West Bengal Purulia three Sadhu Assault Case Updates: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में उत्तर प्रदेश के तीन साधुओं की बर्बरतापूर्वक पिटाई का मामला तूल पकड़ रहा है। भाजपा ने हमले का आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगाते हुए इस घटना की तुलना 2020 में महाराष्ट्र के पालघर लिंचिंग से की है। वहीं, टीएमसी ने भाजपा पर घटना को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, तीन साधुओं में से एक मधुर गोस्वामी ने हमले के इनसाइड स्टोरी बताई। 

मधुर गोस्वामी बोले- पिटाई से हुए बेहोश
मधुर गोस्वामी ने कहा, ' हम गंगासागर जा रहे थे। अचानक एक भीड़ ने हमारी गाड़ी को रोका। इसके बाद हमें गाड़ी से खींचकर बाहर निकाला और पिटाई करने लगे। भीड़ में करीब 200-300 लोग रहे होंगे। भीड़ ने हमें निर्वस्त्र कर दिया। भीड़ हमारी जान लेने पर अमादा थी। लात-घूंसे, लाठी-डंडे से इस कदर पीटा कि हम बेहोश हो गए।' मधुर कहते हैं कि जिन लोगों ने उन्हें पीटा, वे उन पर कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब हम अपने आश्रम लौट जाएंगे। 

लिंचिंग की कहानी...पीड़ितों की जुबानी

भाजपा सांसद ने की मुलाकात
भाजपा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो ने पीड़ित साधुओं से मुलाकात की है। उन्हें नए कपड़े दिए गए। महतो ने साधुओं के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। 

देखिए VIDEO...

एसपी बोले- भाषा के चलते हुई घटना
पुरुलिया के एसपी अविजीत बनर्जी ने घटना के कारणों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि तीन साधु एक वाहन में जा रहे थे। पुरुलिया जिले में गौरांगडीह के पास तीन लड़कियां पूजा के लिए काली मंदिर जा रही थीं। वहां साधुओं ने अपनी कार रोकी। साधुओं ने उनसे कुछ पूछा। चूंकि साधुओं की भाषा लड़कियों के समझ नहीं आई। इस कारण कुछ गलतफहमियां हुईं। लड़कियों को लगा कि साधु उनका पीछा कर रहे हैं। अपहरण करना चाहते हैं। 

लड़कियों के शोर मचाने पर भीड़ आ गई और साधुओं को दुर्गा मंदिर के पास ले गई। उनकी कार में तोड़फोड़ की। साधुओं के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने साधुओं को हर संभव सहायता प्रदान की है। एक साधु की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। 

देखिए VIDEO...

भाजपा नेताओं ने सरकार पर उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय समेत अन्य भाजपा नेताओं ने साधुओं की पिटाई का वीडियो शेयर करते हुए इसे पालघर की घटना से जोड़ा। यह भी कहा कि क्रिमिनल शाहजहां शेख को ममता की सरकार में संरक्षण मिलता है। वहीं साधुओं की पिटाई की जाती है। बंगाल में हिंदू होना अपराध है। 

बीजेपी का दावा- बंगाल में पालघर जैसी लिंचिंग

टीएमसी नेता ने भाजपा पर लगाया बदनाम करने का आरोप
टीएमसी नेता शशि पांजा ने भाजपा नेताओं पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 'बीजेपी हमेशा जवाबदेही से बचती रही है। स्थानीय लोगों ने तीन साधुओं की इसलिए पिटाई की क्योंकि उनका आरोप है कि साधु वहां से तीन लड़कियों का अपहरण कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने लड़कियों को बचाया। पुलिस साधुओं को थाने ले गई। जांच चल रही है। शशि ने आरोप लगाया कि भाजपा पुरुलिया की घटना के बहाने सरकार को बदनाम कर रही है।

यह भी पढ़ें: पुरुलिया में भीड़ ने जटा खींची, निर्वस्त्र किया, लाठी-डंडे से जमकर पीटा