Vinesh Phogat on Brij Bhushan: रेसलर विनेश फोगाट और बृज भूषण शरण सिंह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बृज भूषण के लगातार हमलों का जवाब देते हुए विनेश ने उन्हें ‘गलत साबित करने’ की कसम खाई है। उन्होंने कहा, "उन्होंने कई बार कहा कि अगर कोई महिला उन पर आरोप लगाएगी तो वो फांसी पर लटक जाएंगे, लेकिन कई महिलाएं सामने आईं। उन्होंने मुझे धोखेबाज कहा, लेकिन मैंने हर बार उन्हें गलत साबित किया है और आगे भी करती रहूंगी।" ( wrong)

विनेश ने दिया बृज भूषण के आरोपों का जवाब
विनेश फोगाट ने बृज भूषण शरण सिंह के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा नियम बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बृज भूषण ने मुझ पर आरोप लगाया कि मैं राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला नहीं करना चाहती, जबकि मैंने राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला किया और ओलंपिक तक गई। मैं हमेशा अपने दम पर क्वालीफाई करती आई हूं और अब भी ऐसा ही करूंगी।

बृजभूषण सिंह ने विनेश फोगाट पर साधा था निशाना
विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने हाल ही में हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस जॉइन की है। यह कदम हरियाणा की राजनीति में बृज भूषण शरण सिंह के लिए चुनौती बन गया है। बृजभूषण सिंह ने विनेश फोगाट के कांग्रेस जॉइन करने पर निशाना साधा था। बृजभूषण सिंह ने कहा कि विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया कांग्रेस की साजिश का हिस्सा है। साथ ही यह भी कहा कि विनेश धोखाधड़ी से ओलंपिक क्वालिफाई किया था। भगवान ने इसी की उन्हीं सजा दी और वह ओलंपिक में डिसक्वालिफाई हो गईं। 

बजरंग पुनिया भी कांग्रेस में शामिल हुए
विनेश फोगाट के साथ बजरंग पुनिया भी राजनीति में कदम रख चुके हैं। कांग्रेस ने उन्हें ऑल इंडिया किसान कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। दोनों रेसलर कांग्रेस के साथ मिलकर हरियाणा में चुनावी अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। बजरंग और विनेश के चुनावी मैदान में उतरने से हरियाणा में बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती है। दोनों रेसलर्स बृजभूषण सिंह के खिलाफ आवाज बुलंद करने में हमेशा आगे रहे हैं। 

बृजभूषण के खिलाफ हुआ था विरोध प्रदर्शन
पिछले साल, विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। आरोप था कि बृज भूषण ने कई महिला रेसलर्स का यौन शोषणा किया। जिन महिला पहलवानों के साथ ज्यादती हुई, उनमें से कुछ नाबालिग थीं। बृज भूषण ने इन आरोपों से साफ तौर पर इनकार किया है। यह मामला फिलहाल कोर्ट में है।

जुलाना सीट से चुनाव लड़ेंगी विनेश फोगाट
कांग्रेस से जुड़ने के बाद, विनेश फोगाट को उम्मीद है कि वो हरियाणा की राजनीति में बदलाव ला सकती हैं। कांग्रेस ने उन्हें जुलाना सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया है। विनेश ने कांग्रेस जॉइन करने के बाद कहा कि मैं अपने राज्य के लिए काम करने के लिए तैयार हूं। मैं हरियाणा के लोगों की सेवा करना चाहती हैं। राजनीति में कदम रखने से पहले ही विनेश ने बृजभूषण शरण सिंह को चुनौती दी थी। अब विनेश फोगाट राजनीतिक मैदान में भी बृजभूषण शरण सिंह से दो-दो हाथ करेंगी।