(रुचि राजपूज)

Right Direction for Mirror : सभी लोग अपने जीवन में सुख और समृद्धि पाना चाहते हैं, और इसके लिए वे कड़ी मेहनत और प्रयास भी करते हैं। जीवन में समृद्धि पाने के लिए तनाव से बचना सबसे ज्यादा जरूरी है। घर में सौभाग्य लाने के लिए वास्तु शास्त्र में कुछ उपाय बताए गए हैं। इन्हीं उपायों में से एक है घर में लगे आईने का सही प्लेसमेंट। वास्तु शास्त्र मानता है कि यदि आपके घर में आईना सही जगह पर लगा हुआ है तो यह आपके जीवन में खुशहाली ला सकता है। यदि आप भी अपने घर में किसी स्थान पर आईना लगाते हैं। तो इसे लगाने के वास्तु नियमों के बारे में जान लेना आपके लिए बेहद जरूरी है। तो चलिए आज हम जानते हैं हरदा के रहने वाले पंडित एवं ज्योतिषी धर्मेंद्र दुबे से कि आप अपने घर के किस स्थान पर आईना लगा सकते हैं।

किस दिशा में लगाएं आईना
यदि आप अपने घर में किसी भी तरह का शीशा, आईना या कांच का शोपीस लगाने जा रहे हैं, तो इसे अपने घर की उत्तरी या पूर्वी दीवारों पर लगाना उचित होगा। यह दिशा आईना लगाने के लिए सबसे शुभ दिशा मानी गईं हैं। वास्तु शास्त्र के अनुसार इस दिशा में आईना लगाने से घर में रह रहे लोगों की आर्थिक स्थिति अच्छी होती है। इसके अलावा आईने को कभी भी घर की दक्षिणी या पश्चिमी दीवारों पर नहीं लगाना चाहिए, यदि घर में आईना गलत जगह पर लगा हुआ हो, तो यह नुकसान पहुंचा सकता है।

किन जगहों पर लगाएं आईना
घर में सुख और सौभाग्य की वृद्धि के लिए कुछ विशेष स्थानों पर आईना लगाया जा सकता है। जैसे आप अपने घर के ड्रेसिंग रूम, डाइनिंग एरिया या डाइनिंग टेबल के ठीक सामने आईना लगा सकते हैं। आईने को इस तरह से लगाया जाना चाहिए कि खाना खाते वक्त घर के लोगों का प्रतिबिंब उसमें दिखाई दे। ऐसा होने से सभी लोगों के बीच में सौहार्द्र बढ़ता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार ऐसा करने से परिवार के सदस्यों के बीच प्यार और भरोसे में बढ़ोत्तरी होती है। वास्तु शास्त्र के अनुसार रसोई के अंदर कभी भी आइना नहीं लगाना चाहिए। घर के बेडरूम में भी शीशा लगाने की मनाही है। यदि बेडरूम में शीशा लगा रहे हैं तो इसे ऐसे स्थान पर नहीं लगाया जाना चाहिए जहां से सोते समय आपका प्रतिबिम्ब इस पर नजर आए।

धन लाभ के लिए इस जगह पर रखें आइना
यदि व्यर्थ कारणों से आपका धन व्यय हो रहा है या खर्चों में बढ़ोत्तरी हो रही है। तो अपने धन स्थान के अंदर आप आईना रख सकते हैं। ऐसा करने से धन में वृद्धि होती है और आप कर्ज जैसी स्थिति से बच सकते हैं। तिजोरी के अंदर आइना लगाते समय ध्यान देना चाहिए कि इसमें किसी प्रकार की छवि न दिखाई दें। यदि आपकी खिड़की के बाहर बेहद खूबसूरत नजारा दिखता है, तो आप खिड़की के सामने एक आइना लगा सकते है। यह घर में सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करता है। जिससे कि घर की नकारात्मक ऊर्जा नष्ट होती है।

नियमित रूप से करें साफ सफाई 
वास्तु शास्त्र के अनुसार आप घर में जिस भी जगह पर शीशा लगा रहे हैं। यह सुनिश्चित करें कि यह दर्पण बिलकुल साफ और बेदाग होना चाहिए। बहुत सी महिलाओं की आदत होती है कि अपनी बिंदी निकालकर आईने में लगा देती हैं, लेकिन ऐसा करना वास्तु शास्त्र के अनुसार अच्छा नहीं माना जाता। ऐसा करने से दुर्भाग्य आकर्षित होता है। अपने घर में लगे दर्पण को सदैव इतना साफ रखना चाहिए कि उसमें आप का प्रतिबिंब साफ साफ दिखाई दे।