार को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक एनसीपीए में रखा जाएगा, ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। 

देश के लिए बहुत बड़ी क्षति- उपमुख्यमंत्री देवेंद्र
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रतन टाटा का निधन "देश के लिए बहुत बड़ी क्षति" है। फडणवीस ने आगे कहा, "रतन टाटा न केवल एक बहुत सफल उद्योगपति थे, बल्कि देश और समाज के लिए जिस तरह से उन्होंने काम किया, उसके कारण वे एक बड़ी शख्सियत भी थे। उन्होंने न केवल सफल उद्योग स्थापित किए, बल्कि एक ट्रस्ट, एक ब्रांड स्थापित किया, जिसने हमारे देश को वैश्विक छवि दी। बहुत बड़े दिल वाले व्यक्ति का आज हमसे दूर चले जाना देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।"