YEAR 2024 ka Ank Rashifal: साल 2024 के अंकों (2+0+2+4) को जोड़कर के देखें, तो इसका जोड़ अंक 8 बनता है। अंकशास्त्र में इसके स्वामी शनि हैं और यह साल शनि का है। इसके अलावा 8 अंक के मित्र अंक 6,9 और 5 हैं। इस तरह देखें तो नया साल 8 नंबर के साथ-साथ इसके मित्र नंबरों को ज्यादा फायदा हो सकता है। 3,4  और 7 के लिए वर्ष मिश्रित फलदायी रहेगा। नंबर 1 के लिए यह साल उठा-पटक वाला साल साबित हो सकता है। यहां जानिए ज्योतिषाचार्य डॉ. करिश्मा कौशिक से 1 से 9 मूलांक का साल 2024 का वार्षिक अंक राशिफल। 

मूलांक 1 (MULANK 1)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 1,10,19,28 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 1.
आपके लिए यह साल बहुत कुछ लेकर आया है, मगर यह साल आपके लिए मिला-जुला रहेगा। आपके कार्य में भी दिक्कत हो सकती है, इस समय पर आपको अधिक से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। कार्यक्षेत्र में आप जो अपेक्षाएं लेकर कार्य करेंगे, हो सकता है उसमें असफल रहें, मगर निराश ना हो, जैसे-जैसे साल आगे बढ़ेगा, वैसे-वैसे आपको सफलता भी मिल जाएगी। आपको अपने रिश्तों में अचानक से बदलाव दिखाई देगा। कोई व्यक्ति आपके जीवन में इस वर्ष आ सकता है, जो आपके परिवार में या आपके जीवन पर एक परिवार के सदस्य जैसी अहम भूमिका निभाएगा। यह साल आप लोगों के लिए किसी व्यक्ति को लेकर मनमुटाव भी लेकर आ सकता है, कोशिश करेंगे हर एक बात अपनी स्पष्ट तरह से सभी को बताने का या बात करने का प्रयास करें। नहीं तो इस साल आपके मनमुटाव हो सकते हैं। आपको इस साल खास तौर से स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता है। जिन लोगों को नेत्र से संबंधित हड्डी से संबंधित या रक्त से संबंधित कोई भी परेशानी है, उन लोगों को इस साल अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता है। अगस्त के बाद समय स्वास्थ्य को लेकर ठीक रहेगा। धन की स्थिति आप लोगों की अच्छी रहेगी। धन का खर्चा इस साल बहुत अधिक होगा, हो सकता है, आप किसी पर भी बिना सोचे समझे धन खर्च करें, मगर ऐसा करने से पहले आपको थोड़ा बच करके चलना है, क्योंकि अगर आपने अधिक धन खर्च किया, तो आप अधिक धन कमाने में असमर्थ हो सकते हैं, इसीलिए कोशिश करें कि धन का खर्चा कम ही करके चलें। यह साल आपके लिए मिला-जुला रहेगा, परंतु जैसे-जैसे साल का अंत होगा यानी कि अक्टूबर 2024 के बाद यह साल आपके लिए बेहतर रहेगा।
लकी नंबर: 2,7,5     शुभ रंग: लाल

मूलांक 2 (MULANK 2)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 2,11,20,29 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 2.
यह साल आप लोगों के लिए काफी हद तक शुभ साबित होगा, क्योंकि इस साल के आंकड़ों में अगर हम देखे तो, आपका अंक दो बार दोहराया जा रहा है जिसके कारण आपके कार्यों में सफलता प्राप्त अवश्य होगी। आप यदि नौकरी कर रहे हैं, तो आपका ट्रांसफर हो सकता है। इस वर्ष वहीं पर अगर आप बहुत लंबे समय से नौकरी में परिवर्तन या कुछ अच्छे बदलाव के लिए सोच रहे थे, तो वह बदलाव भी इस साल आएंगे, यानी कि आपकी नौकरी बदल सकती है। अगर आप फॉरेन जाने के लिए बहुत लंबे समय से सोच रहे थे, तो यह भी संभव है, कि आप फॉरेन में सेटल हो सकते हैं, या फॉरेन किसी काम के लिए ट्रिप लगा सकते हैं। रिश्तो में इस साल सुधार आएगा। अगर किसी भी तरह से आपके रिश्ते खराब हो रहे थे, तो अब यह रिश्ते बेहतर होंगे और अब आपकी सारी परेशानियां हल हो जाएगी, परंतु इस वर्ष आपको अपनी मां के स्वास्थ्य का ध्यान अधिक रखने की आवश्यकता है। खास तौर से अगर उनको ब्लड प्रेशर की समस्या है या हृदय से संबंधित रोग हैं, तो उनका खास तौर से ध्यान रखकर चलें। स्वास्थ्य आप लोगों का काफी हद तक अच्छा रहेगा, मगर जिन लोगों को कफ की समस्या रहती है, उन लोगों के लिए यह साल थोड़ा स्वास्थ्य को लेकर कष्टकारी हो सकता है। अगर आपको पहले से ही कफ से संबंधित कोई भी परेशानी आ रही है, तो आप अपना इलाज तुरंत कराएं। धन की स्थिति बहुत अच्छी होगी आप लोगों का कोई बड़ा काम हो सकता है, जिस वजह से आपको धन लाभ भारी मात्रा में वर्ष 2024 में होगा।
लकी नंबर: 1, 7,5     शुभ रंग: सफेद

मूलांक 3 (MULANK 3)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 3,12,21,30 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 3.
यह साल आप लोगों के लिए काफी हद तक अच्छा रहेगा। पिछले साल में भी आपके जीवन में कुछ बदलाव आए थे, वैसे ही इस वर्ष भी आपके जीवन में बदलाव दिखेंगे। जो लोग व्यापार कर रहे हैं, उन लोगों के व्यापार में बढ़ोतरी होगी। कुछ साइड बिजनेस भी अपना शुरू कर सकते हैं। घर परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा, अगर आपके घर में आपका कोई बहन भाई या कोई ऐसा व्यक्ति जो विवाह योग्य हो, चाहे वह आप ही क्यों ना हो तो इस वर्ष आपके घर में शहनाई बज सकती है। इस वर्ष आपके घर में किसी का विवाह या आपका विवाह होने की संभावना है। इस साल आपके घर परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। स्वास्थ्य आप लोगों का अच्छा रहेगा। किसी भी तरह से स्वास्थ्य को लेकर के चिंतित ना रहे। साल के अंतिम दो महीने यानी कि नवंबर और दिसंबर के समय पर आप अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख कर चलें, धन की स्थिति अच्छी रहेगी। साल के पहले 6 महीने धन की प्राप्ति होगी, परंतु अगले 6 महीना में धन अधिक खर्च होगा, इसीलिए धन खर्च पर थोड़ा नियंत्रण करें।
लकी नंबर: 6,9     शुभ रंग: पीला

मूलांक 4  (MULANK 4)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 4,13,22,31 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 4.
यह साल आप लोगों के लिए एक यादगार साल हो सकता है। साल के शुरुआती महीना में कोई खुशखबरी मिल सकती है। अगर आप व्यापार में हैं, तो आपको धन लाभ होगा। कोई नया कारोबार भी आप शुरू कर सकते हैं। जो लोग नौकरी कर रहे हैं, उन लोगों के लिए भी खुशखबरी है। अगर नौकरी में परिवर्तन चाह रहे थे, तो परिवर्तन होने की संभावना है। आप लोग नौकरी के साथ अगर छोटा-मोटा कोई कारोबार करना चाहते हैं, तो वह भी इस साल शुरुआत होने की संभावना है। परिवार में खुशियों का माहौल बना रहेगा। भाई के साथ कोई कार्य आप मिलकर कर सकते हैं। आपके परिवार से आपका भाई आपका बिजनेस पार्टनर भी बन सकता है। विवाहित जीवन में मधुरता आएगी। जो लोग संतान प्राप्ति की इच्छा कर रहे हैं, उन लोगों के लिए यह साल बहुत अच्छा रहेगा। आप लोगों को संतान की प्राप्ति होगी। माता-पिता के साथ यह साल समय बिताने का रहेगा। जो लोग बाहर रहते हैं और अपने माता-पिता से काफी लंबे समय से मिल नहीं पाए हैं, उनके लिए यह साल काफी हद तक अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की आपको परेशानी नहीं आएगी। आप कहीं पर भी यदि यात्रा करते हैं, तो आप चोंट लगने का ध्यान जरूर रखें। इस समय पर खाने-पीने का भी ध्यान रखें, नहीं तो आप मोटापे के शिकार हो सकते हैं। धन की स्थिति आप लोगों की अच्छी रहेगी और कहीं से आपको धन भी आ सकता है। साल की शुरुआती 3 महीना में आपको धन से संबंधित लाभ पहुंचेगा। जिस वजह से आपकी जितनी भी धन से संबंधित परेशानियां थी, वह समाप्त हो जाएगी।
लकी नंबर: 5, 2      शुभ रंग: ग्रे

मूलांक 5 (MULANK 5)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 5,14,23 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 5.
यह साल आप लोगों के लिए काफी हद तक अच्छा रहेगा। अगर आपके करियर की बात करें, तो इस साल आपके करियर में बढ़ोतरी होगी। कुछ नया कार्य भी आप शुरू कर सकते हैं। आपको किसी के साथ मिलकर कोई बिजनेस करना है, तो इसके लिए भी यह साल अच्छा रहेगा। रिलेशनशिप की बात करें, तो इस साल कुछ नए संबंध बन सकते हैं। कोई नया व्यक्ति आपके जीवन में दस्तक दे सकता है। यह दोस्ती हो या फिर प्रेम संबंध मगर यह व्यक्ति आपके जीवन में लंबे समय तक रहेगा। जिसकी वजह से आपके जीवन में एक खुशी का माहौल बना रहेगा। स्वास्थ्य आप लोगों का अच्छा रहेगा। मगर आप लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी आवश्यकता है। आपको दिमाग से संबंधित कोई भी परेशानी रहती है या आप जल्दी से डिप्रैशन एंजायटी में आ जाते हैं। इसके अलावा आर्थिक स्थिति बेहद अच्छी रहेगी। इस साल आर्थिक स्थिति में बदलाव जरूर आएंगे। आपको बहुत ही सूझबूझ से धन खर्च करना है।
लकी नंबर: 1, 4, 7      शुभ रंग: हरा

मूलांक 6 (MULANK 6)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 6,15,24 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 6.
आपके लिए यह वर्ष काफी हद तक अच्छा रहेगा। यदि आप नौकरी कर रहे थे, तो पद उन्नति होने की संभावना है, यानी की प्रमोशन आपको मिल सकती है। जो लोग फैशन या मीडिया के क्षेत्र से जुड़े हैं। उन लोगों के लिए यह साल बेहद ही खास रहेगा। आपके जीवन में कोई बड़ा मोड़ आ सकता है। जो लोग व्यापार कर रहे हैं, उन लोगों के कुछ नए कार्य भी होने की संभावना है। आप लोगों के घर परिवार या प्रेम संबंध की बात करें तो, यह साल आप लोगों के लिए मिला-जुला रहेगा, क्योंकि छोटी-मोटी बात पर विवाद चलते रहेंगे। अगर आप अविवाहित हैं, तो यह साल आपके लिए बहुत अच्छा हो सकता है, क्योंकि इस साल आपका विवाह होने की संभावना है। जिन लोगों को आंखों से जुड़ी हुई परेशानी है, या जोड़ों में दर्द रहता है। उन लोगों को इस साल अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की आवश्यकता है। घर में कोई अगर वृध्द बुजुर्ग हो तो उनका भी स्वास्थ्य इस साल ध्यान रख कर चलें। आप लोगों को उनकी सेहत को लेकर के परेशानी उठानी पड़ सकती है। धन की स्थिति की अगर बात करें तो इस साल आपके घर में धन वर्षा होगी। इस साल धन को लेकर के आपका साल बहुत अच्छा रहने वाला है।
लकी नंबर: 3,9     शुभ रंग: दुधिया सफेद

मूलांक 7 (MULANK 7)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 7,16,25 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 7.
मूलांक 7 वालों के लिए करियर को लेकर यह साल सफलता देकर जाएगा। जो लोग अभी तक अपनी नौकरी से संतुष्ट नहीं थे, उनको अपनी मनपसंद नौकरी मिल सकती है। जो लोग पहले से ही अपनी नौकरी में है और प्रमोशन की इच्छा कर रहे हैं, उनके लिए यह साल बेहद ही अच्छा रहेगा और कहीं ना कहीं प्रमोशन होने की संभावना भी है। यह साल संबंधों को लेकर के काफी हद तक अच्छा रहेगा। आप लोगों से किसी बात को लेकर के कोई गलती हो सकती है, जिस वजह से आपके अपने आप से नाराज हो सकते हैं, कोशिश करें की दूरियां ना बनने दे और अगर कोई भी बात होती है, तो उसको तुरंत ही सुलझा डालें। वहीं पर आर्थिक स्थिति को लेकर यह साल बहुत अच्छा रहेगा। भारी मात्रा में धन खर्च होने की संभावना रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर आप लोगों को इस साल थोड़ा ध्यान रख कर चलना है। स्वास्थ्य में कहीं ना कहीं आपका मोटापा इस साल बढ़ेगा, जिस वजह से आपको कष्ट आएगा। खाने-पीने में कोलेस्ट्रॉल होने की संभावना हो सकती है, इसलिए अपने खाने-पीने का ध्यान जरूर रखें। व्यायाम जरूर करें।
लकी नंबर: 1,2,9      शुभ रंग: क्रीम

मूलांक 8 (MULANK 8)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 8,17,26 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 8.
यह साल आप लोगों के लिए बेहद सारी खुशियां लेकर आएगा। जिस साल का आप काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वह यही साल है। आपको इस साल नौकरी में प्रशंसा प्राप्त होगी। अगर आप कोई कार्य कर रहे थे, तो उसमें भी आपको तरक्की प्राप्त होने की संभावना है। जो लोग राजनीति में हैं, उन लोगों के लिए भी यह साल बहुत अच्छा रहेगा और जो लोग न्याय के कार्य से जुड़े हुए हैं यानी कि लॉ सेक्टर से जुड़े हुए हैं उन लोगों के लिए भी यह साल बहुत अच्छा रहेगा। अगर आपका किसी भी तरह से कोई मुकदमा चल रहा था, तो इस साल सफलता मिलने की संभावना है। आपके घर परिवार में पैतृक संपत्ति का मुकदमा या कोई आपका ऐसा कुछ कार्य चल रहा था, तो वह भी होने की संभावना है। वहीं पर यह साल आपके परिवार को लेकर बेहद ही अच्छा जाने वाला है। इस साल हंसी खुशी का माहौल बना रहेगा। जो लोग संतान प्राप्ति चाहते हैं, उन लोगों की संतान प्राप्ति होगी और जो लोग अपनी संतान को कुछ बनता हुआ देखना चाहते हैं। वह भी अपने सपने पूरे होते हुए देखेंगे, यानी कि आपकी संतान भी इस साल कुछ नया कार्य कर सकती है। आप लोगों को अपने स्वास्थ्य का थोड़ा ध्यान रखने की आवश्यकता है। छोटी-मोटी चीजों पर आप बेकार में ही मानसिक तनाव लेंगे, इसलिए इस साल कोशिश करें, कि व्यायाम जरूर करें। भाग दौड़ जरूर करें और साथ ही इस साल आप अपने पैरों का और जोड़ों का जरूर ध्यान रखकर चलें। मेहनत करने की आवश्यकता है। इस साल धन की स्थिति बेहद ही अच्छी रहेगी। धन को लेकर कोई लापरवाही ना करें, यदि आप किसी भी तरह से किसी को धन उधार देना चाहते हैं तो उस चीज से बचें।
लकी नंबर: 3, 5,9     शुभ रंग: काला

मूलांक 9 (MULANK 9)
जिन जातकों ने किसी भी महीने की 9,18,27 तारीख को जन्म लिया है उनका मूलांक बनता है 9.
आप लोगों के लिए यह साल काफी हद तक मिला-जुला रहेगा। यह साल आपके लिए बहुत कुछ लेकर आ रहा है। करियर की बात करें, तो करियर में आपको सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे। कार्यक्षेत्र में आपको मेहनत करने की आवश्यकता है। जितनी आप मेहनत करेंगे, उतना ही आपको अच्छा फल मिलेगा। यदि आप व्यापार कर रहे हैं, तो उसमें भी आपको तरक्की मिल सकती है। आप अपना नया खुद का व्यापार भी शुरू कर सकते हैं। परिवार को लेकर यह समय बहुत अच्छा रहेगा। यदि आप किसी भी तरह से अपने जीवनसाथी से अलग हो रहे थे, या अलग होने की स्थिति आ गई थी, तो इन सब चीजों से आप अब बच सकेंगे और अपने जीवनसाथी के साथ प्रेम सहित एक छत के नीचे रह पाएंगे। यह साल आपके माता-पिता के लिए थोड़ा कष्टकारी हो सकता है। आपको अपने माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखने की आवश्यकता है। धन से संबंधित इस साल सारी परेशानियां हाल हो जाएगी। यदि बहुत लंबे समय से आप सेविंग्स करने की सोच रहे थे, तो अब आप सेविंग्स भी कर सकते हैं। यह साल आपकी बड़ी सेविंग लेकर आ रहा है। जिस वजह से आपकी सारी चिंताएं समाप्त होगी और आप के मन में खुशियां आएंगी। इस साल अगर कोई घर से संबंधित आपका कार्य चल रहा था, तो वह भी हल हो सकता है। अगर आप नया घर बनवाने की या लेने की सोच रहे थे, तो आपका यह कार्य भी सफल हो जाएगा और साथ ही आपके घर में कोई आ सकता है। इस साल आपको अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख कर चलने की आवश्यकता है। आपका वजन इस साल बढ़ सकता है, हालांकि आप ऊर्जावान रहेंगे। आप इस समय मीठा खाने से बचें और अपने स्वास्थ्य का समय पर चेकअप कराते रहें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी ना हो। यह साल आपका मंगलमय रहेगा।
लकी नंबर: 3, 6     शुभ रंग: सिंदूरी

इसी के साथ हमारी यही मनोकामना है, कि आने वाला साल आपका बेहद ही खास रहे, यही हमारी मनोकामना है। आप सभी को नव वर्ष की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।