धर्म संस्कृति: किस दिन पड़ रही फाल्गुन मास की पूर्णिमा, जानें इस दिन क्या करना है शुभ

(रुचि राजपूत)
Falgun Maas Ki Purnima 2024 : सनातन धर्म में फाल्गुन माह की पूर्णिमा तिथि को बेहद शुभ माना जाता है धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का पूजन करना चाहिए, ऐसा करने से माता लक्ष्मी और भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में उन्नति आती है, इस साल फाल्गुन मास की पूर्णिमा 25 मार्च 2024 को पड़ रही है। हिन्दू मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर कुछ ऐसे कार्य हैं जिन्हें सकने से घर में बरकत आती है और सुख शांति प्राप्त होती है, तो चलिए जानते हैं प्रसिद्ध ज्योतिषी पंडित धर्मेंद्र दुबे से फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि पर हमें क्या करना चाहिए।
फाल्गुन पूर्णिमा, 2024 का मुहूर्त
हिन्दू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि 24 मार्च 2024, रविवार के दिन प्रातः सुबह 09 बजकर 54 मिनट से ही शुरू हो जाएगी, और इसका समापन अगले दिन 25 मार्च 2024, सोमवार के दिन दोपहर 12 बजकर 29 मिनट पर होगा। फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि का उपवास 25 मार्च को रखा जाएगा।
फाल्गुन पूर्णिमा पर करें ये काम
फाल्गुन मास की पूर्णिमा तिथि के दिन प्रदोष काल में माता लक्ष्मी की पूजा करने से उनकी कृपा प्राप्त होती है। पूजा समाप्ति के बाद माता लक्ष्मी को सफ़ेद रंग की चीज़ें जैसे बताशे, मखाने की खीर, मावे की मिठाई का भोग लगाएं। इस दिन आप ज़रूरतमंद लोगों को आवश्यकता के अनुसार दान दे सकते हैं। साथ ही गरीबों को भोजन भी कराएं। ऐसा करने से ही माता लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और धन ऐश्वर्य में वृद्धि होती है।
फाल्गुन पूर्णिमा पर करें शुक्र ग्रह की पूजा
शुक्रग्रह को कुंडली में मज़बूत करने के लिए पूर्णिमा के दिन को सबसे अच्छा माना जाता है। फाल्गुन माह की पूर्णिमा बेहद शुभ होती है, इसलिए इस दिन शुक्र ग्रह की पूजा करनी चाहिए। इस दिन सफ़ेद रंग की वस्तुओं दूध, चावल, सफ़ेद वस्त्र, इत्र, श्रृंगार की सामग्री आदि का दान करना बेहद शुभ होता है। इसके साथ आप शुक्र के वैदिक मंत्रों का जाप कर सकते हैं। जो लोग इस दिन ऐसा करते हैं, उन्हें भौतिक सुखों की प्राप्ति होती है।
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS