India-Maldives row: पर्यटन को लेकर भारत और मालदीव के बीच चल रहे विवाद में अब पाकिस्तान भी कूद आया है। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने लक्षद्वीप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म पर अपना सपोर्ट जाहिर किया है। हालांकि समर्थन में उन्होंने सिर्फ एक शब्द 'लक्षद्वीप' लिखा। उनका यह एक शब्द हजार शब्दों के बराबर साबित हुआ है। सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट खूब वायरल हो रही है। 

फायर इमोजी के साथ लिखा लक्षद्वीप
पाकिस्तानी पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने अपने आधिकारिक हैंडल पर फायर इमोजी के साथ लक्षद्वीप लिखा। जिस पर तमाम रिएक्शन भी आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि दानिश भाई अब कब आ रहे हो? वहीं, मनोज कुमार नाम के यूजर ने लिखा कि मालदीव एक चाइनीज कॉलोनी है। जबकि लक्षद्वीप टूरिज्म का नया डेस्टिनेशन है। 

India-Maldives row

सचिन भी उतरे सपोर्ट में
इससे पहले भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले में अपना 50वां बर्थडे मनाया और भारतीय समुद्र तटों को बढ़ावा देने के लिए अपना समर्थन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सिंधुदुर्ग में अपना 50वां जन्मदिन मनाए हुए 250 दिन हो गए हैं। तटीय शहर ने वह सब कुछ प्रदान किया जो हम चाहते थे, और भी बहुत कुछ। अद्भुत आतिथ्य के साथ भव्य स्थानों ने हमें यादों का खजाना छोड़ दिया। भारत को सुंदर समुद्र तटों और प्राचीन द्वीपों का आशीर्वाद प्राप्त है। हमारे अतिथि देवो भव दर्शन के अनुसार, हमारे पास खोजने के लिए बहुत कुछ है। बहुत सारी यादें बनने की प्रतीक्षा कर रही हैं। 

क्यों शुरू हुआ विवाद?
दरअसल, हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लक्षद्वीप के दौरे पर थे। उन्होंने समुद्र तटों का दौरा किया। फोटो खिंचाई। फोटो सामने आने के बाद चर्चा शुरू हो गई कि मालदीव या अन्य देशों में जाने से बजाय लक्षद्वीप क्यों न जाएं? वहां समुद्र तट बेहद खूबसूरत हैं। यह बात मालदीव के मंत्रियों को नागवार गुजरी। तीन मंत्रियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत के खिलाफ अपमानजक टिप्पणी की। इसके बाद तमाम लोगों ने अपने टिकट कैंसल कर दिए। बायकॉट मालदीव सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। 

सोशल मीडिया पर उठे तूफान के बाद मालदीव सरकार ने विवादित बयान देने वाले तीन मंत्रियों को सस्पेंड कर दिया। यह भी बयान दिया कि मंत्रियों के बयानों से वे इत्तेफाक नहीं रखते हैं।