IND vs SA: अपने 'घर' पहुंची टीम इंडिया, जीत से खत्म करना चाहेगी साल, सूर्यकुमार यादव ने पिछली बार यहीं किया था कमाल

India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथा और निर्णायक टी20 शुक्रवार रात जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा। भारत इस मुकाबले को जीतकर सीरीज मुठ्ठी में करना चाहेगा। ये इस साल भारत का आखिरी टी20 होगा।

Updated On 2024-11-15 11:47:00 IST
India vs South africa 4th T20I

India vs South Africa 4th T20I: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 4 टी20 की सीरीज का चौथा और निर्णायक मुकाबला आज(शुक्रवार) को खेला जाएगा। भारत के पास इस मुकाबले को जीतकर सीरीज कब्जा करने का मौका है। वहीं, साउथ अफ्रीका वापसी के लिए एड़ी चोटी की ताकत लगाएगा। भारत के लिए ये तरह से घर वापसी है। भारत ने अपना पहली टी20 विश्व कप 2007 में इसी मैदान पर जीता था। पिछली बार जब सूर्यकुमार यादव यहां खेलने उतरे थे तो 56 गेंद में शतक कूट डाला था। ऐसे में भारत यहां साल का अंत जीत से करना चाहेगा। 

ये टीम इंडिया का 2024 का आखिरी टी20 होगा। इसके बाद भारत को कोई टी20 मुकाबला नहीं खेलना है। ऐसे में सूर्यकुमार यादव की अगुआई में टीम इंडिया की नजर जीत पर होगी। इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड काफी अच्छा है। भारत ने अबतक जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान पर 6 टी20 खेले हैं और इसमें से 4 में जीत हासिल की जबकि 2 में उसे हार का मुंह देखना पड़ा। पिछली बार भारत ने यहां 2023 में दक्षिण अफ्रीका को बुरी तरह हराया था। तब भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन ठोके थे और जवाब में मेजबान टीम 13.5 ओवर में 95 रन पर ढेर हो गई थी। कुलदीप यादव ने पंजा खोला था। 

कैसा रह सकता पिच का मिजाज? (IND vs SA 4th T20I Pitch report)
जोहानिसबर्ग का वांडरर्स मैदान हमेशा से ही हाई स्कोरिंग वेन्यू रहा है। यहां टॉस की बहुत अहमियत नहीं होती। अबतक यहां खेले गए 26 टी20 में से 13 में पहले बल्लेबाजी और इतने ही मुकाबले में रन चेज करने वाली टीम जीती है। यहां 14 बार 200 प्लस स्कोर बने हैं। हालांकि, भारत और साउथ अफ्रीका के बीच चौथे टी20 में बारिश जरूर खलल डाल सकती है। यहां टॉस से आधा घंटे पहले बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, उसके बाद मौसम खुल सकता है। यानी क्रिकेट प्रेमियों को पूरे 40 ओवर का रोमांच देखने को मिलेगा। 

भारत और साउथ अफ्रीका हेड टू हेड (IND vs SA Head to head T20 Record)
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अबतक 30 टी20 खेले गए हैं। इसमें से भारत ने 17 और दक्षिण अफ्रीका ने 12 मुकाबले जीते हैं। एक मैच बेनतीजा रहा है। भारत ने दक्षिण अफ्रीका में सिर्फ एक बार ही 3 मैच की टी20 सीरीज जीती है। 2018 में भारत ने साउथ अफ्रीका को उसके घर में 2-1 से रौंदा था। अब सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम के पास दक्षिण अफ्रीका में दूसरी बार 3 मैच की सीरीज जीतने का मौका है। 

भारत की संभावित प्लेइंग 11 (India's Probable Playing XI):1 संजू सैमसन (विकेटकीपर), 2 अभिषेक शर्मा, 3 तिलक वर्मा, 4 सूर्यकुमार यादव (कप्तान), 5 हार्दिक पंड्या, 6 रिंकू सिंह, 7 रमनदीप सिंह, 8 अक्षर पटेल, 9 अर्शदीप सिंह, 10 रवि बिश्नोई, 11 वरुण चक्रवर्ती।

दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग-11 (South Africa Probable Playing XI): 1 रयान रिकेलटन, 2 रीज़ा हेंड्रिक्स, 3 एडेन मार्कराम (कप्तान), 4 ट्रिस्टन स्टब्स, 5 हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), 6 डेविड मिलर, 7 मार्को जानसन, 8 गेराल्ड कोएट्ज़ी/नकाबायोमज़ी पीटर, 9 एंडिले सिमलेन, 10 केशव महाराज, 11 लूथो सिपाम्ला।

Similar News