Today's Headlines, 15 January 2024: आज मकर संक्रांति है। सूर्य देव धनु राशि से निकलकर मकर राशि में प्रवेश कर गए। पूरे देश में ये पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रयागराज में संगम, अयोध्या में सरयू समेत अन्य प्रमुख नदियों में लोग सुबह से स्नान-दान कर रहे हैं। देश-दुनिया की खबरों को पढ़ने के लिए बने रहिए हरिभूमि के साथ...

आज की प्रमुख खबरें

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक लाख लाभार्थियों को आवास योजना की पहली किस्त जारी करेंगे। साथ ही लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी स्थापित करेंगे। 
  • मुंबई और अयोध्या के बीच डेली फ्लाइट का संचालन आज से शुरू होगा। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होगा। यहां 30 दिसंबर को पीएम मोदी ने महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। 
  • यूपी कांग्रेस के पदाधिकारी आज अयोध्या में राम मंदिर का दौरा करेंगे। 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत कई नेताओं ने निमंत्रण अस्वीकार कर दिया है। 

अन्य खबरें

कांग्रेस की न्याय यात्रा का आज दूसरा दिन
मणिपुर के इंफाल से रविवार को राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की है। इस यात्रा का सोमवार को दूसरा दिन है। यात्रा बस और पैदल की जा रही है। इसका समापन मुंबई में होगा। 

दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें लेट
शीतलहरी और कोहरे के कारण कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। रेलवे के अनुसार, 15 जनवरी को घने कोहरे के कारण देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली 18 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

दिल्ली-यूपी में कोहरे का प्रकोप
दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। यातायात पर भी असर पड़ रहा है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। सलाह दी है कि यात्रा करने से पहले एयरलाइन से संपर्क जरूर करें। 

तमिलनाडु: मदुरै के अवनियापुरम में जल्लीकट्टू प्रतियोगिता शुरू
तमिलनाडु के मदुरैया के अवनियापुरम में जलीकट्टू प्रतियोगिता शुरू हो गई है। यह 2000 साल पुराना परंपरागत खेल है। जो स्थानीय लोगों की संस्कृति से जुड़ा है। इसमें बैलों से इंसानों की लड़ाई कराई जाती है। 

मुंबई के कांदिवली में बिल्डिंग में लगी आग
महाराष्ट्र से बड़ी खबर है। यहां मुंबई के कांदिवली इलाके में एक इमारत की 23वीं मंजिल पर आग लग गई। मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं। आग बुझाने का काम जारी है। 

टीम इंडिया के ये खिलाड़ी भस्म आरती में हुए शामिल
टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के साथ हो रही सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। ये मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार की शाम खेला गया। सोमवार को मकर संक्रांति के मौके पर क्रिकेटर तिलक वर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा और रवि बिश्नोई उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती में शामिल हुए।

सीएम योगी ने गोरक्षनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मकर संक्रांति पर्व पर गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने कहा कि आज मकर संक्रांति का शुभ अवसर है। मैं सभी भक्तों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देता हूं। यह पूरे देश में अलग-अलग रूपों और नामों से मनाया जाता है।