Women's T20 World cup: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले पाकिस्तान मुश्किल में, कप्तान पर टूटा दुखों का पहाड़, फातिमा सना घर लौटेंगी

Women's T20 World cup: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बीच पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर आई है। कप्तान फातिमा सना पर दुखों का पहाड़ टूटा है। वो अचानक घऱ लौट रही हैं। उनके स्थान पर मुनीबा अली कप्तानी करेंगी।

Updated On 2024-10-10 15:04:00 IST
Fatima Sana father death

ICC Women's T20 World cup: पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2024 के बीच ही मुश्किल में पड़ गई है। टीम की कप्तान फातिमा समा के पिता का इंतकाल हो गया है। इसी वजह से वो टी20 विश्व कप बीच में छोड़कर कराची लौटेंगी। पीसीबी ने इसकी जानकारी दी। उनके शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दुबई में होने वाले मैच में नहीं उतरने की बात सामने आई है। फातिमा की गैरहाजिरी में मुनीबा अली कप्तानी करेंगी। 

सना की गैरहाजिरी पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका होगी, जिसे महिला टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने के लिए बाकी बचे दो मैच में से कम से कम एक हर हाल में जीतने की जरूरत है। पाकिस्तान ने अबतक खेले दो मैच में से एक जीता और 1 गंवाया है और पॉइंट्स टेबल में टीम तीसरे स्थान पर हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद, पाकिस्तान सोमवार को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ लीग स्टेज का अपना आखिरी मैच खेलेगा। 22 साल की उम्र में महिला टी20 विश्व कप 2024 की सबसे कम उम्र की कप्तान सना अब तक पाकिस्तान के अभियान का केंद्र रही हैं। एशिया कप चैंपियन श्रीलंका के खिलाफ पहले मैच में सना ने 30 रन बनाने के साथ ही 2 अहम विकेट भी लिए थे। 

भारत के खिलाफ़, पिछले मैच में भी सना ने छोटे लक्ष्य का बचाव करते हुए अच्छी गेंदबाजी की थी और जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष को लगातार दो गेंद पर आउट कर भारतीय खेमे में खलबली मचा दी थी और ये पक्का किया था कि पाकिस्तान के नेट रन रेट पर बहुत ज़्यादा असर न पड़े। निदा डार की जगह कप्तान बनने के बाद से, सना ने पाकिस्तान की मानसिकता में बदलाव लाने की कोशिश की है, जिसमें टीम का ध्यान डेटा के साथ-साथ ज़्यादा मज़बूत बल्लेबाज़ी दृष्टिकोण पर केंद्रित है।

Similar News