Vaishno Devi route Landslide: माता वैष्णो देवी रूट पर सोमवार, 2 सितंबर को भूस्खलन में एक श्रद्धालु घायल हो गया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें देखा जा सकता है कि चंद मिनटों के अंदर ही पहाड़ भरभराकर गिर पड़ा। भूस्खलन में घायल श्रद्धालु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि पैदल रूट पर आगे बढ़ने से खास सावधानी बरतें। बताया जा रहा है कि हादसे में करीब तीन लोगों की मौत हो गई है। 

पैदल रूट बाधित, मलबा हटाने का काम शुरू
भूस्खलन के बाद माता वैष्णो देवी पैदल रूट बाधित हो गया है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रास्ता फिर से बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। फिलहाल एहतियात बरतते हुए इस रूट पर आवाजाही रोक दी गई है। रास्ते से मलबा हटाने के लिए मौके पर पोक्लेन मशीनें बुलाई गई हैं। डीएम समेत कई सीनियर ऑफिसर मौके पर मौजूद हैं और रास्ता दोबारा बहाल करने से जुड़े काम की निगरानी कर रहे हैं। 

वैष्णो देवी भवन से तीन किलोमीटर पहले हुआ हादसा
बता दें कि हादसा जम्मू कश्मीर के रियासी जिले स्थित पंची के पास हुआ। यह इलाका वैष्णो देवी भवन से करीब 3 किलोमीटर पहले हुआ। इस भूस्खलन में सड़क के ऊपर लगा एक लोहे का ढांचा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई श्रद्धालुओं के मलबे में फंसे होने की आशंका है। 

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने की हादसे की पुष्टि
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने पैदल मार्ग में भूस्खलन होने की पुष्टि की है। श्राइन बोर्ड की सीईओ ने X पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। श्राइन बोर्ड ने कहा कि माता वैष्णो देवी पैदल मार्ग पर पहाड़ से पत्थर टूट कर गिरने और भूस्खलन की घटना हुई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की मैनेजमेंट टीम मौके पर पहुंच गई है।