(रुचि राजपूत)

Happy Holi 2024 : होली का त्योहार हिंदू धर्म के मुख्य त्योहारों में से एक है। इस दिन सारे गिले-शिकवे भुलाकर एक दूसरे को गले लगाया जाता है। इस बार होली का पर्व 25 मार्च 2024 को मनाया जा रहा है। इससे एक दिन पहले होलिका दहन किया जाता है। इस दिन किए जाने वाले कुछ उपाय आपके जीवन में खुशियां भर सकते हैं और आपकी परेशानियों को दूर कर सकते हैं। कौनसे हैं वे उपाय आइए जानते हैं प्रसिद्ध ज्योतिषी पंडित धर्मेंद्र दुबे से।

-होलिका की भस्म लगाएं माथे पर
होलिका दहन के बाद प्राप्त हुई भस्म को बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि होलिका की भस्म को माथे पर लगाने से अच्छे परिणाम मिलते हैं। साथ ही शारीरिक कष्ट और शरीर में मौजूद नकारात्मक शक्तियां भी दूर होती हैं।

-लगाएं सरसों का उबटन
हिंदू धार्मिक ग्रंथों के अनुसार अगर होलिका दहन की रात घर के सभी सदस्य सरसों का उबटन बनाकर पूरे शरीर पर लगाएं और इससे मालिश करें। इसके बाद जो मेल निकले उसे होलिका की आग में डाल दें। ऐसा करने से घर के किसी सदस्य पर यदि कोई जादू टोने का असर हो तो वह समाप्त हो जाता है।

-ताबीज में भस्म डालकर पहनें
अगर किसी व्यक्ति पर नकारात्मकता का प्रभाव है, तो उस व्यक्ति को एक ताबीज़ में होलिका की भस्म डालकर पहनाने से उसके ऊपर बुरी शक्तियों का साया और टोने-टोटके का असर समाप्त हो सकता है।