(रुचि राजपूत)

Somwar Ke Upay : हिन्दू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित हैं। सोमवार के दिन भगवान शिव और माता पार्वती का व्रत रखकर विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती है। शिव पुराण के अनुसार भगवान शिव की सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से सभी मनोरथ सिद्ध होते हैं, साथ ही सुख और सौभाग्य में वृद्धि होती है। ज्योतिष शास्त्र में भी सोमवार के कुछ उपाय बताए गए हैं। माना जाता है कि इन उपायों को विधान के साथ किया जाए, तो क़िस्मत बदल सकती है। तो चलिए जानते हैं प्रसिद्ध ज्योतिषी धर्मेंद्र दुबे से सोमवार के दिन पूजा के समय कौन से उपाय करने चाहिए।

सोमवार के दिन करें ये उपाय 

-यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में अशुभ ग्रहों का प्रभाव है। तो सोमवार के दिन प्रातः काल स्नान आदि से निवृत्त होने के बाद विधि विधान से भगवान शिव की पूजा अर्चना करें। पूजा के दौरान गंगाजल में काला तिल मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। ऐसा करने से जीवन में व्याप्त दुख दूर होंगे और अशुभ ग्रहों का प्रभाव कम हो जाएगा।

-मानसिक तनाव से मुक्ति पाने के लिए सोमवार के दिन विधिवत रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा अर्चना करनी चाहिए। पूजा के दौरान कच्चे दूध से भगवान शिव का अभिषेक करें। ऐसा करने से कुंडली में चंद्रमा की स्थिति मज़बूत होती है, और मन प्रसन्न रहता है, साथ ही मानसिक तनाव से भी मुक्ति मिलती है।

-यदि कुंडली में शुक्र ग्रह की स्थिति कमज़ोर है। तो सोमवार और शुक्रवार के दिन भगवान शिव की पूजा करें। पूजा के दौरान गंगाजल में शहद और इत्र  मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। ऐसा करने से कुंडली में शुक्र ग्रह की स्थिति मज़बूत होती है।

-शनिदेव की कृपा पाने के लिए सोमवार के दिन गंगाजल में शमी के पत्ते मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक करें। ऐसा करने से शनिदेव की कृपा प्राप्त होती है, साथ ही आर्थिक तंगी से छुटकारा मिलता है।