चेन्नई. भारत और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट में रविचंद्रन अश्विन ने इतिहास रच दिया। अश्विन ने भारत को मुश्किल सिचुएशन से उबारा और सेंचुरी जड़ दी। उन्होंने रवींद्र जडेजा के साथ 195 रन की नॉटआउट पार्टनरशिप कर ली है। इस दौरान उन्होंने धोनी के महारिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली। 

क्या है धोनी का रिकॉर्ड 
भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने अपने 90 टेस्ट के करियर में 6 शतक लगाए थे। अश्विन ने अपने 101वें टेस्ट में धोनी के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों के नाम अब एक बराबर 6-6 शतक हो गए। बता दें कि अश्विन ने धोनी की कप्तानी में ही डेब्यू किया था। 

धोनी को पीछे भी छोड़ने का मौका 
38 साल के अश्विन के पास धोनी को पीछे छोड़ने का मौका भी है। अश्विन अगर करियर में एक और शतक लगाते हैं तो धोनी से ज्यादा टेस्ट शतक बना लेंगे। धोनी जब टेस्ट खेलते थे, तब भी अश्विन उनसे नीचे ही बैटिंग करते थे। 

खास बात
इस रिकॉर्ड में एक खास बात यह भी है कि अश्विन के 6 में से 4 शतक भारत में और 2 शतक विदेश में आए। जबकि धोनी अपने टेस्ट करियर का एक भी शतक विदेश में नहीं लगा सके। धोनी ने 90 टेस्ट में 38.09 की औसत से 4879 रन बनाए। अश्विन 3411 रन बना चुके हैं। इसके साथ उनके नाम 516 विकेट भी हैं।