Abhijit Gangopadhyay Derogatory Remarks: कलकत्ता हाईकोर्ट के जज से नेता बने अभिजीत गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर विवादित बयान देकर फंस गए हैं। गंगोपाध्याय ने पूर्वी मिदनापुर के चैतन्यपुर में एक चुनावी रैली में कहा कि तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि रेखा पात्रा (संदेशखाली की भाजपा उम्मीदवार) को 2 हजार रुपए में खरीदा गया था। ममता बनर्जी जी, आपकी कीमत क्या है? 10 लाख रुपए? क्या इसलिए क्योंकि आप एक मशहूर ब्यूटिशियन से अपना मेकअप कराती हैं। क्या रेखा पात्रा को 2 हजार रुपए में खरीदा जा सकता है, क्योंकि वह घरों में काम करती हैं? एक महिला दूसरी महिला को इतना अपमानित कैसे कर सकती हैं? 

टीएमसी ने चुनाव आयोग से की शिकायत
तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में अभिजीत गंगोपाध्याय के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। गंगोपाध्याय पर आदर्श आचार संहिता और कानून के अन्य प्रावधानों का उल्लंघन करने भी आरोप लगाया गया है। 

बंगाल का किया अपमान
टीएमसी नेता शशि पांजा ने कहा कि कल (16 मई) भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर एक बहुत ही भद्दी टिप्पणी की है। हम इसकी निंदा करते हैं। अभिजीत गंगोपाध्याय पूर्व न्यायधीश हैं। बंगाल की संतान हैं, उनकी ऐसी भाषा को लेकर हम बंगाल के लोग ही अपमानित हैं। भाजपा नेतृत्व को लगता है कि जो व्यक्ति जितना गंदा बयान देता है, जितना किसी को अपमानित करता है वह उतना ही ऊपर जाता है, भाजपा का प्रमोशन इसी पर निर्भर करता है? भाजपा को इसपर जवाब देना होगा।

अभिजीत गंगोपाध्याय ने जो टिप्पणी की, उसे बंगाल की जनता ने देखा है और हमने चुनाव आयोग में यह शिकायत भी की है। यह 'मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट है या मोदी कोड ऑफ कंडक्ट'?, MCC में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के मुताबिक ऐसे बयान नहीं दिए जा सकते हैं, ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।