Sanjay Nirupam Claim on Ashok Chavan resignation: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद एक बार फिर से कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व सांसद संजय निरुपम ने दावा किया चव्हाण के इस्तीफे के लिए बहुत हद तक पार्टी नेतृत्व जिम्मेदार है। चव्हाण महाराष्ट्र के एक पार्टी नेता के कार्य करने के तरीके से नाराज थे। पूर्व सीएम चव्हाण ने कई बार इसकी शिकायत पार्टी आलाकमान से भी की थी। हालांकि उनकी शिकायतों पर पार्टी  अलाकमान ने ध्यान नहीं दिया। अगर पार्टी ने उनकी शिकायतों पर गौर किया होता तो चव्हाण के इस्तीफे को टाला जा सकता था।

संजय निरूपम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया
संजय निरूपम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अशोक चव्हाण के इस्तीफे की वजह बताई। निरूपम ने लिखा कि कुछ लोग अशोक चव्हाण को पार्टी पर बोझ बता रहे हैं। कुछ का कहना है कि चव्हण ईडी के मामलों से घिरे हुए थे। यह सब जल्दबाजी में दी गई प्रतिक्रियाएं हैं। संजय निरूपम ने कहा कि कोई कुछ भी कहे लेकिन अशोक चव्हाण पार्टी के एक कुशल नेता थे। उनकी जमीनी पकड़ मजबूत थी। बीते साल जब नांदेड़ में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा थी, इसके प्रबंधन की सारी जिम्मेदारी अशोक चव्हाण ने ही निभाई थी। 

चव्हाण का जाना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान
संजय निरूपम ने कहा कि अशोक चव्हाण का जाना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान है। कोई भी इसकी भरपाई नहीं कर सकता। वह हमारी पार्टी के नेता थे और उन्हें पार्टी में रोके रखना भी हम सब का काम था।  बता दे कि इससे पहले सूत्रों के हवाले से खबर आई थी कि अशोक चव्हाण महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले से नाराज थे। चव्हाण ने कांग्रेस की ओर से लोकसभा चुनाव लड़ने के प्रस्ताव को भी मानने से इनकार कर दिया था।

अशोक चव्हाण ने इस्तीफ के बाद क्या कहा
इस्तीफे के बाद अशोक चव्हाण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसमे पूर्व सीएम ने  कहा कि मैने इस्तीफा दे दिया है। अगले दो दिन में तय करूंगा कि  मुझे आगे क्या करना है। मैं जीवन भर कांग्रेस के लिए काम करता रहा, लेकिन अब विकल्प तलाशनी पड़ रही है।  ऐसा कहा जा रहा है कि अशोक चव्हाण मंगलवार को भाजपा में शामिल होंगे। चव्हाण के साथ कांग्रेस के नेता अन्य नेता भी बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।