Modi Cabinet : लोकसभा चुनाव में जीत के बाद नरेंद्र मोदी रविवार को शपथ ग्रहण करते हुए देश की राजनीति में नया अध्याय लिखेंगे। मोदी 3.0 में शपथ ग्रहण से पहले सांसदों के मंत्री पद को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं। भाजपा अपने सहयोगी दलों के सांसदों का भी कैबिनेट में बड़ा मौका दे सकती है। राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों के दिग्गज नेताओं पर जनता की नजरें भी केंद्रीय मंत्री पद को लेकर बनी हुई है। फिलहाल एनडीए के सभी नेता दिल्ली कूच कर रहे हैं।

सीपी जोशी, पीपी चौधरी और राव राजेन्द्र सिंह का नाम
राजनीतिक जानकारों के अनुसार एनडीए के तीसरे कार्यकाल में राजस्थान से नए चेहरों को मोदी कैबिनेट में जगह मिल सकती है। जिसमें सीपी जोशी के नाम की तेजी से चर्चा हो रही है। इसके साथ पीपी चौधरी और राव राजेन्द्र सिंह का नाम भी सामने आ रहा है। सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि भाजपा अगर अपनी रणनीति में फेरबदल करती है तो कुछ पुराने चेहरों को इस बार मंत्री पद का दायित्व सौंप सकती है।

ओम बिरला और दुष्यंत सिंह के नाम पर सियासी समीकरण बैठाए जा रहे हैं
राजस्थान में भाजपा ने इस बार के लोकसभा के चुनाव में 25 में से 14 सीटों पर ही जीत दर्ज की है। चर्चित चेहरों को लेकर देश की राजनीति में यह कयास लगाया जा रहा है कि मोदी कैबिनेट में उन्हें जगह दी जा सकती है। राजस्थान के समीकरण को लेकर भी भाजपा पूरी तरह से सक्रिय है। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दुष्यंत सिंह के नाम को लेकर भी प्रदेश की राजनीति में सियासी समीकरण बैठाए जा रहे हैं। मोदी कैबिनेट के नामों का लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि पार्टी के नेताओं द्वारा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि राजस्थान से भाजपा सांसदों के चेहरों को लेकर बड़ा निर्णय ले रही है।

नाम की घोषणा को लेकर लोग उत्सुक
राजस्थान में लोकसभा के नतीजों को लेकर भाजपा ने जो उम्मीद बनाई थी। वह पूरी तरह से सफल नहीं हो पाई। अब यहां की जनता मोदी कैबिनेट में किस नाम की घोषणा करती है इसको लेकर लोग उत्सुक हैं। कयास लगाया जा रहा है कि राजस्थान से भाजपा 3 सांसदों के नामों पर मंत्री पद के लिए मुहर लगा सकती है।