Weather Updates: हिमालय के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और सर्द हवाओं से पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में भीषण ठंड और शीतलहर के हालात हैं। इन राज्यों में रविवार को कई शहरों में घना कोहरा छाया। दिल्ली के पालम में विजिबिलिटी शून्य हो गई। हरियाणा का हिसार देश में सबसे ठंडा शहर है। शनिवार रात को यहां पारा गिरकर 2.8 डिग्री पर आ गया। दूसरा सबसे ज्यादा ठंडा शहर मध्य प्रदेश का दतिया रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

कोहरे के कारण फ्लाइट-ट्रेनें लेट
राजधानी दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में धुंध के कारण दृश्यता घटकर महज 10 से 25 मीटर तक रह गई। न्यूनतम टेम्परेचर 4.0 डिग्री दर्ज हुआ। कोहरा और धुंध की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली 11 ट्रेन देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा है। इंदिरा गांधी एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कोहरे और धुंध को लेकर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी तक घना कोहरा रहने का अलर्ट जारी किया है।

21 जनवरी को दिल्ली आने-जाने वाली 11 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं।

21 से 24 जनवरी के बीच ठंड का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले हरियाणा, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्यप्रदेश, राजस्थान के कुछ इलाकों में 21 से 24 जनवरी के बीच सीवियर कोल्ड-डे यानी गंभीर ठंडे दिन का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में भी ठंड को लेकर ऑरेंज अलर्ट है। रविवार सुबह पंजाब, हरियाणा - चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम और मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6-10°C के बीच रिकॉर्ड हुआ।

देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल
हरियाणा: 
हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ स्थानों में 21-24 जनवरी के दौरान गंभीर शीतलहर चलने की संभावना है। शनिवार को हिसार 2.8 डिग्री सबसे ठंडा रहा। कोहरा और धुंध के बीच अंबाला में दृश्यता 25 मीटर, चंडीगढ़ और हिसार में 50 मीटर दर्ज की गई।  
मध्यप्रदेश: उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 और 21 जनवरी के बीच गंभीर ठंडा दिन रहने की संभावना है। शनिवार को दतिया 3.2 डिग्री सबसे ठंडा रहा। कोहरे के कारण दृश्यता भोपाल और सतना में 25 मीटर, ग्वालियर, रीवा, गुना और राजगढ़ में 50 मीटर रह गई।
पंजाब: प्रदेश के कुछ स्थानों पर 21-24 जनवरी के दौरान गंभीर शीतलहर चलने की संभावना है। शनिवार को पटियाला 5.0 डिग्री सबसे ठंडा रहा। यहां विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई।
राजस्थान: राजस्थान के कुछ इलाकों में 21 से 24 जनवरी के बीच सीवियर कोल्ड-डे यानी गंभीर ठंडे दिन का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को चुरु 4.0 डिग्री सबसे ठंडा रहा। पश्चिमी राजस्थान के चुरु और बीकानेर में विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई।
उत्तर प्रदेश: शनिवार को मेरठ 4.3 डिग्री सबसे ठंडा रहा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बरेली और झांसी में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 25 मीटर रह गई। जबकि प्रदेश के पूर्वी इलाके लखनऊ में यह 200 मीटर पर रही।
उत्तराखंड: उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 20 और 21 जनवरी, 2024 से ठंडा दिन से लेकर गंभीर ठंडा दिन रहने की संभावना है। राज्य के पंतनगर में 50 मीटर और राजधानी देहरादून में विजिबिलिटी 200 मीचर दर्ज की गई।