Hartalika Teej 2024: (आकांक्षा तिवारी) विवाहित महिलाएं अखंड सौभाग्य और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए कई व्रत रखती है, इन्हे में एक है हरतालिका तीज। हिंदू धर्म में भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर हरतालिका तीज व्रत की परंपरा है। यह व्रत शादीशुदा महिलाएं अपने पति की अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए करती हैं। इसके अलावा कुंवारी लड़कियां भी मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए यह व्रत रखती हैं। 

हिंदू पंचांग के अनुसार इस बार हरतालिका तीज शुक्रवार 06 सितंबर को है। वहीं इस बार तीज पर पति को दीर्घायु प्रदान करने वाले शुभ योग विद्यमान रहेंगे। साथ ही इस दिन रवि, शुक्ल और चित्रा नक्षत्र बन रहा है। धर्मशास्त्र के जानकारों के अनुसार इन योग विशेष की साक्षी में भगवान शिव और माता पार्वती का पूजन मनोवांछित फल प्रदान करने वाला माना गया है।

शुभ मुहूर्त
हरतालिका तिथि का आरंभ गुरुवार 05 सितम्बर 2024 की दोपहर 12 बजकर 21 मिनट पर होगा। जबकि इसका समापन शुक्रवार यानी 06 सितम्बर 2024 की दोपहर 03 बजकर 01 मिनट पर होगा। ऐसे में इस व्रत को 06 सितम्बर 2024 को रखा जाएगा। हरतालिका तीज का पूजा का मुहूर्त सुबह 06 बजकर 02 मिनट से 08 बजकर 33 मिनट तक है।

पूजा विधि

  • हरतालिका तीज के दिन सुबह स्नान करने के बाद व्रत का संकल्प लें। 
  • इसके बाद मिट्टी से भगवान शिव, माता पार्वती और भगवान गणेश की मूर्ति बनाएं। 
  • फिर सबसे पहले भगवान गणेश की पूजा करें। 
  • उन्हें तिलक लगाएं और दूर्वा अर्पित करें। 
  • अंत में भगवान शिव को बेलपत्र और माता पार्वती को श्रृंगार का सामान अर्पित करें।