(रुचि राजपूत)

Basant Panchami 2024 Upay : हिन्दू धर्म में माता सरस्वती को विद्या, बुद्धि, ज्ञान, संगीत और कला की देवी माना गया है। प्रत्येक वर्ष माघ के महीने की शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को बसंत पंचमी का पर्व मनाया जाता है। यह दिन माता सरस्वती की पूजा के लिए समर्पित है। धार्मिक पुराणों के अनुसार इसी दिन माता सरस्वती परमपिता ब्रह्मा के मुख से प्रकट हुई थीं। बसंत पंचमी के दिन कुछ ऐसे उपाय हैं जिनको बच्चों से करवाया जाए तो शिक्षा के क्षेत्र में वे सफलता प्राप्त करते हैं, साथ ही बच्चों के बौद्धिक विकास में भी प्रगति होती है। तो चलिए जानते है हरदा के रहने वाले पंडित एवं ज्योतिषी धर्मेंद्र दुबे से बसंत पंचमी के दिन बच्चों से कौन से उपाय करवाए जा सकते हैं। 

1. बसंत पंचमी पर कराएं बच्चों से पूजा
विद्यार्थी वर्ग को बसंत पंचमी के दिन माता सरस्वती की पूजा आवश्यक रूप से करनी चाहिए। यदि बच्चे छोटे हों तो उनके अभिभावकों को बच्चों से माता सरस्वती की पूजा करवानी चाहिए। इस दिन बच्चों से माता सरस्वती को पीले फल, पीली रंग के फूल, केसर आदि अर्पित करने चाहिए। माता सरस्वती को भोग के रूप में मीठे पीले चावलों का उपयोग करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से भी माता सरस्वती प्रसन्न होती हैं, और बच्चों को मानसिक विकास का आशीर्वाद देती हैं।

2. बसंत पंचमी पर करें इस मंत्र का जाप
छात्र वर्ग को बसंत पंचमी के दिन पूजा में माता सरस्वती को सफेद चंदन अर्पित करना चाहिए। इसके अलावा माता सरस्वती के मंत्र ‘ॐ ऐं सरस्वत्यै ऐं नमः’ का 108 बार जप करना शुभ होता है। माना जाता है ऐसा करने से पढ़ाई में आ रही बाधाएं दूर होती हैं, और तरक़्क़ी के रास्ते खुलते हैं।

3. बसंत पंचमी पर करें ये भी उपाय
बसंत पंचमी का दिन माता सरस्वती को प्रसन्न करने के लिए बेहद शुभ होता है। इस दिन माता सरस्वती की कृपा पाने के लिए बच्चों के हाथों से जरूरतमंद लोगों को किताबें और पैन का दान करवाना चाहिए। ऐसा करने से बच्चों का वाणी दोष भी दूर होता है, साथ ही उनकी इस स्मरण शक्ति में वृद्धि होती हैं। बसंत पंचमी के दिन यदि किताबें और पेन माता सरस्वती को अर्पित की जाए, तो बच्चों का मन अध्यात्म की ओर बढ़ता है।