Tata Electronics Fire:तमिलनाडु के होसुर में स्थित **टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स** की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में शनिवार सुबह भीषण आग लग गई। आग सेलफोन मैन्युफैक्चरिंग सेक्शन में शुरू हुई, जिससे तुरंत कर्मचारियों को यूनिट से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। घटना के दौरान यूनिट में लगभग 1,500 कर्मचारी पहली शिफ्ट में काम कर रहे थे। प्रारंभिक रिपोर्टों में भारी संपत्ति नुकसान की खबर आई है, लेकिन अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है।

मोबाइल फोन एक्सेसरी पेंटिंग यूनिट से आग शुरू होने की आशंका 
स्थानीय मीडिया के अनुसार, आग की शुरुआत कंपनी के मोबाइल फोन एक्सेसरी पेंटिंग यूनिट से हुई। यह यूनिट उड्डानपल्ली के पास नागमंगलम में स्थित है। सुबह करीब 5:30 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। इससे कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों में हड़कंप मच गया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

तीन कर्मचारियों की तबीयत बिगड़ी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
आग लगने के बाद तीन कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ हुई। तीनों कर्मचारियों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इस दौरान स्थिति को काबू में लाने लिए 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। पुलिस की और फायर ब्रिगेड की मदद  से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित तरीके से यूनिट से बाहर निकाला गया। 

टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स ने आग लगने की पुष्टि की
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (TEPL) के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आपातकालीन प्रोटोकॉल का पालन किया गया है और सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और कंपनी अपने कर्मचारियों और शेयर होल्डर्स की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाएगी। कंपनी ने कहा है कि कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

सुरक्षा उपायों के बावजूद बड़ा नुकसान
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, आग से भारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड की कई टीमों ने काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया। हालांकि, फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और स्थानीय प्रशासन ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही मामले में स्थिति स्पष्ट होगी।

स्थिति नियंत्रण में, सभी कर्मचारी सुरक्षित
कर्मचारियों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने तत्परता दिखाई। अभी तक किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है। कंपनी ने अपने बयान में यह भी कहा कि सुरक्षा मानकों को मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।